सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Stock market outlook today: बाजार में आज लौटेगी रौनक? GIFT Nifty दे रहा तेजी के संकेत; आज इन शेयरों पर रखें नजर

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:23 AM (IST)

भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को GIFT Nifty से तेजी के संकेत मिल रहे हैं, जो सोमवार की बड़ी गिरावट के बाद रिकवरी की उम्मीद जगा रहा है।

आज कैसा रहेगा शेयर बाजार का हाल?

आज कैसा रहेगा शेयर बाजार का हाल?

HighLights

  1. GIFT Nifty से भारतीय शेयर बाजार में आज तेजी के संकेत।

  2. सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट दर्ज हुई।

  3. अमेरिकी टेक शेयरों में बिकवाली से वैश्विक बाजार में चिंता।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को अच्छी शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं। सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी में चार महीने से ज्यादा समय की सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। हालांकि, अब GIFT Nifty में मजबूती से बाजार में रिकवरी की उम्मीद बढ़ी है। दूसरी तरफ अमेरिकी टेक शेयरों में बिकवाली और एशियाई बाजारों में गिरावट निवेशकों की चिंता बढ़ा रही है। ऐसे में आज बाजार की चाल पर ग्लोबल संकेतों का असर देखने को मिल सकता है।

GIFT Nifty से बाजार को मिल रहे तेजी के संकेत

बुधवार सुबह GIFT Nifty करीब 25,765 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। यह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद से करीब 260 अंक के प्रीमियम पर था। इससे घरेलू शेयर बाजार के गैप-अप ओपनिंग के साथ खुलने की उम्मीद है। हालांकि, बाजार में तेजी कितनी देर टिकती है, यह अहम होगा। अमेरिकी टेक शेयरों में कमजोरी और एशियाई बाजारों में बिकवाली के कारण निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत है। बाजार में ऊपरी स्तरों पर फिर से मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है।

सोमवार को सेंसेक्स 1,484 अंक टूटा

पिछले कारोबारी सत्र में घरेलू शेयर बाजार में जबरदस्त बिकवाली देखने को मिली थी। BSE सेंसेक्स 1,483.72 अंक यानी 1.77% टूटकर 82,435.99 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,523 अंक तक लुढ़क गया था। वहीं, NSE निफ्टी 50 में 450.95 अंक यानी 1.75% की गिरावट आई और यह 25,349.65 के स्तर पर बंद हुआ। 8 जुलाई के बाद निफ्टी की यह सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट रही।

अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला कारोबार

मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। डाउ जोन्स लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ। इसमें करीब 425 अंकों की तेजी आई और यह 50,000 के स्तर के ऊपर पहुंच गया। हालांकि, टेक शेयरों में बिकवाली के चलते नैस्डैक पर दबाव रहा। नैस्डैक कंपोजिट करीब 1.5% गिरकर बंद हुआ। वहीं, S&P 500 में 0.5% की गिरावट दर्ज की गई।

आज किन शेयरों पर रहेगी नजर?

अदाणी एंटरप्राइजेज: कंपनी की सहायक इकाई अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने 360 वन अल्टरनेट्स एसेट मैनेजमेंट के साथ 2,790 करोड़ रुपये यानी करीब 300 मिलियन डॉलर की इक्विटी फंडिंग जुटाने का समझौता किया है।

टाटा स्टील और APL अपोलो: टाटा स्टील ने ब्लॉक डील के जरिए APL अपोलो ट्यूब्स के 2.77 करोड़ शेयर करीब 5,825 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। यह सौदा 2,100 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ। इस डील के बाद APL अपोलो का शेयर सोमवार को 21% से ज्यादा टूट गया था।

लेंसकार्ट: कंपनी में विदेशी निवेशकों ने ब्लॉक डील के जरिए करीब 920.58 करोड़ रुपये के 1.27 करोड़ शेयर बेचे हैं। ये सौदे 725 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुए। गोल्डमैन सैक्स और सोसाइटी जनरल ने इन शेयरों का बड़ा हिस्सा खरीदा है।

हुंडई मोटर इंडिया: कंपनी ने अपनी चुनिंदा कारों के मॉडल और वेरिएंट की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। नई कीमतें 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगी। कीमतों में अधिकतम 8,000 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी।

जुपिटर वैगन्स: कंपनी ने दक्षिण कोरिया की वूजिन इंडस्ट्रियल सिस्टम्स के साथ संयुक्त उद्यम किया है। इसमें जुपिटर वैगन्स की 80% हिस्सेदारी होगी। इस साझेदारी से कंपनी मेट्रो कोच और प्रोपल्शन सिस्टम के कारोबार में उतरेगी।

फिजिक्सवाला: कंपनी पंजाब के पटियाला में डिजिटल यूनिवर्सिटी स्थापित करने जा रही है। इसके जरिए अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट और करियर आधारित ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके अलावा एलेम्बिक फार्मास्यूटिकल्स को यूएसएफडीए से दवा की मंजूरी मिली है। ABB इंडिया ने 2.65 अरब डॉलर के एंटरप्राइज वैल्यू पर एक कंपनी के अधिग्रहण का समझौता किया है। वहीं, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज में प्रबंधन स्तर पर नियुक्तियों का ऐलान हुआ है।

 यह भी पढ़ें: EPFO 3.0: दिसंबर में शुरू होगी नई सुविधा? अब UPI से निकलेगा PF का पैसा; 75% नहीं 90% तक मिलेगी रकम?

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।