इसे कहते हैं किस्मत! 32 पैसे का शेयर अनलिस्टेड मार्केट में हुआ ₹2055 का, अब NSE IPO से ये कंपनी कमाएगी हजारों करोड़
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) द्वारा ₹30,000 करोड़ के आईपीओ के लिए सेबी में ड्राफ्ट पेपर दाखिल करने के बाद न्यू ...और पढ़ें

32 पैसे पर खरीदने एनएसई के शेयर (AI जनरेटेड फोटो)
HighLights
एनएससी ने किया आईपीओ के लिए आवेदन
न्यू इंडिया एश्योरेंस ने 32 पैसे पर खरीदे हैं शेयर
अनलिस्टेड मार्केट में 2055 रुपये का है शेयर
नई दिल्ली। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास अपने प्रस्तावित ₹30,000 करोड़ के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिए हैं। इस खबर के बाद आज गुरुवार को न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (NIACL) के शेयर में लगभग 14 प्रतिशत की तेजी आई है। करीब सवा 11 बजे भी NIACL का शेयर बीएसई पर 13 फीसदी की मजबूती के साथ 186.55 रुपये पर चल रहा है। आज ये 188.50 रुपये के ऊपरी लेवल तक गया है।
क्यों उछला NIACL का शेयर?
ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार, IPO में शेयर बेचने वाली कंपनियों में से एक, 'द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी', 'ऑफर फॉर सेल' के जरिए 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले 1.05 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी। इस इंश्योरेंस कंपनी के लिए प्रति इक्विटी शेयर खरीदने की औसत लागत (वेटेड एवरेज कॉस्ट ऑफ एक्विजिशन) 0.32 रुपये है।
यानी NIACL ने एनएसई के 1.05 करोड़ शेयर मात्र 32 पैसे के औसत भाव पर खरीदे हैं, जबकि अनलिस्टेड मार्केट में एनएसई के शेयर का भाव 2055 रुपये चल रहा है।
क्या है अनलिस्टेड मार्केट?
अनलिस्टेड मार्केट (जिसे अक्सर प्री-IPO मार्केट, ग्रे-मार्केट या ओवर-द-काउंटर मार्केट कहा जाता है) एक डिसेंट्रलाइज्ड नेटवर्क है, जहाँ निवेशक उन प्राइवेट कंपनियों के शेयर खरीदते और बेचते हैं जो NSE या BSE जैसे औपचारिक स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड नहीं होती हैं।
ध्यान रहे कि इस मार्केट में काफी जोखिम होता है, क्योंकि ये अनरेगुलेट मार्केट होता है। सेबी खुद इस मार्केट के जरिए शेयरों के ट्रेड को लेकर अलर्ट कर चुका है।
NIACL को कितना होगा प्रॉफिट?
32 पैसे के हिसाब से NIACL ने 1.05 करोड़ शेयर कुल 33 लाख रुपये में खरीदे। मौजूदा अनलिस्टेड मार्केट प्राइस के हिसाब से इन शेयरों की वैल्यू 2157.75 करोड़ रुपये हो चुकी है। यानी इस पर कंपनी का पैसा 6538 गुना से अधिक हो गया है।
ध्यान रहे कि यहां पूरी कैलकुलेशन अनलिस्टेड रेट पर आधारित है। अभी एनएसई ने आईपीओ के लिए प्राइस बैंड का एलान नहीं किया है। इसलिए ये कहा जा सकता है कि ये अनुमानित कैलकुलेशन है।
और किस-किसने खरीदे हैं सस्ते शेयर?
सरकारी बीमा कंपनियों में, 'जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया' 1.066 करोड़ तक शेयर बेचेगी, जिन्हें इसने ₹5.26 प्रति शेयर के भाव पर खरीदा था। 'द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी', 'नेशनल इंश्योरेंस कंपनी', 'यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी' और 'द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी' ने भी अपनी हिस्सेदारी ₹1 प्रति शेयर से कम कीमत पर खरीदी और वे IPO में कुछ हिस्सेदारी घटाएंगी।
'स्टेट बैंक ऑफ इंडिया' की NSE में 3.23 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि उसकी सब्सिडियरी 'SBI कैपिटल मार्केट्स' के पास 4.33 प्रतिशत हिस्सेदारी है। 'स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया' की एक्सचेंज में 4.44 प्रतिशत हिस्सेदारी है। सबसे ज्यादा शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स में, 'स्टेट बैंक ऑफ इंडिया' 2.48 करोड़ तक शेयर बेचेगा और उसके बाद 'MS स्ट्रैटेजिक (मॉरिशस) लिमिटेड' 1.60 करोड़ शेयर बेचेगी।
ये भी पढ़ें - ₹157 करोड़ की कंपनी का बड़ा धमाका: SME से मेनबोर्ड पर जाने की तैयारी, TATA और इंडियन रेलवे भी इसके क्लाइंट
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
