जशपुर: प्लेन क्रैश की अफवाह से मची अफरा-तफरी, विमान दुर्घटना का नहीं मिला कोई सबूत
जशपुर में एक एयर एंबुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल पर खोजबीन की लेकिन विमान दुर्घटना का कोई सबूत नहीं मिला।

जशपुर में प्लेन क्रैश की अफवाह

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जशपुर में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक एयर एंबुलेंस के जंगल में दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर इंटरनेट मिडिया में तेजी से प्रसारित हुई। इन खबरों में दावा किया गया था कि छत्तीसगढ़ और झारखंड की अंर्तराज्यी सीमा पर स्थित नारायणपुर चैकी क्षेत्र के चारभाठी के जंगल में यह दुर्घटना हुई है।
सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ लाल उम्मेद सिंह दल-बल सहित चारभाठी गांव पहुंचे। यहां स्थानीय लोगों के साथ मिल कर सर्च आपरेशन चलाया। लगभग तीन घंटे तक चारभाठी के जंगल को पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने खंगाला लेकिन कही कथित रूप से दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान का मलबा नहीं मिला।
प्लेन क्रैश का नहीं मिला सबूत
बताया जा रहा है कि इंटरनेट मिडिया में कम उंचाई में उड़ रहे एक विमान का फोटो और चारभाठी के जंगल में उठ रहे धुएं की फोटो को व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित किया। इससे इस विमान दुर्घटना की अफवाह फैल गई।
जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि अभी तक विमान क्रैश होने का कोई एवीडेंस नहीं मिला है। हमने झारखंड और ओडिसा एटीएस से भी संपर्क में हैं। वन विभाग की टीम मौके पर सर्च आपरेशन में जुटी हुई है।
