RBL Bank Share Price: ₹482 करोड़ का बंपर मुनाफा, फिर भी गिर गए आरबीएल बैंक के शेयर; समझें क्यों?
आरबीएल बैंक के शेयर Q2 में 170% मुनाफे के बावजूद 6% से अधिक गिर गए। ब्रोकरेज हाउस ने नतीजों के बाद स्टॉक पर मिली-जुली राय दी है।

आरबीएल बैंक के शेयरों में गिरावट गहराई।
HighLights
Q2 में 170% मुनाफा बढ़ने पर भी RBL बैंक के शेयर गिरे।
प्रोविजनिंग में बढ़ोतरी के कारण निवेशकों की चिंता बढ़ीष
ब्रोकरेज हाउस ने RBL बैंक शेयर पर मिली-जुली राय दी।
नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में Q2 अर्निंग (Q2 Earnings) के चलते शेयरों में एक्शन देखने को मिल रहा है। 13 अक्टूबर को आरबीएल बैंक (RBL Bank Share) के शेयरों में 6 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आ गई। शेयरों में यह मंदी बैंक द्वारा पेश किए गए दूसरी तिमाही के नतीजों के बाद आई है। हैरानी की बात है कि बैंक ने Q2 में अपने स्टैंडअलोन मुनाफ़े में सालाना आधार पर 170% की बढ़ोतरी दर्ज की और यह ₹482 करोड़ हो गया। इसके बावजूद निवेशकों को यह नंबर पसंद नहीं आए।
आरबीएल बैंक के शेयर सुबह गिरावट के साथ 400 रुपये पर खुले और शुरुआती कारोबार में 388 रुपये का निचला स्तर छू लिया। खास बात है कि इस प्राइवेट बैंक शेयर में पिछले कई दिनों से लगातार तेजी देखने को मिली है। शेयर में तेजी का सिलसिला दिसंबर 2024 से जारी है।
कैसे रहे Q2 रिजल्ट?
- RBL बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 37.4% बढ़कर ₹2,131 करोड़ हो गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह ₹1,551 करोड़ थी।
- इस तिमाही में बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार हुआ। ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (GNPA) पिछली तिमाही के 1.3% से घटकर 1.02% हो गए। नेट नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (NNPA) 0.37% से घटकर 0.29% हो गए।
- हालांकि, Q2 FY27 में प्रोविज़न बढ़कर ₹766.5 करोड़ हो गए। यह जून तिमाही के ₹599.2 करोड़ और पिछले साल की इसी अवधि के ₹499.7 करोड़ से ज़्यादा था।
ब्रोकरेज की मिली-जुली राय
आरबीएल बैंक द्वारा ज़्यादा प्रोविज़न और क्रेडिट कॉस्ट को लेकर चिंता का असर नतीजों पर पड़ा इसलिए रिजल्ट के बाद इस स्टॉक को लेकर ब्रोकरेज हाउस की राय बंटी हुई थी; गोल्डमैन सैक्स और CLSA ने 'बेयरिश' रेटिंग बनाए रखी, जबकि सिटी और नुवामा ने सकारात्मक रुख दिखाया।
- गोल्डमैन सैक्स ने RBL बैंक पर अपनी 'सेल' रेटिंग बरकरार रखी, लेकिन इसका टारगेट प्राइस ₹285 से बढ़ाकर ₹310 कर दिया।
- सिटी ने 505 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ अपनी 'बाय' रेटिंग बनाए रखी।
- मॉर्गन स्टेनली ने RBL बैंक पर अपनी 'इक्वल-वेट' रेटिंग बनाए रखी और इसके टारगेट प्राइस को ₹350 से बढ़ाकर ₹370 कर दिया।
- नुवामा ने अपनी 'बाय' रेटिंग बनाए रखी और टारगेट प्राइस को 470 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया।
- CLSA ने RBL बैंक पर 310 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ अपनी 'रिड्यूस' रेटिंग बनाए रखी।
ये भी पढ़ें - Vedanta Aluminium पर ब्रोकरेज फर्म बुलिश, BUY रेटिंग के साथ दिया ₹550 का टारगेट; अब तक ₹122 टूट चुका स्टॉक!
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी ब्रोकरेज फर्म की रिपोर्ट और एक्सपर्ट की राय पर आधारित है, यह किसी भी तरह से निवेश की सलाह नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
