20% तक गिरे APL Apollo Tubes के शेयर, Tata Steel भी 9 फीसदी तक टूटा; डील के बाद आई गिरावट
टाटा स्टील द्वारा APL अपोलो ट्यूब्स में नियंत्रक हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा के बाद दोनों कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई।

HighLights
APL अपोलो ट्यूब्स के शेयर 20% तक गिरे।
टाटा स्टील के शेयर भी 9% से ज्यादा टूटे।
टाटा स्टील APL अपोलो में हिस्सेदारी खरीद रही है।
नई दिल्ली। शेयर मार्केट में 23 नवंबर को गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है और APL अपोलो ट्यूब्स के शेयरों में 20 फीसदी तक की गिरावट आ गई है। वहीं, टाटा स्टील (Tata Steel Share Price) के शेयर भी 9 फीसदी से ज्यादा टूट गए हैं। शेयरों में यह गिरावट ऐसे समय में आई है जब टाटा स्टील ने APL अपोलो में कंट्रोलिंग हिस्सेदारी खरीदने की योजना की घोषणा की है। इस सौदे में एक अनिवार्य ओपन ऑफर सहित कुल 32,266 करोड़ रुपये तक का खर्च आ सकता है।
यह भारी गिरावट तब आई जब APL अपोलो के 2.77 करोड़ शेयर (जो कंपनी की इक्विटी का लगभग 10 प्रतिशत हैं) एक बड़ी ब्लॉक डील के जरिए 2,100 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचे-खरीदे गए। इस डील की कुल वैल्यू 5,825 करोड़ रुपये रही। यह ट्रांजैक्शन टाटा स्टील की उस घोषणा के बाद हुआ है, जिसमें कंपनी ने सुबह बताया था कि वह APL अपोलो के प्रमोटर ग्रुप की एक इकाई से कई चरणों में शेयर खरीदेगी।
क्या है हिस्सेदारी खरीदने का प्लान?
टाटा स्टील ने सोमवार को घोषणा की कि वह प्रमोटर ग्रुप की कंपनी 'एस गुप्ता होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड' से 'एपीएल अपोलो ट्यूब्स' में 26.38 प्रतिशत तक हिस्सेदारी खरीदेगी। यह सौदा लगभग 15,511 करोड़ रुपये का होगा। इस अधिग्रहण के चलते, 26 प्रतिशत और हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक अनिवार्य 'ओपन ऑफर' लाना होगा।
इसमें प्रति शेयर 2,301.40 रुपये की कीमत तय की गई है, जिस पर कुल 16,756 करोड़ रुपये का खर्च आ सकता है। अगर यह ओपन ऑफर पूरी तरह सब्सक्राइब हो जाता है, तो कुल निवेश 32,266 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है और टाटा स्टील की हिस्सेदारी बढ़कर 52.38 प्रतिशत हो जाएगी। ओपन ऑफर की कीमत, प्रमोटर विक्रेता के साथ तय किए गए 2,100 रुपये के भाव से 9.6 प्रतिशत अधिक है।
टाटा स्टील तीन चरणों में APL अपोलो के 7.39 करोड़ तक शेयर खरीदेगी। पहले चरण में एक ब्लॉक डील के जरिए 2.77 करोड़ शेयर खरीदे जाएंगे, जो विस्तारित वोटिंग कैपिटल का 9.91 प्रतिशत है। इन शेयरों को डीमैट एस्क्रो में रखा जाएगा, और इस दौरान टाटा स्टील के पास इनके लिए कोई वोटिंग अधिकार नहीं होंगे।
ये भी पढ़ें - SG Mart Share: 1 साल में पैसा 3.5 गुना, 6 महीनों में डबल और अब छुआ ऑल टाइम हाई; फंड जुटाने की खबर से 12% से ज्यादा उछला
यह हिस्सेदारी अधिग्रहण 22 नवंबर को हुए एक समझौते के तहत हुआ है, जिसके अनुसार APL अपोलो, टाटा स्टील के ट्यूब कारोबार और टाटा स्टील कलर्स में उसकी पूरी हिस्सेदारी को 28,000 करोड़ रुपये तक नकद देकर खरीदेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।