बंगाल में अदाणी का बड़ा धमाका! 2500 मेगावाट रिन्यूएबल एनर्जी सप्लाई के लिए मिला LOA
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस की सहायक कंपनी पीटीएसएल को डब्ल्यूएसईडीसीएल से पश्चिम बंगाल में 25 साल के लिए 1,750 मेगावाट (विकल्प के साथ 2,500 मेगावाट तक) नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति का बड़ा ठेका मिला है। यह अनुबंध प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के बाद आया है और भारत के ऊर्जा बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अदाणी को पश्चिम बंगाल में मिला बड़ा ऊर्जा ठेका।
HighLights
अदाणी को पश्चिम बंगाल में मिला बड़ा ऊर्जा ठेका।
2500 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति करेगा अदाणी।
यह अनुबंध 25 वर्षों की अवधि के लिए मान्य है।
एजेंसी, अहमदाबाद। अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) ने शनिवार को बताया कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, पावरपल्स ट्रेडिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड (पीटीएसएल) को पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (डब्ल्यूएसईडीसीएल) से एक 'लेटर ऑफ अवार्ड' (एलओए) मिला है। इसके तहत, कंपनी 25 वर्षों की अवधि के लिए 1,750 मेगावाट 'रिन्यूएबल एनर्जी राउंड-द-क्लॉक' (आरई-आरटीसी) बिजली की आपूर्ति करेगी।
अदाणी समूह की कंपनी ने एक बयान में कहा कि एलओए में 750 मेगावाट का 'ग्रीनशू ऑप्शन' शामिल है। यदि इस विकल्प का इस्तेमाल किया जाता है, तो कुल अनुबंधित क्षमता बढ़कर 2,500 मेगावाट हो जाएगी।
ऑक्शन के जरिए मिला कॉन्ट्रैक्ट
यह कॉन्ट्रैक्ट एक प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के बाद मिला है, जिसमें ई-रिवर्स ऑक्शन के जरिए पीटीएसएल सबसे सफल बोलीदाता बनकर उभरी। 1,750 मेगावाट क्षमता के लिए बिजली की आपूर्ति 1 जुलाई, 2028 से शुरू होगी, जबकि ग्रीनशू विकल्प का इस्तेमाल होने पर 750 मेगावाट क्षमता के लिए आपूर्ति 1 अप्रैल, 2029 से शुरू होगी।
एईएसएल के सीईओ कंदर्प पटेल ने कहा, "भारत के ऊर्जा बदलाव के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध रहने वाली नवीकरणीय ऊर्जा बहुत महत्वपूर्ण होगी। यह नवीकरणीय ऊर्जा की स्थिरता को ट्रांसमिशन सिस्टम के बेहतर उपयोग के साथ जोड़ती है। यह बड़ा ऑर्डर मिलना, बड़े स्तर पर लागू किए जा सकने वाले ऊर्जा समाधान देने के हमारे संकल्प को और मजबूत करता है। साथ ही, इससे हमें पश्चिम बंगाल की दीर्घकालिक और टिकाऊ ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए डब्ल्यूएसईडीसीएल के साथ मिलकर काम करने का मौका मिला है।"
उन्होंने बताया कि पीटीएसएल, बड़े पैमाने पर बिजली की खपत करने वालों के लिए एक पसंदीदा पार्टनर के रूप में तेजी से उभर रहा है। कंपनी के पास ग्राहकों की खास ऊर्जा जरूरतों के हिसाब से कस्टमाइज्ड और स्केलेबल समाधान तैयार करने की क्षमता है।
यह ऑर्डर पीटीएसएल ऊर्जा समाधानों के बढ़ते पोर्टफोलियो में एक महत्वपूर्ण इजाफा है।
सोर्सिंग के स्तर पर, कंपनी ने 4.6 गीगावाट की सौर और पवन ऊर्जा क्षमता, और 3.5 गीगावाट की बीईएसएस (बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम) क्षमता हासिल कर ली है। वहीं, सप्लाई के स्तर पर, यह उद्योगों, डेटा सेंटरों, कमर्शियल इकाइयों और डिस्कॉम (बिजली वितरण कंपनियों) जैसे बड़े ग्राहकों के साथ दीर्घकालिक सप्लाई अनुबंध करके अपनी स्थिति मजबूत कर रही है।
देश की सबसे बड़ी निजी ट्रांसमिशन कंपनी
एईएसएल देश की सबसे बड़ी निजी ट्रांसमिशन कंपनी है, जिसका कुल ट्रांसमिशन नेटवर्क 30,683 सर्किट किलोमीटर का है और इसकी ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता 146,585 एमवीए है।
अपने रिटेल बिजली वितरण कारोबार के जरिए, एईएसएल मुंबई महानगर और मुंद्रा एसईएज जैसे औद्योगिक केंद्र में लगभग 1.3 करोड़ उपभोक्ताओं को सेवाएं देती है।
इसके अलावा, कंपनी अपने स्मार्ट मीटरिंग कारोबार का भी विस्तार कर रही है और भारत की प्रमुख स्मार्ट मीटरिंग इंटीग्रेटर बनने की राह पर है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।