सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब AI की मदद से होगा फ्री इलाज, क्लेम से लेकर मेडिकल रिकॉर्ड तक मिलेगी नई सुविधाएं; आयुष्मान योजना में क्या-क्या बदलेगा?

Published: Thu, 12 Nov 2026 10:28 AM (IST)

केंद्र सरकार आयुष्मान भारत योजना को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की तैयारी कर रही है, जिससे बीमा क्लेम का निपटारा तेज होगा और फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी।

अब AI की मदद से होगा फ्री इलाज

अब AI की मदद से होगा फ्री इलाज

HighLights

  1. बीमा क्लेम निपटारे की प्रक्रिया AI से होगी तेज।

  2. फर्जी क्लेम की पहचान और रोकथाम में AI मददगार।

  3. डॉक्टर की आवाज से तैयार होंगे मरीज के मेडिकल रिकॉर्ड।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: आयुष्मान भारत (Ayushman bharat) योजना के तहत इलाज कराने वाले लोगों के लिए आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाएं और आसान हो सकती हैं। केंद्र सरकार अब इस योजना को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की तैयारी कर रही है। इसके तहत न सिर्फ बीमा क्लेम के निपटारे की प्रक्रिया तेज की जाएगी, बल्कि फर्जी क्लेम पकड़ने और मरीजों के मेडिकल रिकॉर्ड तैयार करने में भी AI की मदद ली जाएगी। यानी आने वाले समय में इलाज से जुड़े कई कामों में इंसानी दखल कम होगा और टेक्नोलॉजी की भूमिका बढ़ेगी।

इस बदलाव का असर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) में देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेक्नोलॉजी और AI के इस्तेमाल से योजना को ज्यादा प्रभावी बनाया जा सकता है। इससे सरकारी पैसे का बेहतर इस्तेमाल होगा और मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने की व्यवस्था मजबूत होगी।

AI से तेजी से निपटेंगे बीमा क्लेम

अभी स्वास्थ्य बीमा से जुड़े क्लेम की जांच और भुगतान में कई स्तरों पर प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है। इसमें समय भी लगता है और प्रशासनिक खर्च भी बढ़ता है। अब सरकार ऑटो-एडजुडिकेशन यानी क्लेम के ऑटोमेटेड निपटारे का इस्तेमाल बढ़ाना चाहती है। इस तकनीक के जरिए AI तय नियमों और इलाज से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर क्लेम की जांच करने में मदद करेगा। जो क्लेम निर्धारित मानकों पर सही पाए जाएंगे, उनका निपटारा तेजी से हो सकेगा। वहीं, संदिग्ध मामलों को आगे जांच के लिए भेजा जा सकेगा।

फर्जी क्लेम करने वालों पर AI की नजर

आयुष्मान भारत योजना में फर्जीवाड़े को रोकना भी सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए नेशनल एंटी-फ्रॉड यूनिट (NAFU) की भूमिका अहम होगी। AI की मदद से संदिग्ध क्लेम, गलत दस्तावेज और इलाज से जुड़ी गड़बड़ियों की पहचान की जा सकेगी। इससे गलत तरीके से सरकारी पैसे का दावा करने वालों पर निगरानी मजबूत होगी। साथ ही यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि योजना का पैसा सही मरीजों और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे।

डॉक्टर की आवाज से तैयार होगा मरीज का मेडिकल रिकॉर्ड

इस बदलाव की एक खास बात AI वॉयस स्क्राइब है। नेशनल हेल्थ अथॉरिटी ने हाल ही में इसका प्रदर्शन किया है। यह तकनीक डॉक्टर और मरीज के बीच होने वाली बातचीत को सुनकर मेडिकल रिकॉर्ड तैयार कर सकती है। खास बात यह है कि यह कई भारतीय भाषाओं में काम कर सकती है। इससे डॉक्टरों को बार-बार बैठकर मरीज की जानकारी और इलाज का ब्योरा लिखने की जरूरत कम होगी।

डॉक्टर तैयार किए गए रिकॉर्ड की जांच और मंजूरी देने के बाद उसे मरीज के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) से जोड़ सकेंगे। इससे मरीज की मेडिकल हिस्ट्री डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

क्या है आयुष्मान भारत योजना?

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना केंद्र सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना है। इसके तहत पात्र परिवारों को हर साल अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने के लिए प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलता है। इस योजना के तहत सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में तय इलाज के लिए कैशलेस सुविधा उपलब्ध है। इसका मकसद आर्थिक तंगी के कारण किसी जरूरतमंद परिवार का इलाज न रुकने देना है।

 यह भी पढ़ें: Gold Silver Price Today: खरीदारों की मौज! सोना-चांदी हुए सस्ते,₹3000 तक गिरे दाम; चेक करें लेटेस्ट रेट्स

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।