सैलरी से कटता है PF, लेकिन खाते में पहुंच रहा या नहीं? ऐसे पकड़े गड़बड़ी; जानें कहां करें शिकायत
क्या आपकी सैलरी से भी हर महीने PF कटता है लेकिन पूरा अमाउंट आपके खाते में जमा नहीं होता है? ...और पढ़ें

PF कट रहा है, लेकिन खाते में पैसा पहुंच रहा या नहीं?
HighLights
EPFO पोर्टल पर ऑनलाइन PF जमा राशि जांचें।
UAN और पासवर्ड से लॉगिन कर पासबुक देखें।
गड़बड़ी मिलने पर EPFiGMS पोर्टल पर शिकायत करें।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: सैलरी स्लिप में हर महीने PF कटौती देखकर आप भी निश्चिंत हो जाते हैं कि आपका पूरा पैसा EPF खाते में जमा हो रहा है? जरूरी नहीं कि ऐसा हो ही। कई बार कंपनी कर्मचारी की सैलरी से प्रोविडेंट फंड (PF) काट तो लेती है, लेकिन उसे समय पर या पूरा EPF खाते में जमा नहीं करती। ऐसे में कर्मचारी को पता भी नहीं चलता कि रिटायरमेंट की बचत में गड़बड़ी हो रही है।
खास बात यह है कि आप खुद अपने PF खाते का बैलेंस और हर महीने जमा होने वाली रकम चेक कर सकते हैं। अगर कटौती और जमा रकम में अंतर दिखाई देता है, तो इसकी शिकायत भी कर सकते हैं।
PF जमा करने की आखिरी तारीख?
EPF के नियमों के मुताबिक, कंपनियों को हर महीने की 15 तारीख तक पिछले महीने का PF जमा करना होता है। इसमें कर्मचारी की सैलरी से काटा गया हिस्सा और कंपनी की तरफ से दिया जाने वाला योगदान, दोनों शामिल होते हैं।
कैसे चेक करें कि आपका PF खाते में जमा हो रहा है या नहीं?
EPFO अपने सदस्यों को ऑनलाइन पासबुक की सुविधा देता है। इसके जरिए आप देख सकते हैं कि कंपनी ने हर महीने आपके खाते में कितना पैसा जमा किया है।
इसके लिए ये स्टेप्स फॉलो करें:
- सबसे पहले EPFO के आधिकारिक मेंबर पासबुक पोर्टल पर जाएं।
- अपना UAN और पासवर्ड डालकर लॉगिन करें।
- लॉगिन के बाद आपके सामने PF से जुड़ी मेंबर ID दिखाई देगी।
- जिस कंपनी का PF चेक करना है, उससे जुड़ी मेंबर ID चुनें।
- अब पासबुक खोलें। इसमें हर महीने जमा हुए PF का पूरा ब्योरा दिखाई देगा।
- अपनी सैलरी स्लिप में दर्ज PF कटौती का पासबुक में जमा रकम से मिलान करें।
पासबुक में कर्मचारी का योगदान, कंपनी का योगदान और EPS यानी पेंशन खाते में जमा रकम की अलग-अलग जानकारी मिलती है। इसलिए केवल कुल बैलेंस देखकर संतुष्ट न हों, बल्कि हर महीने की एंट्री जरूर जांचें।
एक जरूरी बात: अगर आपने कई कंपनियों में काम किया है, तो एक ही UAN के तहत अलग-अलग Member ID हो सकती हैं। ऐसे में पुरानी और मौजूदा दोनों कंपनियों की PF एंट्री चेक करना जरूरी है।
EPFO में कहां और कैसे करें शिकायत?
कर्मचारी PF से जुड़ी गड़बड़ी की शिकायत EPFO के ऑनलाइन शिकायत पोर्टल EPFiGMS पर कर सकते हैं। इसके लिए:
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट https://epfigms.gov.in/ पर जाएं।
- यहां Register Grievance के विकल्प पर क्लिक करें।
- PF Member का विकल्प चुनें।
- अपना UAN दर्ज करें और जरूरी वेरिफिकेशन पूरा करें।
- शिकायत में बताएं कि किस महीने आपकी सैलरी से PF काटा गया, लेकिन खाते में जमा नहीं हुआ।
- सैलरी स्लिप और PF पासबुक जैसे जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- शिकायत सबमिट करने के बाद मिलने वाला रजिस्ट्रेशन नंबर सुरक्षित रखें।
इस नंबर की मदद से आप अपनी शिकायत का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं। अगर शिकायत लंबित रहती है, तो पोर्टल पर रिमाइंडर भेजने की सुविधा भी उपलब्ध है। जरूरत पड़ने पर संबंधित EPFO क्षेत्रीय कार्यालय में लिखित शिकायत भी की जा सकती है।
WhatsApp से भी देख सकते हैं PF का पैसा
अब EPFO ने सदस्यों के लिए WhatsApp के जरिए भी PF से जुड़ी जानकारी हासिल करने की सुविधा दी है। इसके लिए EPFO के वेरिफाइड WhatsApp नंबर (EPFO Whatsapp number) +91 8796441800 पर Hi मैसेज भेजना होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।