Bilaspur: शादी की चौथी सालगिरह की रात महिला ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखा- बेटी से कहना मां बहुत अच्छी थी
बिलासपुर के मोपका के स्वर्णिम नगर में सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर की बहू ने अपनी शादी की चौथी सालगिरह की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। सांकेतिक तस्वीर।
बिलासपुर, जेएनएन। बिलासपुर के मोपका के स्वर्णिम नगर में सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर की बहू ने अपनी शादी की चौथी सालगिरह की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। इधर, मायके और ससुराल वालों का बयान दर्ज कर पति, ससुर समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
मृतक महिला के पति हैं बैंक मैनेजर
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में रहने वाले शिक्षक राजकुमार जांगड़े ने अपनी बेटी युक्तिरानी की शादी चार साल पहले तिफरा यदुनंदननगर में रहने वाले रविकांत महिलांगे से की थी। रविकांत जयरामनगर स्थित केनरा बैंक में मैनेजर हैं। रविकांत बीते दिनों प्रशिक्षण के लिए भोपाल गए थे। ट्रेनिंग के बाद सोमवार की दोपहर वे घर लौटे। वह शाम को अपनी 15 महीने की बेटी को टीका लगवाने ले गए थे। वह घर लौटने पर बेटी के साथ खेल रहे थे। बेटी के सो जाने पर रात 10 बजे वह रसोई की ओर गए। वहां पर अपनी पत्नी को नहीं देखकर वे दूसरे कमरे में गए। कमरे का दरवाजा बंद था। आवाज देने पर अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इस पर उन्होंने खिड़की से अंदर देखा। कमरे में उनकी पत्नी युक्तिरानी का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था।
महिला के भाइयों ने कर दी पिटाई
घटना की सूचना पर मायके वाले भी देर रात ही मोपका पहुंच गए। देर रात पहुंचे युक्ति के भाइयों ने रविकांत की पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने रविकांत के पिता रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर जीआर महिलांगे, रविकांत और उसकी बहन को हिरासत में ले लिया। मायके वालों के बयान में सामने आया कि पति और ससुराल वाले युक्तिरानी को प्रताड़ित करते थे। इस आधार पर पुलिस जुर्म दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी है।
सुसाइड नोट में लिखा- बेटी से कहना मां बहुत अच्छी थी
महिला ने सुसाइड नोट में अपनी दीदी को संबोधित करते हुए 15 महीने की बेटी का ध्यान रखने कहा है। इसके साथ ही उसने अपनी मां-पिता और भाईयों को अच्छे से रहने कहा है। उसने सबको खुश रहने की दुआ करने की बात भी लिखी है। साथ ही अपनी बेटी को यह भी बताने के लिए कहा है कि उसकी मां बहुत अच्छी थी। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है।