SIP Calculation: बच्चे के लिए की ₹1000 की SIP, तो 18 साल में बनेगा कितना फंड? समझें पूरा कैलकुलेशन
SIP : यह लेख बताता है कि कैसे ₹1000 की मासिक SIP से बच्चे के भविष्य के लिए 18 साल में एक बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है।
-1795413444894_m.webp)
1000 रुपये की एसआईपी से कितना फंड बनेगा?
HighLights
₹1000 मासिक SIP से 18 साल में ₹10.91 लाख तक फंड।
18 साल में कुल ₹2.16 लाख का निवेश, बाकी कंपाउंडिंग से।
लक्ष्य तय करें, सही फंड चुनें, बाजार गिरावट में SIP जारी रखें।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: बच्चे के जन्म के साथ ही माता-पिता उसके बेहतर भविष्य की तैयारी शुरू कर देते हैं। पढ़ाई से लेकर कॉलेज और प्रोफेशनल कोर्स तक, आने वाले समय में कई बड़े खर्च सामने आते हैं। ऐसे में अगर शुरुआत से ही थोड़ी-थोड़ी रकम निवेश की जाए, तो बच्चे के 18 साल का होने तक एक अच्छा फंड तैयार किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी नहीं कि हर महीने हजारों रुपये निवेश किए जाएं। सिर्फ ₹1000 की मंथली SIP से भी इसकी शुरुआत की जा सकती है। आइए समझते हैं कि 18 साल तक लगातार निवेश करने पर कितना पैसा जमा हो सकता है।
₹1,000 की SIP से कितना बनेगा फंड?
मान लीजिए कि आपने बच्चे के जन्म के साथ ही उसके नाम पर हर महीने ₹1000 की SIP शुरू कर दी। अगर आप अगले 18 साल तक बिना रुके हर महीने निवेश करते हैं, तो आपकी जेब से कुल ₹2.16 लाख खर्च होंगे।
अब इस निवेश पर मिलने वाले रिटर्न की बात करें तो अगर सालाना औसत रिटर्न 12% रहता है, तो 18 साल बाद आपका फंड करीब ₹7.58 लाख हो सकता है। वहीं, अगर सालाना रिटर्न 15% मिलता है, तो यही रकम बढ़कर लगभग ₹10.91 लाख तक पहुंच सकती है।
यानी छोटी रकम से शुरू किया गया निवेश लंबी अवधि में कंपाउंडिंग की मदद से बड़ा फंड बनाने में मदद कर सकता है।
अलग-अलग रिटर्न पर कितना मिलेगा पैसा?
18 साल तक हर महीने ₹1,000 निवेश करने पर अलग-अलग सालाना रिटर्न के हिसाब से संभावित फंड इस तरह बन सकता है:
- 10% अनुमानित रिटर्न से ₹6.01 लाख का फंड
- 12%: ₹7.58 लाख
- 15%: ₹10.91 लाख
इस कैलकुलेशन के मुताबिक, आपने पूरे 18 साल में कुल ₹2.16 लाख का निवेश किया होगा। बाकी रकम निवेश पर मिलने वाले संभावित रिटर्न और कंपाउंडिंग से तैयार होगी।
SIP शुरू करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
1. निवेश का लक्ष्य तय करें: बच्चे के लिए SIP शुरू करने से पहले यह तय करें कि आपको किस उद्देश्य के लिए पैसा जमा करना है। जैसे उच्च शिक्षा, कॉलेज की फीस या भविष्य की दूसरी जरूरतें।
2. सही म्यूचुअल फंड चुनें: लंबी अवधि में इक्विटी म्यूचुअल फंड संपत्ति बनाने का विकल्प हो सकते हैं। हालांकि, इनमें बाजार का जोखिम भी रहता है। इसलिए सिर्फ पुराने रिटर्न देखकर किसी फंड का चुनाव न करें। उसके जोखिम, खर्च और निवेश की रणनीति को भी समझें।
3. बाजार की गिरावट से घबराकर SIP बंद न करें: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव आता रहता है। ऐसे में गिरावट के दौरान जल्दबाजी में निवेश बंद करने के बजाय अपने लक्ष्य और आर्थिक स्थिति के हिसाब से निवेश की समीक्षा करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।