LIC Q2 Results: 12076 करोड़ मुनाफा, आय बढ़कर 262739 करोड़ रुपये; जानिए अन्य मोर्चे पर कैसे रहे तिमाही नतीजे?
LIC ने FY27 की दूसरी तिमाही में शानदार वित्तीय नतीजे जारी किए हैं, जिसमें कंपनी का शुद्ध लाभ सालाना आधार ...और पढ़ें

HighLights
LIC का शुद्ध लाभ 20% बढ़कर 12,076 करोड़ रुपये हुआ।
कुल आय और नेट प्रीमियम आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
भारतीय बीमा बाजार में LIC की मजबूत स्थिति बरकरार।
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी, लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) ने FY27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी के नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 20% की बढ़ोतरी हुई है, और मुनाफा बढ़कर 12,076 करोड़ रुपये हो गया है।
सरकारी बीमा कंपनी ने पिछले साल की इसी तिमाही में 10,053 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) दर्ज किया था। रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया एलआईसी ने बताया कि सितंबर तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 2,62,739 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले यह 2,39,614 करोड़ रुपये थी। एलआईसी ने नतीजे बाजार बंद होने के बाद जारी किए हैं। एलआईसी के शेयर 5 नवंबर को 408 रुपये के स्तर पर बंद हुए।
कैसी रही नेट प्रीमियम इनकम?
इस तिमाही के दौरान LIC की नेट प्रीमियम आय बढ़कर 1,47,018 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 1,26,479 करोड़ रुपये थी। रिन्यूअल प्रीमियम भी 64,996 करोड़ रुपये से बढ़कर 68,375 करोड़ रुपये हो गया।
हालांकि, सितंबर तिमाही में बीमा कंपनी का पहले साल का प्रीमियम थोड़ा घटकर 10,432 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 10,836 करोड़ रुपये था।
ये भी पढ़ें - अमेरिकी मिड टर्म रिजल्ट के बाद रॉकेट बने Sensex और Nifty! निवेशकों की संपत्ति पहली बार ₹500 लाख करोड़ के पार
भारत दुनिया के सबसे तेज़ी से बढ़ते बीमा बाज़ारों में से एक है। 2023 में नियमों में ढील दिए जाने के बाद, अब बढ़ती लागत को देखते हुए रेगुलेटर ने कमीशन की सीमा तय करने और इसे प्रोडक्ट की जटिलता से जोड़ने का प्रस्ताव रखा है। इसके चलते इंश्योरेंस इंडस्ट्री से जुड़े जानकारों को उम्मीद थी कि LIC को पिछले साल के कम आधार (base) का फायदा मिलेगा। उस समय रेगुलेटरी बदलावों की वजह से प्रोडक्ट्स में बदलाव करने पड़े थे, और टैक्स छूट मिलने से पहले ग्राहकों ने पॉलिसी खरीदने में देरी की थी।