रिटायरमेंट की टेंशन होगी कम! NPS में निवेश के साथ मिलेगा ₹30 लाख तक का हेल्थ कवर, जानें किसे मिलेगा फायदा
PFRDA ने NPS Swasthya स्कीम लॉन्च की है, जो रिटायरमेंट के साथ मेडिकल खर्चों के लिए भी फंड बनाने का मौका देती है। इसमें निवेशक ₹30 लाख तक का हेल्थ कवर पा सकते हैं, जिसमें परिवार के सदस्य भी शामिल होंगे।

रिटायरमेंट की टेंशन होगी कम!
HighLights
PFRDA ने NPS Swasthya स्कीम की शुरुआत की है।
₹30 लाख तक का फैमिली फ्लोटर हेल्थ कवर मिलेगा।
रिटायरमेंट के साथ मेडिकल खर्चों की चिंता होगी कम।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: बुढ़ापे में सिर्फ पेंशन की चिंता नहीं होती, बल्कि बढ़ते मेडिकल खर्च भी लोगों की जेब पर भारी पड़ते हैं। खासकर उम्र बढ़ने के साथ अस्पताल में भर्ती होने और इलाज का खर्च कई बार सालों की जमा-पूंजी खत्म कर देता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पेंशन फंड नियामक PFRDA ने नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत एक नई स्कीम NPS Swasthya शुरू की है। इस स्कीम में रिटायरमेंट के लिए निवेश करने के साथ मेडिकल खर्चों के लिए भी फंड तैयार करने और हेल्थ इंश्योरेंस (health insurance) का फायदा उठाने का मौका मिलेगा। इसके तहत परिवार को अधिकतम 30 लाख रुपये तक का हेल्थ कवर मिल सकता है।
क्या है NPS Swasthya स्कीम?
NPS Swasthya को खासतौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है, जो रिटायरमेंट की प्लानिंग के साथ भविष्य में होने वाले मेडिकल खर्चों की भी तैयारी करना चाहते हैं। इस स्कीम के तहत NPS में जमा रकम का 25% तक हिस्सा हेल्थकेयर कॉर्पस बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
PFRDA की इस पहल के तहत निवेशक को एक अलग NPS Swasthya अकाउंट और उसके साथ सुपर टॉप-अप हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी की सुविधा मिलती है। Axis Pension Fund इस स्कीम का पहला प्रोवाइडर है, जबकि हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा Aditya Birla Health Insurance के जरिए दी जा रही है।
₹1 लाख से ₹30 लाख तक का हेल्थ कवर
NPS Swasthya में परिवार के लिए फैमिली फ्लोटर हेल्थ इंश्योरेंस का विकल्प मिलता है। इसमें निवेशक अपनी जरूरत के हिसाब से 1 लाख रुपये से लेकर 30 लाख रुपये तक का बीमा कवर चुन सकते हैं। हालांकि, हर कवर के साथ एक तय रकम का डिडक्टिबल भी जुड़ा है। यानी इंश्योरेंस कंपनी के भुगतान शुरू होने से पहले पॉलिसी की शर्तों के मुताबिक एक तय मेडिकल खर्च खुद वहन करना होगा।
कवर और डिडक्टिबल का पूरा गणित समझिए:
- ₹1 लाख का हेल्थ कवर: ₹10,000 का डिडक्टिबल।
- ₹5 लाख का हेल्थ कवर: ₹50,000 का डिडक्टिबल।
- ₹10 लाख का हेल्थ कवर: ₹1 लाख का डिडक्टिबल।
- ₹30 लाख का हेल्थ कवर: ₹3 लाख का डिडक्टिबल।
उदाहरण के लिए, अगर कोई व्यक्ति 30 लाख रुपये का हेल्थ कवर चुनता है, तो उसे पॉलिसी की शर्तों के तहत 3 लाख रुपये तक का शुरुआती मेडिकल खर्च खुद उठाना होगा। इस लिमिट के पूरा होने के बाद बीमा कंपनी नियमों के मुताबिक बाकी पात्र मेडिकल खर्चों का भुगतान करेगी। खास बात यह है कि डिडक्टिबल में एक ही अस्पताल में भर्ती होने का खर्च ही नहीं, बल्कि पूरे पॉलिसी साल के कई पात्र मेडिकल क्लेम भी जोड़े जा सकते हैं।
कौन उठा सकता है इस स्कीम का फायदा?
NPS Swasthya में 18 से 70 साल की उम्र के लोग शामिल हो सकते हैं। इसमें निवेशक के साथ उसके पति या पत्नी और अधिकतम दो आश्रित बच्चों को भी फैमिली फ्लोटर हेल्थ कवर में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, माता-पिता को इस पॉलिसी के फैमिली कवर में शामिल नहीं किया गया है।
किन बीमारियों और इलाज पर मिलेगा कवर?
इस हेल्थ इंश्योरेंस के तहत अस्पताल में भर्ती होने, ICU, AYUSH इलाज, मानसिक बीमारियों, डे-केयर प्रक्रियाओं और एम्बुलेंस जैसे खर्चों को शामिल किया गया है। सड़क एम्बुलेंस के लिए 2,500 रुपये तक की सीमा बताई गई है।
हालांकि, इस स्कीम में पहले से मौजूद बीमारियों के लिए 12 महीने का वेटिंग पीरियड और शुरुआती 30 दिनों का सामान्य वेटिंग पीरियड लागू है। इसलिए पॉलिसी लेने से पहले इसके नियम, वेटिंग पीरियड और एक्सक्लूजन समझना जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।