पर्सनल लोन लेने की है तैयारी? SBI, PNB या IDFC First Bank; कहां मिलेगा सबसे सस्ता लोन, समझें सबकुछ
persona loan details: यह लेख एसबीआई, पीएनबी और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के पर्सनल लोन की ब्याज दरों और शर्तों की तुलना करता है। यह बताता है कि लोन चुनते समय केवल ब्याज दर ही नहीं, बल्कि प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्कों पर भी ध्यान देना चाहिए।

personal loan के लिए कौन सा बैंक चुनें?
HighLights
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की ब्याज दरें 9.99% से शुरू।
एसबीआई में पर्सनल लोन 10% ब्याज दर से उपलब्ध।
पीएनबी पर्सनल लोन पर 10.50% से शुरू ब्याज।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: अगर आपको अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाए और आप पर्सनल लोन (personal loan) लेने की योजना बना रहे हैं, तो बैंक का चुनाव सोच-समझकर करना जरूरी है। पर्सनल लोन एक अनसिक्योर्ड लोन होता है, यानी इसके लिए आपको बैंक के पास घर, जमीन या सोना गिरवी रखने की जरूरत नहीं पड़ती। हालांकि, इस सुविधा के बदले बैंक ब्याज दर और प्रोसेसिंग फीस वसूलते हैं। ऐसे में लोन लेने से पहले अलग-अलग बैंकों की ब्याज दरों की तुलना करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।
IDFC First Bank, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) पर्सनल लोन देने वाले प्रमुख बैंकों में शामिल हैं। तीनों बैंकों की ब्याज दरों और लोन की शर्तों में अंतर है। इसलिए यह जानना जरूरी है कि आखिर किस बैंक से पर्सनल लोन लेना आपकी जेब पर कम बोझ डाल सकता है।
IDFC First Bank में कितनी है ब्याज दर?
IDFC First Bank में पर्सनल लोन की शुरुआती ब्याज दर 9.99% सालाना है। खास बात यह है कि यह बैंक पर्सनल लोन पर किसी भी तरह की प्रोसेसिंग फीस और फोरक्लोजर चार्ज नहीं ले रहा है। IDFC FIRST Bank ग्राहकों को 50,000 रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक का पर्सनल लोन दे रहा है, जिसे चुकाने के लिए 9 महीनों से लेकर 60 महीने तक का समय दिया जा रहा है।
एक उदाहरण से समझते हैं कि अगर आप आईडीएफसी फर्स्ट बैंक से 5 साल के लिए 5 लाख रुपये का पर्सनल लोन लेते हैं तो आपको हर महीने 10,621 रुपये की EMI चुकानी होगी। इस तरह से आपको ब्याज के रूप में कुल 1,37,260 रुपये देने होंगे। इस हिसाब से आपको कुल पैसा और ब्याज समेत कुल 6,37,260 रुपये चुकाने होंगे।
SBI में पर्सनल लोन की ब्याज दर
देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक SBI भी ग्राहकों को पर्सनल लोन की सुविधा देता है। उपलब्ध ब्याज दरों के मुताबिक, SBI में पर्सनल लोन की शुरुआती दर करीब 10% सालाना है। ग्राहक की पात्रता और क्रेडिट प्रोफाइल के आधार पर यह दर बढ़ सकती है। SBI में प्रोसेसिंग फीस भी देनी पड़ सकती है, इसलिए लोन लेते समय ब्याज के साथ दूसरे चार्ज भी जरूर देखें।
बता दें कि भारतीय स्टेट बैंक अपने ग्राहकों को 1 लाख रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक का पर्सनल लोन दे रहा है, जिसे चुकाने के लिए 6 महीनों से लेकर 84 महीने तक का समय दिया जा रहा है। एसबीआई से पर्सनल लोन लेने पर आपको 1.50% प्रोसेसिंग फीस भी देनी होगी और इस पर आपको जीएसटी भी अलग से चुकाना होगा।
PNB में कितना देना होगा ब्याज?
पंजाब नेशनल बैंक यानी PNB में पर्सनल लोन की शुरुआती ब्याज दर करीब 10.50% सालाना है। पीएनबी से पर्सनल लोन लेने पर आपको 1% की प्रोसेसिंग फीस चुकानी होगी। इसके साथ ही, आपको डॉक्यूमेंटेशन फीस का भी भुगतान करना होगा। अगर आप PNB से 5 साल के लिए 5 लाख रुपये का पर्सनल लोन लेते हैं तो आपको हर महीने 10,746.95 रुपये की EMI चुकानी होगी।
इन शुरुआती दरों के आधार पर IDFC First Bank सबसे कम ब्याज दर की पेशकश करता नजर आता है। इसके बाद SBI और फिर PNB का नंबर आता है। हालांकि, सिर्फ शुरुआती ब्याज दर देखकर बैंक का चुनाव करना सही नहीं होगा।
लोन लेने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
पर्सनल लोन लेने से पहले केवल ब्याज दर ही नहीं, बल्कि प्रोसेसिंग फीस, लोन की अवधि, प्रीपेमेंट चार्ज और फोरक्लोजर चार्ज की भी जानकारी लें। इसके अलावा अपना क्रेडिट स्कोर बेहतर रखने की कोशिश करें, क्योंकि अच्छा क्रेडिट स्कोर होने पर आपको कम ब्याज दर पर लोन मिलने की संभावना बढ़ सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।