डिफेंस शेयरों में तूफानी तेजी! BEML 17% उछला, BDL-HAL समेत इन शेयरों में भी जमकर खरीदारी; क्या है वजह?
शुक्रवार को डिफेंस सेक्टर के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखी गई, जिसमें BEML 17% उछलकर 52-हफ्ते के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया।

डिफेंस शेयरों में तूफानी तेजी!
HighLights
डिफेंस शेयरों में शुक्रवार को जबरदस्त तेजी दर्ज की गई।
BEML का शेयर 17% उछलकर 52-हफ्ते के उच्च स्तर पर।
रक्षा पूंजीगत खर्च में वृद्धि की मांग तेजी का कारण।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: शेयर बाजार में शुक्रवार, 27 नवंबर को डिफेंस सेक्टर (defence sector) के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। बाजार में चुनिंदा शेयरों में खरीदारी के बीच डिफेंस कंपनियों के स्टॉक निवेशकों के रडार पर आ गए। कारोबार के दौरान कई डिफेंस शेयरों में 3 से 17% तक की तेजी दर्ज की गई।
इस तेजी में सरकारी कंपनी BEML सबसे आगे रही। इसके शेयर करीब 17% तक उछलकर 2378 रुपये के स्तर पर पहुंच गए, जो इसका 52 हफ्तों का नया हाई है। वहीं भारत डायनेमिक्स (BDL), हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL), पारस डिफेंस और सोलर इंडस्ट्रीज जैसे शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली।
डिफेंस शेयरों में इस तेजी का असर सेक्टर इंडेक्स पर भी दिखाई दिया। Nifty India Defence इंडेक्स करीब 4 फीसदी चढ़ गया। खास बात यह है कि इंडेक्स में शामिल सभी 22 कंपनियों के शेयर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। पिछले लगातार तीन कारोबारी सत्रों से डिफेंस इंडेक्स में तेजी जारी है और इस दौरान इसमें 5% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है।
BEML के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
शुक्रवार के कारोबार में BEML डिफेंस शेयरों में सबसे बड़ा गेनर बनकर उभरा। कंपनी के शेयर करीब 17 फीसदी तक चढ़कर 2,378 रुपये के भाव पर पहुंच गए। इस तेजी के साथ शेयर ने अपना 52 हफ्तों का नया उच्च स्तर भी छू लिया।
वहीं सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया के शेयरों में 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई। पारस डिफेंस, भारत डायनेमिक्स (BDL) और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के शेयर भी 3 से 6 फीसदी तक मजबूत हुए। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) के शेयरों में करीब 2 फीसदी की बढ़त देखने को मिली।
आखिर क्यों भाग रहे हैं डिफेंस शेयर?
डिफेंस शेयरों में तेजी के पीछे कई अहम वजहें हैं। पहली वजह रक्षा मंत्रालय की ओर से डिफेंस कैपिटल एक्सपेंडिचर यानी रक्षा पूंजीगत खर्च में बढ़ोतरी की तैयारी है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, मंत्रालय वित्त वर्ष 2027-28 (FY28) के लिए रक्षा पूंजीगत खर्च में 20 फीसदी की बढ़ोतरी की मांग कर रहा है। इससे आने वाले समय में डिफेंस कंपनियों को नए ऑर्डर मिलने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
इसके अलावा एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोग्राम को लेकर भी निवेशकों की नजर बनी हुई है। रक्षा सचिव ने बताया कि इस प्रोग्राम के विजेता का ऐलान करीब एक महीने के भीतर किया जा सकता है। इस प्रोजेक्ट के लिए तीन प्राइवेट सेक्टर कंसोर्टियम प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इनमें L&T-BEL-BDL का कंसोर्टियम, भारत फोर्ज-BEML-डेटा पैटर्न्स का कंसोर्टियम और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स शामिल हैं।
HAL पर ब्रोकरेज बुलिश
HAL के शेयरों में तेजी के पीछे ब्रोकरेज फर्म Elara Capital की रिपोर्ट भी एक वजह रही। ब्रोकरेज ने कंपनी के शेयर पर Buy रेटिंग बरकरार रखी है। साथ ही इसका टारगेट प्राइस 6,000 रुपये से बढ़ाकर 6,270 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज का नया टारगेट पिछले बंद भाव के मुकाबले करीब 28 फीसदी की संभावित तेजी का संकेत देता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।