बस्तर फाइटर्स भर्ती: 5800 युवाओं को मिलेगा रोजगार, छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला
वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर फाइटर्स भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने के राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत किया।

बस्तर फाइटर भर्ती योजना में 5,800 युवाओं को मिलेगा रोजगार (AI जेनरेटेड फोटो)
HighLights
बस्तर फाइटर्स भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता का निर्णय।
वन मंत्री केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री साय का आभार व्यक्त किया।
यह निर्णय 5,800 युवाओं को रोजगार देगा, विकास को गति।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर फाइटर्स भर्ती नियमों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दिए जाने के राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।
केदार कश्यप ने कहा कि यह निर्णय बस्तर के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, क्षेत्र की सुरक्षा और समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इससे बस्तर संभाग के लगभग 5,800 स्थानीय युवाओं के लिए सरकारी सेवा में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
स्थानीय युवाओं को दी जा रही प्राथमिकता
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रभावी मार्गदर्शन में बस्तर आज विकास, विश्वास और अवसरों के नए युग की ओर बढ़ रहा है।
केंद्र सरकार की स्पष्ट नीति और निरंतर प्रयासों से बस्तर में विकास कार्यों को नई गति मिली है तथा युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और बेहतर भविष्य के अनेक द्वार खुले हैं।
वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जनहितकारी और दूरदर्शी निर्णय ले रही है।
बस्तर फाइटर्स भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने का निर्णय इसी संवेदनशील और विकासोन्मुखी सोच का परिणाम है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय बस्तर के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा।
केदार कश्यप ने कहा कि स्थानीय युवा अपनी भाषा, संस्कृति, भौगोलिक परिस्थितियों और सामाजिक परिवेश से भली-भांति परिचित हैं। उनकी सहभागिता से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी, प्रशासन एवं आमजन के बीच विश्वास मजबूत होगा तथा विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।
वन मंत्री ने कहा कि यह निर्णय केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर, सुरक्षित और विकसित बस्तर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साय सरकार का यह निर्णय बस्तर के युवाओं के विश्वास को मजबूत करेगा और क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।