सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IPO News: जियो ने तय किया प्राइस बैंड, 30213 करोड़ रुपये के साथ देश का सबसे बड़ा आईपीओ; हुंडई को छोड़ा पीछे!

Published: Wed, 14 Oct 2026 10:38 PM (IST)

IPO News: Jio Platforms ने अपने IPO का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 तय किया है, जिससे यह ₹30,213 करोड़ ...और पढ़ें

जियो आईपीओ का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 तय।

जियो आईपीओ का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 तय।

HighLights

  1. जियो आईपीओ का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 तय।

  2. ₹30,213 करोड़ के साथ भारत का सबसे बड़ा आईपीओ।

  3. 21 अक्टूबर 2026 को खुलेगा, 23 अक्टूबर तक बोली।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। JIO IPO News: मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज की जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (Jio Platforms Limited) के आईपीओ का इंतजार कर रहे निवेशकों के लिए बड़ी खबर है। कंपनी ने अपने आईपीओ का प्राइस बैंड तय कर दिया है। जियो आईपीओ का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 के बीच है। ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर यह आईपीओ ₹30,213 करोड़ का होगा। इसके साथ ही जियो प्लेटफॉर्म्स भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बन जाएगा। यह हुंडई मोटर इंडिया के ₹27,870 करोड़ के आईपीओ का रिकॉर्ड पीछे छोड़ देगा।

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 14 अक्टूबर को नियामकीय फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड की आईपीओ समिति ने प्राइस बैंड, कर्मचारियों को मिलने वाली छूट और न्यूनतम आवेदन की लॉट साइज को मंजूरी दी है।

इन बड़े आईपीओ को पीछे छोड़ेगा Jio का IPO

जियो प्लेटफॉर्म्स का प्रस्तावित आईपीओ आकार के लिहाज से भारतीय शेयर बाजार के कई बड़े आईपीओ को पीछे छोड़ देगा। इससे पहले हुंडई मोटर इंडिया का ₹27,870 करोड़ का आईपीओ इस सूची में सबसे ऊपर था।

इसके अलावा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का ₹22,562 करोड़, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का ₹20,557 करोड़, पेटीएम का ₹18,300 करोड़ और टाटा कैपिटल का ₹15,512 करोड़ का आईपीओ भी देश के बड़े आईपीओ में शामिल हैं।

₹30,213 करोड़ के प्रस्तावित आकार के साथ जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ हुंडई मोटर इंडिया के रिकॉर्ड से ₹2,343 करोड़ बड़ा होगा। हालांकि, यह आंकड़ा ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर है।

बन जाएगी भारत की चौथी सबसे बड़ी कंपनी

Jio Platforms भारत के अब तक के सबसे बड़े IPO के जरिए 3.2 अरब डॉलर (लगभग ₹30,213 करोड़) तक जुटाने की तैयारी में है। इससे अरबपति मुकेश अंबानी के ग्रुप की वैल्यू 108.3 अरब डॉलर तक हो जाएगी।

$108.3 अरब के वैल्यूएशन के साथ, जियो प्लेटफॉर्म्स मार्केट कैपिटलाइजेशन के हिसाब से भारत की चौथी सबसे बड़ी कंपनी बन जाएगी। इससे आगे रिलायंस इंडस्ट्रीज़ (इसकी पैरेंट कंपनी), भारती एयरटेल और भारत का सबसे बड़ा प्राइवेट लेंडर HDFC बैंक होंगे।

कब खुलेगा जियो का आईपीओ

अंबानी की जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। निवेशक इसमें 23 अक्टूबर तक बोली लगा सकेंगे। कंपनी ने आईपीओ के लिए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) भी दाखिल कर दिया है।

इस सार्वजनिक निर्गम के तहत करीब 27 करोड़ इक्विटी शेयर पेश किए जाएंगे। ऊपरी प्राइस बैंड ₹1,119 पर कंपनी लगभग ₹30,213 करोड़ जुटाएगी। वहीं, निचले प्राइस बैंड ₹1,065 के हिसाब से आईपीओ का आकार करीब ₹28,755 करोड़ होगा।

एक लॉट खरीदने के लिए खर्च करने होंगे 13428 रुपये

जियो प्लेटफॉर्म्स के एक शेयर की फेस वैल्यू ₹10 रखी गई है। आईपीओ में निवेश करने के लिए कम से कम 12 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। इसके बाद निवेशक 12 शेयरों के गुणक में आवेदन कर सकेंगे।

अगर कोई निवेशक ऊपरी प्राइस बैंड पर एक लॉट के लिए आवेदन करता है, तो उसे कम से कम ₹13,428 लगाने होंगे। वहीं, निचले प्राइस बैंड के हिसाब से एक लॉट के लिए ₹12,780 की जरूरत होगी।

यह भी पढ़ें- Jio IPO GMP: सब्सक्रिप्शन खुलने की तारीख का एलान होते ही धड़ाम हुआ जियो का जीएमपी, दांव लगाने पर होगा नुकसान?

"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"

(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)