सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कल खुलेगा Jio का मेगा IPO, GMP में ₹245 की छलांग! लिस्टिंग पर 22% कमाई का संकेत; निवेशक क्या करें?

Published: Tue, 20 Oct 2026 12:23 PM (IST)

Jio IPO: मुकेश अंबानी की जियो प्लेटफॉर्म्स का मेगा आईपीओ 21 अक्टूबर को खुल रहा है, जिसमें ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹245 तक पहुंच गया है।

कल खुलेगा जियो का मेगा IPO

कल खुलेगा जियो का मेगा IPO

HighLights

  1. जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा।

  2. ग्रे मार्केट प्रीमियम ₹245, 22% लिस्टिंग लाभ का संकेत।

  3. ₹30,213 करोड़ का यह भारत का सबसे बड़ा आईपीओ।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: देश के सबसे चर्चित IPO में पैसा लगाने का मौका अब बस एक दिन दूर है। मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio) का IPO कल यानी 21 अक्टूबर से खुलने जा रहा है। बाजार में इस मेगा IPO को लेकर जबरदस्त चर्चा है और ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में तेजी ने निवेशकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है। इश्यू खुलने से ठीक पहले GMP करीब ₹245 पहुंच गया है, जो ऊपरी प्राइस बैंड के मुकाबले लगभग 22% प्रीमियम का संकेत देता है।

GMP से कितनी कमाई का संकेत?

इकोनॉमिक टाइम्स की 20 अक्टूबर की रिपोर्ट के मुताबिक, जियो IPO का GMP ₹245 है। कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 तय किया है। ऐसे में ऊपरी प्राइस बैंड पर शेयर की संभावित लिस्टिंग कीमत करीब ₹1,364 बैठती है।


IPO का ऊपरी प्राइस बैंड: ₹1,119
मौजूदा GMP: ₹245
संभावित लिस्टिंग कीमत: ₹1,364
संभावित प्रति शेयर अंतर: ₹245
संकेतित प्रीमियम: करीब 22%

₹30,213 करोड़ का देश का सबसे बड़ा IPO

जियो प्लेटफॉर्म्स का यह इश्यू करीब ₹30,213 करोड़ का है। इसके जरिए कंपनी 27 करोड़ नए शेयर जारी करेगी। इस आकार के साथ यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO बन सकता है। इससे पहले अक्टूबर 2024 में Hyundai Motor India का ₹27,856 करोड़ का IPO सबसे बड़ा था।

IPO में आवेदन 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक किया जा सकेगा। शेयरों का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 है। रिटेल निवेशकों के लिए एक लॉट में 12 शेयर हैं। ऊपरी प्राइस बैंड पर एक लॉट के लिए कम से कम ₹13,428 लगाने होंगे।

जुटाए पैसे का क्या करेगी कंपनी?

जियो प्लेटफॉर्म्स IPO से मिलने वाली रकम में से ₹27,500 करोड़ अपनी प्रमुख सब्सिडियरी रिलायंस जियो इन्फोकॉम के कुछ कर्ज को चुकाने या पहले भुगतान करने के लिए इस्तेमाल करेगी। बाकी रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जा सकता है।

क्या निवेश करना चाहिए?

जियो की सबसे बड़ी ताकत उसका विशाल टेलीकॉम नेटवर्क और डिजिटल कारोबार है। कंपनी मोबाइल कनेक्टिविटी के अलावा ब्रॉडबैंड, एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी और डिजिटल सेवाओं में भी काम करती है। ब्रोकरेज फर्म Emkay Global ने IPO को ‘सब्सक्राइब’ करने की सलाह दी है। हालांकि, कंपनी के कारोबार में लगातार निवेश की जरूरत, साइबर सुरक्षा और नेटवर्क से जुड़े जोखिम भी हैं।

 यह भी पढ़ें: राजस्थान का ये गांव बना रहा किसानों को करोड़पति! बंजर जमीन में उगा रहे ‘सोना’, ले रहे फार्महाउस-लग्जरी गाड़ियों का मजा