NPS वालों के लिए बड़ी खबर! अब एक ही जगह संभाल सकेंगे पेंशन अकाउंट, लॉन्च हुआ नया पोर्टल
NPS News: पेंशन फंड नियामक PFRDA ने NPS सब्सक्राइबर्स के लिए 'NPS Central' नामक एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है।

NPS वालों के लिए बड़ी खबर!
HighLights
PFRDA ने NPS Central डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया।
एक ही जगह सभी पेंशन सेवाएं उपलब्ध होंगी।
PRAN के बिना मोबाइल नंबर से लॉगिन संभव।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: रिटायरमेंट के लिए NPS में पैसा लगा रहे हैं, तो आपके लिए काम की खबर है। अब पेंशन अकाउंट से जुड़ी अलग-अलग सेवाओं के लिए कई वेबसाइट पर जाने की जरूरत कम होगी। पेंशन फंड नियामक PFRDA ने NPS Central नाम का नया डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसके जरिए सब्सक्राइबर्स अपना अकाउंट देख सकते हैं, निवेश की जानकारी हासिल कर सकते हैं और कई जरूरी काम एक ही जगह कर सकते हैं। PFRDA ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस नई डिजिटल पहल की जानकारी दी।
क्या है NPS Central और कैसे करेगा काम?
NPS Central को इस तरह तैयार किया गया है कि नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) से जुड़ी अलग-अलग सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकें। इसमें तीन सेंट्रल रिकॉर्डकीपिंग एजेंसियों (CRA) Protean, KFintech और CAMS की सेवाओं को एक जगह लाया गया है। इससे अकाउंट की जानकारी देखना और पेंशन निवेश को मैनेज करना आसान हो सकता है। यह प्लेटफॉर्म 1 अक्टूबर 2026 को NPS दिवस के मौके पर लॉन्च किया गया था।
NPS सब्सक्राइबर्स को मिलेंगे ये 7 फायदे
1. PRAN नंबर याद रखने की जरूरत नहीं: अब मौजूदा सब्सक्राइबर्स रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और जन्मतिथि की मदद से लॉगिन कर सकते हैं। मोबाइल पर आए OTP से वेरिफिकेशन करना होगा।
2. एक ही डैशबोर्ड पर निवेश की जानकारी: सब्सक्राइबर्स अपने NPS अकाउंट और निवेश पोर्टफोलियो की जानकारी देख सकेंगे।
3. योगदान का स्टेटस चेक करें: NPS खाते में किए गए योगदान की स्थिति ट्रैक कर सकेंगे और मौजूदा स्कीम में नया योगदान भी कर सकेंगे।
4. स्कीम और पेंशन फंड की तुलना: अलग-अलग निवेश विकल्पों की विशेषताएं, प्रदर्शन और चार्ज देखकर फैसला लेने में मदद मिलेगी।
5. अकाउंट स्टेटमेंट डाउनलोड करें: खाते का स्टेटमेंट डाउनलोड करने और प्रोफाइल की जानकारी अपडेट करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
6. शिकायत दर्ज करने की सुविधा: किसी तरह की परेशानी होने पर प्लेटफॉर्म से Pension Sahayak पोर्टल पर जाकर शिकायत दर्ज की जा सकती है।
7. नए अकाउंट के लिए आसान रजिस्ट्रेशन: जो लोग पहली बार NPS से जुड़ना चाहते हैं, वे भी इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें AI की मदद से ऑनबोर्डिंग, CKYC और DigiLocker के जरिए KYC की सुविधा दी गई है। रजिस्ट्रेशन पूरा होने पर इलेक्ट्रॉनिक PRAN यानी e-PRAN मिलता है। प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्डिंग फीस शून्य है, हालांकि दूसरी सेवाओं और निवेश से जुड़े शुल्क लागू हो सकते हैं।
NPS Swasthya की सुविधा भी
इस प्लेटफॉर्म के जरिए NPS Swasthya में रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी मिलती है। इस व्यवस्था में एक समर्पित निवेश राशि के साथ सुपर टॉप-अप हेल्थ इंश्योरेंस को जोड़ा गया है। इसमें शामिल होने से पहले बीमा की शर्तें, पात्रता और कवरेज की जानकारी जरूर जांचनी चाहिए।
कहां करें लॉगिन?
NPS सब्सक्राइबर्स www.npscentral.in पर जाकर प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं। लॉगिन के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और OTP की जरूरत होगी। ध्यान रखें कि नया पोर्टल अकाउंट मैनेज करना आसान बनाता है, लेकिन इससे निवेश पर बेहतर रिटर्न की गारंटी नहीं मिलती। निवेश का विकल्प चुनने से पहले जोखिम, चार्ज और अपने रिटायरमेंट लक्ष्य जरूर देखें।
