मेटा से पूरी तरह किनारा और नेटफ्लिक्स पर दांव! अचानक क्यों बदला Parag Parikh Flexi Cap का पोर्टफोलियो?
AI शेयरों में गिरावट के बीच PPFAS फ्लैक्सी कैप फंड ने अक्टूबर में अपने विदेशी पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव किया। ...और पढ़ें

मेटा से पूरी तरह किनारा और नेटफ्लिक्स पर दांव! अचानक क्यों बदला Parag Parikh Flexi Cap का पोर्टफोलियो?
HighLights
PPFAS फंड ने अक्टूबर में मेटा के शेयर पूरी तरह बेचे।
नेटफ्लिक्स में 3.06% की नई हिस्सेदारी खरीदी, दूसरा सबसे बड़ा निवेश।
भारतीय इक्विटी एलोकेशन 72.06% से बढ़कर 75.25% हुआ।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। AI शेयरों में गिरावट के बीच देश के सब बड़े म्यूचुअल फंड (Investment in Mutual Fund) ने अपने विदेशी पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव किया। पाराग पारिख फ्लैक्सी कैप फंड (PPFAS) ने अक्टूबर में मेटा से पूरी तरह किनारा किया और तो और नेटफ्लिक्स पर बड़ा दांव खेला। इसके अलावा कंपनी ने माइक्रोसॉफ्ट में अपनी हिस्सेदारी कम करने के साथ साथ और कई बड़े बदलाव किए।
विदेशी पोर्टफोलियो में क्या-क्या बदला?
फंड ने अक्टूबर के महीने में मेटा (Meta Platforms) के शेयरों को पूरी तरह बेच दिया। सितंबर तक पोर्टफोलियो में मेटी की हिस्सेदारी 2.83 फीसदी थी। वहीं फंड ने यूएस टेक शेयरों में बिकवाली के चलते माइक्रोसॉफ्ट में निवेश 2.48% से घटकर 1.42% (करीब 43% की गिरावट) रह गया है। वहीं, अल्फाबेट की हिस्सेदारी भी 4.29% से घटकर 3.42% पर आ गई है।
जहां फंड ने मेटा से किनारा किया, वहीं फंड ने नेटफ्लिक्स में 3.06% की नई हिस्सेदारी खरीदी। इसके साथ ही नेटफ्लिक्स अब अल्फाबेट (Alphabet) के बाद फंड का दूसरा सबसे बड़ा विदेशी निवेश बन गया है। यानी कि कुल मिलाकर देखा जाए तो अक्टूबर में फंड का विदेशी इक्विटी एक्सपोजर सितंबर के 11.90% से घटकर 10.07% पर आ गया।
घरेलू बाजार में कहां लगाया पैसा?
विदेशी शेयरों में बिकवाली के बीच फंड ने भारतीय बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई। अक्टूबर में भारतीय कोर इक्विटी एलोकेशन 72.06% से बढ़कर 75.25% हो गया। फंड ने रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ में लगातार खरीदारी जारी रखी। सितंबर में खरीदारी के बाद अक्टूबर में भी फंड ने 0.88% हिस्सेदारी जोड़ी। अब फंड में डीएलएफ की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 3.36% हो गई है।
इसके अलावा फंड ने ऑटो और ऑयल-गैस शेयर में भी निवेश बढ़ाया। इस सेक्टर से मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडस टावर्स, पेट्रोनेट एलएनजी, महानगर गैस, इंद्रप्रस्थ गैस और कोल इंडिया जैसे शेयरों में भी लगातार निवेश किया गया है। वहीं आईटी सेक्टर भी पीछे नहीं रहा। फंड की तीन प्रमुख भारतीय आईटी होल्डिंग्स (HCL Tech, Infosys और TCS) की हिस्सेदारी सितंबर के 9.39% से बढ़कर अक्टूबर में 11.01% पहुंच गई है
पोर्टफोलियो बदलने की क्या रही वजह?
अक्टूबर में नैस्डैक कंपोजिट (Nasdaq Composite) में 5.3% की गिरावट देखने को मिली थी। मेटा के शेयरों में करीब 15% और अल्फाबेट में लगभग 19% की कमजोरी आई थी। निवेशक इस बात से परेशान हैं कि बड़ी टेक कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा सेंटर्स पर जो अरबों रुपये खर्च कर रही हैं, उसका रिटर्न कब तक मिलेगा। हालांकि, फंड हाउस ने ये साफ नहीं किया है कि ये बदलाव सीधे तौर पर AI सेलऑफ की वजह से हुए हैं या फिर किसी अन्य कारण से।
इसके साथ ही, फंड ने अपने पास मौजूद कैश और डेट के हिस्से को सितंबर के 9.77% से घटाकर अक्टूबर में 8.78% कर दिया है, जिससे साफ है कि निवेश के अच्छे मौके मिलने पर फंड लगातार पैसा डिप्लॉय (deploy) कर रहा है।
डिस्क्लेमर: म्यूचुअल फंड के बारे में यहां दी गई जानकारी निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।