सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PC Jeweller के शेयर में 9% का उछाल, मुनाफे में 58% की छलांग; निवेशकों का पैसा हुआ डबल

Published: Thu, 22 Oct 2026 11:22 AM (IST)

पीसी ज्वैलर के शेयरों में 9% की तेजी आई है, क्योंकि कंपनी ने सितंबर तिमाही में 58% मुनाफा वृद्धि दर्ज की और खुद को कर्जमुक्त घोषित किया।

PC Jeweller के शेयर में 9% का उछाल

PC Jeweller के शेयर में 9% का उछाल

HighLights

  1. मुनाफा 58% बढ़कर ₹330.66 करोड़ हुआ।

  2. कंपनी ने सभी 14 बैंकों का कर्ज चुकाया।

  3. अगले 18 महीनों में 100 नए शोरूम खुलेंगे।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: ज्वेलरी कंपनी PC Jeweller के शेयरों में गुरुवार, 22 अक्टूबर को जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजों में मुनाफा 58% बढ़ने और कर्जमुक्त होने की खबर से शेयर निवेशकों के रडार पर आ गया। BSE पर कारोबार के दौरान शेयर करीब 9% उछलकर ₹20.17 तक पहुंच गया। कंपनी अब अगले 12 से 18 महीनों में 100 तक नए शोरूम खोलने की तैयारी कर रही है।

मुनाफा ₹210 करोड़ से बढ़कर ₹331 करोड़

PC Jeweller ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही यानी जुलाई से सितंबर के दौरान ₹330.66 करोड़ का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा ₹209.54 करोड़ था। इस तरह सालाना आधार पर मुनाफे में करीब 58% की बढ़ोतरी हुई।

कंपनी की कुल आय भी बढ़ी है। सितंबर तिमाही में यह 28% बढ़कर ₹1,054.47 करोड़ पर पहुंच गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह ₹825.25 करोड़ थी। हालांकि, इस दौरान कंपनी का खर्च भी बढ़ा। तिमाही में कुल खर्च ₹759.42 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹688.85 करोड़ था।

सभी 14 बैंकों का कर्ज चुकाया

PC Jeweller के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि कंपनी ने कंसोर्टियम के सभी 14 बैंकों का बकाया कर्ज तय समय से पहले चुका दिया है। इसके साथ ही कंपनी ने कर्जमुक्त होने की घोषणा की।

कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही से ब्याज खर्च में काफी कमी आएगी। इससे आने वाली तिमाहियों में मुनाफे को सहारा मिल सकता है। इसके अलावा, कंपनी को सितंबर तिमाही के दौरान एक्सपोर्ट से जुड़े बकाया भुगतान में से करीब ₹142 करोड़ भी मिले हैं। यह रकम लंबे समय से अटकी हुई थी, जिसकी वसूली अब शुरू हुई है।

2026 में शेयर ने दिया 108% से ज्यादा रिटर्न

PC Jeweller के शेयर (PC Jeweller share price) ने इस साल निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। BSE के आंकड़ों के मुताबिक, 2026 में अब तक शेयर करीब 108.06% चढ़ चुका है। पिछले छह महीनों में इसमें करीब 97.85% की तेजी आई है, जबकि तीन महीने में यह 96.36% और एक महीने में 42.65% ऊपर रहा है।

गुरुवार को शेयर पिछले कारोबारी दिन के ₹18.51 के बंद भाव के मुकाबले बढ़कर ₹20.17 तक पहुंच गया। हालांकि, शेयर में आई तेजी भविष्य में भी जारी रहेगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है। निवेशकों को कंपनी के नतीजों, आगे की कारोबारी योजनाओं और शेयर के जोखिम को ध्यान में रखकर ही फैसला लेना चाहिए।

18 महीने में 100 नए शोरूम खोलने की तैयारी

कंपनी अब अपने कारोबार को और बड़ा करने की योजना बना रही है। अगले 12 से 18 महीनों में टियर-1, टियर-2 और टियर-3 शहरों में 100 तक नए शोरूम खोले जा सकते हैं। इसके लिए कंपनी अपने शोरूम के साथ फ्रेंचाइजी मॉडल का भी इस्तेमाल करेगी।

इसके साथ ही PC Jeweller युवाओं और खुद के लिए ज्वेलरी खरीदने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर नया ब्रांड लॉन्च करने की तैयारी में है। इसमें हल्की ज्वेलरी, डेमी-फाइन ज्वेलरी और लैब-ग्रोन डायमंड ज्वेलरी पर फोकस रहेगा। कंपनी की योजना छोटे शहरों में भी अपनी पहुंच बढ़ाने की है।

 यह भी पढ़ें: Gold Silver Price Today: सोना-चांदी धड़ाम, ₹5000 तक गिरे दाम; चेक करें ताजा भाव