252 साल पुरानी Mazagon Dock ने निवेशकों को दीपावली से पहले दिया डिविडेंड का तोहफा, रिकॉर्ड डेट भी कर दी फिक्स
मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स (Mazagon Dock) ने निवेशकों के लिए प्रति शेयर 5 रुपये के अंतरिम लाभांश की घोषणा की है, ...और पढ़ें

मझगांव डॉक ने प्रति शेयर 5 रुपये का अंतरिम लाभांश घोषित किया।
HighLights
मझगांव डॉक ने प्रति शेयर 5 रुपये का अंतरिम लाभांश घोषित किया।
लाभांश के लिए 3 नवंबर की रिकॉर्ड डेट निर्धारित की गई।
कंपनी के मुनाफे और राजस्व में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। Mazagon Dock Dividend: भारत की दिग्गज युद्धपोत बनाने वाली सरकारी कंपनी मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स ने अपने निवेशकों को दीपावली से पहले बड़ा तोहफा दिया है। दरअसल, कंपनी ने तिमाही नतीजे जारी करने के साथ डिविडेंड की भी घोषणा की है। डिविडेंड की घोषणा के साथ कंपनी ने इसकी रिकॉर्ड डेट भी फिक्स कर दी है।
आप भी इस डिविडेंड का लाभ उठा सकते हैं, लेकिन आपको रिकॉर्ड डेट से पहले मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स के शेयर खरीदने होंगे। अगर रिकॉर्ड डेट आप शेयर रखते हैं तो आप डिविडेंड पाने के लिए पात्र होंगे। आइए जानते हैं कि आखिर मझगांव ने कितने रुपये का डिविडेंड घोषित किया है और इसकी रिकॉर्ड डेट क्या है।
मझगांव ने कितने रुपये का डिविडेंड घोषित किया?
252 साल पुरानी सरकारी कंपनी मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL) रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आती है। यह कंपनी भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल के लिए युद्धपोतों और पनडुब्बियों के निर्माण, मरम्मत और उनके नवीनीकरण का कार्य करती है। कंपनी ने आज यानी 27 अक्टूबर 2026 को अपने तिमाही नतीजे घोषित किए। कंपनी के मुनाफे में भारी गिरावट देखी गई। नतीजों के साथ कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए प्रति शेयर 5 रुपये का डिविडेंड देने की घोषणा की।
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी जानकारी देते हुए लिखा- "27 अक्टूबर 2026 को हुई बोर्ड की बैठक में, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹5/- प्रति इक्विटी शेयर (जो पूरी तरह से चुकता है) पर ₹5/- के अंतरिम लाभांश (अंतरिम डिविडेंड) के भुगतान को मंजूरी दी गई है। लाभांश के भुगतान पर लागू टीडीएस (TDS) काटा जाएगा।"
कंपनी ने इसके साथ रिकॉर्ड डेट की भी घोषणा की। मझगांव डॉक ने डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 3 नवंबर की फिक्स की है। यानी इस तारीख से पहले आपके डीमैट खाते में इसके शेयर आ जाएं और इस तारीख तक शेयर रहने चाहिए। अगर आपके पास 3 नवंबर तक इसके शेयर रहते हैं तो हर शेयर के बदले कंपनी आपको 5 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देगी। मान लीजिए आपके पास 1000 शेयर हैं तो कंपनी आपको 5 हजार रुपये देगी।
खाते में कब आएगा डिविडेंड का पैसा
रिकॉर्ड डेट फिक्स करने के साथ मझगांव डॉक ने यह भी बताया है कि निवेशकों के खाते में पैसा कब तक आएगा। उसने फाइलिंग में बताया कि कंपनी अधिनियम, 2013 के अनुसार, पात्र शेयरधारकों को अंतरिम डिविडेंड का भुगतान 26 नवंबर 2026 को या उससे पहले किया जाएगा।
कैसे रहे मझगांव के तिमाही नतीजे?
जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर (YoY) 54% गिर गया। साथ ही कंपनी के रेवेन्यू में 16% की गिरावट देखी गई।
मझगांव डॉक का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 54% गिरकर ₹344 करोड़ रहा। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह ₹749 करोड़ था। FY27 की दूसरी तिमाही में कंपनी के मुख्य कामकाज से होने वाला रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 16.4% घटकर ₹2,446 करोड़ रह गया, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह ₹2,929 करोड़ था।
मंगलवार 27 अक्टूबर को मझगांव के शेयर NSE -6.45 % गिरकर 1,754 रुपये के स्तर पर बंद हुए। यह गिरावट कंपनी के शुद्ध मुनाफे में आई गिरावट की वजह से आई।
यह भी पढ़ें- Vedanta Iron & Steel Q2 Result: अनिल अग्रवाल की कंपनी ने जारी किए तिमाही नतीजे, हुआ 324 करोड़ रुपये का घाटा
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
