देश के इतिहास में सबसे बड़ी बैंकिंग डील पक्की! ₹53000 करोड़ में सौदा; भारतीय मूल का अरबपति इस बैंक को बना देगा विदेशी?
कनाडाई कंपनी फेयरफैक्स होल्डिंग्स आईडीबीआई बैंक को ₹81 प्रति शेयर के बेहतर ऑफर के साथ खरीदने जा रही है, जिससे यह भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश बन जाएगा। सरकार और एलआईसी बैंक में अपनी हिस्सेदारी बेचकर कुल ₹53,000 करोड़ जुटाने की योजना बना रहे हैं, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।
-1784085421161_m.webp)
भारत में सबसे बड़ी बैंकिंग डील (AI फोटो)
HighLights
फेयरफैक्स होल्डिंग्स ₹81 प्रति शेयर पर आईडीबीआई बैंक खरीदेगी
यह भारतीय बैंकिंग क्षेत्र का सबसे बड़ा विदेशी निवेश होगा
सरकार और एलआईसी ₹53,000 करोड़ की हिस्सेदारी बेचेंगे
नई दिल्ली। कैनेडियन कंपनी फेयरफैक्स होल्डिंग्स आईडीबीआई बैंक को खरीदने जा रही है। बैंक को खरीदने के लिए इसने अपना ऑफर बेहतर किया है, जिसके बाद सरकार ने IDBI बैंक में अपनी हिस्सेदारी बेचने के लिए इसे सेलेक्ट कर लिया है। यह फैसला मंगलवार को वित्त मंत्रालय में हुई बैठकों के बाद लिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फेयरफैक्स अब ₹81 प्रति शेयर का ऑफर दे रही है, जो पिछले साल दिए गए ₹75 प्रति शेयर के ऑफर से अधिक है।
बैंकिंग सेक्टर में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश
81 रुपये की कीमत पर, सरकार आईडीबीआई बैंक में अपनी 45.48% हिस्सेदारी में से 30.48% हिस्सेदारी बेचकर लगभग ₹26,620 करोड़ जुटा सकती है। सरकारी कंपनी 'लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन' (LIC), जिसके पास बैंक की 50% से थोड़ी कम हिस्सेदारी है, वह भी 30.24% हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है।
इससे डील का कुल साइज करीब ₹53,000 करोड़ ($5.5 अरब) हो जाएगा और यह किसी भारतीय बैंक में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश बन जाएगा।
कभी भी हो सकता है एलान
रिपोर्ट्स के अनुसार काफी बातचीत के बाद, सरकार और फेयरफैक्स समझौता करने पर सहमत हो गए हैं और इसकी आधिकारिक घोषणा कभी भी हो सकती है। मंत्रियों के एक समूह को, जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी शामिल हैं, संशोधित बोलियों और उसके बाद की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई है।
जल्द ही एक औपचारिक अधिसूचना जारी की जा सकती है और उसके बाद 'लेटर ऑफ इंटेंट' जारी किया जाएगा, जिसके बाद शेयर-खरीद समझौते पर हस्ताक्षर होंगे। भारतीय मूल के कनाडाई अरबपति प्रेम वत्स की कंपनी फेयरफैक्स होल्डिंग्स को पब्लिक शेयरहोल्डर्स के लिए ओपन ऑफर भी लाना होगा।
कितने पर बंद हुआ शेयर?
मंगलवार को NSE पर बैंक का शेयर ₹86.54 पर बंद हुए, जो पिछले बंद भाव से 2.9% अधिक रहा। 31 मार्च को जब आरक्षित मूल्य (रिजर्व प्राइस) से कम बोलियां आने के कारण सरकार ने बिक्री प्रक्रिया रोक दी थी, तब शेयर 52-हफ्ते के निचले स्तर ₹61.01 पर पहुंच गया था; तब से इस शेयर ने लगभग 42% की बढ़त हासिल की है।
अब तक की सबसे बड़ी विदेशी बैंकिंग डील कौन-सी?
अब तक किसी बैंक में सबसे बड़ा विदेशी निवेश 2025 में एमिरेट्स NBD द्वारा RBL बैंक में 2.75 अरब डॉलर में 60% हिस्सेदारी खरीदने का रहा है। एमिरेट्स NBD ने फरवरी में फेयरफैक्स होल्डिंग्स के साथ IDBI बैंक के लिए भी बोली लगाई थी। मार्च में यह प्रक्रिया रोक दी गई थी क्योंकि ऑफर आरक्षित मूल्य से कम थे।
सरकार ने इस फाइनेंशियल ईयर में एसेट मोनेटाइजेशन से ₹80,000 करोड़ जुटाने का बजट रखा है। अब तक, उसने मुख्य रूप से कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बेचकर लगभग ₹20,272 करोड़ जुटाए हैं।
ये भी पढ़ें - एक सेठ, एक महाराजा और एक दीवान ने मिलकर देश को दी पहली रक्षा कंपनी, आजादी से पुराना इतिहास; आज जमीन से अंतरिक्ष तक राज
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।