छत्तीसगढ़: महासमुंद में NH-53 पर हादसा, ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार; दो महिलाओं की मौत और तीन घायल
महासमुंद में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक कार के ट्रक से टकराने के कारण ...और पढ़ें
-1792736946096_m.webp)
क्षतिग्रस्त कार की तस्वीर।
HighLights
राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर महासमुंद में भीषण हादसा।
कार-ट्रक टक्कर में दो महिलाओं की मौत, तीन घायल।
संबलपुर से लौट रही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई।
डिजिटल डेस्क, महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर महासमुंद में बावनकेरा चौक के पास शुक्रवार को भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई है वहीं तीन लोग घायल हो गए हैं। हादसा कार के ट्रक में टकराने की वजह से हुआ।
संबलपुर से लौट रही कार की दुर्घटना 16 चक्के ट्रक में पीछे से टकराने की वजह से हुई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए वहां पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
16 चक्के वाले ट्रक से टकराई कार
कार में पांच लोग यात्रा कर रहे थे। ये सभी संबलपुर से लौट रहे थे। बावनकेरा के पास कार के चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इस वजह से कार अपने से आगे चल रहे 16 चक्के वाले ट्रक से टकरा गई। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में भर्ती कराया गया है। यहां पर प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
मृतकों और घायलों की पहचान में जुटी पुलिस
शुरुआती जानकारी जो मिल रही है उसके हिसाब से कार सवार लोग संभवतः राजनांदगांव के निवासी हैं। हालांकि उनके नाम व पते की जानकारी सामने नहीं आ पाई है।
पुलिस फरार ट्रक चालक के बारे में जुटा रही जानकारी
सूचना मिलते ही पटेवा पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई। घटनास्थल पर पहुंच कर हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना की वजह और फरार ट्रक चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है।
