यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chhattisgarh News: मतांतरण का प्रयास, बवाल के बाद चार गिरफ्तार
Chhattisgarh News छत्तीसगढ़ में बलरामपुर के राजपुर ग्राम पहाड़खड़ुआ में मतांतरण के आरोप से बवाल मच गया। यहां एक ग्रामीण के घर पर बंद कमरे में 26 लोगों को प्रार्थना कराई जा रही थी। इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को मिली तो आक्रोश फैल गया।

राजपुर, जेएनएन। Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में बलरामपुर जिले के राजपुर से लगे ग्राम पहाड़खड़ुआ में मतांतरण (Conversion) के आरोप से बवाल मच गया। यहां एक ग्रामीण के घर पर बंद कमरे में 26 लोगों को प्रार्थना कराई जा रही थी। इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को मिली तो आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों के साथ भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
प्रलोभन देकर मतांतरण का आरोप
पहले तो मकान मालिक दरवाजा खोलने से ही इन्कार करता रहा, फिर कहने लगा हम अपनी मर्जी से यहां जुटे हैं। बाद में पुलिस व तहसीलदार पहुंचे तब उसने बयान बदला। बुधवार को पुलिस ने प्रलोभन देकर मतांतरण कराने के आरोप में ग्राम पहाड़खड़ूआ के अनिल कुजूर, शंकरगढ़ सरगवां के शिसन बसिल तिग्गा, लोधी के धरमलाल तिर्की और सरिमा के जीवित लाल तिग्गा को गिरफ्तार कर लिया है।
भाजपा व हिंदू एकता मंच ने किया विरोध
इससे नाराज ईसाई समुदाय के लोग वीरवार को राजपुर थाने के सामने जुट गए। भाजपा व हिंदू एकता मंच के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए और विवाद की स्थिति बन गई। एसडीओपी रितेश चौधरी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया तो हिंदू समाज के लोग जाने लगे, परंतु तभी यह सूचना फैल गई कि जिस व्यक्ति के घर प्रार्थना कराई जा रही थी उसे दूसरे समुदाय के लोगों ने अपने कब्जे में रखा है और उस पर बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा है। यह भी सूचना मिली कि महामाया मंदिर परिसर में गंदगी की जा रही है। इससे तनाव बढ़ गया। हिंदू एकता मंच के लोग मंदिर पहुंचे तो दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई।
चक्का जाम किया
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया, परंतु ईसाई समुदाय के लोग फिर थाने के सामने पहुंचे और दबाव बनाने लगे। भाजपा व हिंदू एकता मंच के लोग भी वहां आ गए। हिंसा की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सबको वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद हिंदू एकता मंच व भाजपा कार्यकर्ताओं ने महामाया मंदिर परिसर को गंदा कर हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाकर राजपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने गिरफ्त में लिए गए चारों व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया, तब उन्होंने चक्का जाम समाप्त किया।