कैसे शुरू होता है कबाड़ का बिजनेस, कहां से खरीदें और किसे बेचें? सड़े-गले स्कैप से अंधा पैसा छापने की तरकीब!
कबाड़ का व्यवसाय, जिसे अक्सर कम आंका जाता है, पुराने सामानों जैसे कागज, धातु, प्लास्टिक और ई-कचरे को रीसाइक्लिंग कर बड़ा मुनाफा कमाने का अवसर प्रदान करता है।

स्क्रैप बिजनेस से कमाईका तरीका
HighLights
कबाड़ व्यवसाय छोटे स्तर पर भी शुरू किया जा सकता है।
पुराने कागज, धातु, प्लास्टिक, ई-कचरा मुख्य स्रोत हैं।
सही रणनीति और नियमों से 20-50% मुनाफा संभव।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| कबाड़ का काम अक्सर लोगों को हल्का लगता है। ये एक बोरिंग बिजनेस है और लोग इस सेक्टर में नहीं आना चाहते। लेकिन यही कबाड़ कारोबारियों के लिए कमाई का जरिया बन सकता है। पुराने अखबार, गत्ता, लोहा, प्लास्टिक और इलेक्ट्रॉनिक कचरे को इकट्ठा करने से लेकर उनकी छंटाई, प्रोसेसिंग और रीसाइक्लिंग तक एक बड़ा कारोबारी नेटवर्क काम करता है। इस क्षेत्र में छोटे लेवल पर खरीद-बिक्री से शुरुआत की जा सकती है, जबकि बड़े स्तर पर रीसाइक्लिंग प्लांट और इंडस्ट्रियल सप्लाई के जरिए कारोबार को बढ़ाया जा सकता है।
कहां से कलेक्ट करें वेस्ट मैटेरियल?
कबाड़ के कारोबार में सबसे आम विकल्प पुराने अखबार, किताबें, गत्ते और दूसरे कागज की खरीद-बिक्री है। इन्हें घरों, दुकानों, ऑफिसों और प्रिंटिंग प्रेस से इकट्ठा करके आगे पेपर मिलों या दूसरे खरीदारों को बेचा जा सकता है। इसी तरह, कंस्ट्रक्शन वर्क और इंडस्ट्रियल प्लांट्स से निकलने वाले लोहे और दूसरी धातुओं के स्क्रैप को छांटकर संबंधित उद्योगों तक पहुंचाया जाता है।
प्लास्टिक स्क्रैप का कारोबार भी एक विकल्प है। इसमें बोतलों, पैकेजिंग और दूसरे प्लास्टिक को उसकी किस्म और क्वालिटी के अनुसार अलग करना जरूरी होता है। इसके अलावा, पुराने कंप्यूटर, लैपटॉप और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकलने वाले ई-वेस्ट के कलेक्शन और रीसाइक्लिंग में भी कारोबारी मौके हैं। हालांकि, ई-वेस्ट के मामले में पर्यावरणीय नियमों और ऑथराइज्ड रीसाइक्लिंग व्यवस्था का पालन करना जरूरी है।
कम पूंजी में कैसे शुरू कर सकते हैं कारोबार?
कबाड़ का बिजनेस शुरू करने के लिए हर बार बड़ी फैक्ट्री लगाने की जरूरत नहीं होती। छोटे कारोबारी अपने इलाके में घरों, दुकानों और छोटे प्रतिष्ठानों से कबाड़ इकट्ठा करके उसे थोक खरीदारों को बेचने का काम शुरू कर सकते हैं। शुरुआत में सीमित कैटेगरी के सामान पर ध्यान देना और खरीदारों का नेटवर्क बनाना उपयोगी हो सकता है।
कारोबार शुरू करने से पहले यह पता करना जरूरी है कि इलाके में किस तरह का कबाड़ ज्यादा निकलता है, उसे कौन खरीदता है और किस कैटेगरी पर कितना भाव मिलता है। इसके बाद माल इकट्ठा करने, वजन करने, छांटने और पहुंचाने की व्यवस्था बनानी होती है। खरीद और बिक्री के बीच का अंतर ही मुनाफा नहीं होता। इसमें से परिवहन, मजदूरी, गोदाम का किराया, माल खराब होने और दूसरे खर्चों को घटाना पड़ता है।
कबाड़ से कितनी कमाई?
कबाड़ के कारोबार में नियमित सप्लाई, सही कीमत पर खरीद, भरोसेमंद खरीदार, गुणवत्ता के अनुसार छंटाई और लागत पर नियंत्रण अहम भूमिका निभाते हैं। बड़े स्तर पर काम करने वाले कारोबारियों को बाजार में धातुओं और दूसरे कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का भी सामना करना पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें: अरहर 17% और 8 प्रतिशत से अधिक बढ़े चना दाल के दाम! बढ़ती कीमतों और राज्यों की मांग के बीच केंद्र के सामने 2 चुनौतियां
आमतौर पर छोटे कारोबारी 20-30 फीसदी मार्जिन और बड़े कारोबारी 50 फीसदी के मार्जिन का मुनाफा कमा सकते हैं। उदाहरण के तौर पर अगर आप हर महीने 1 लाख का कबाड़ कलेक्ट करके बिक्री कर देते हैं तो 20 से 30 हजार का शुद्ध मुनाफा होगा।
कारोबार शुरू करने से पहले की तैयारी
कबाड़ का काम शुरू करने से पहले स्थानीय स्तर पर लागू व्यापार संबंधी कंप्लायंस, बिलिंग और GST की जानकारी लेनी चाहिए। ई-वेस्ट और बैटरी जैसे विशेष प्रकार के कचरे के लिए अलग नियम लागू हो सकते हैं। इसलिए ऐसे कारोबार में उतरने से पहले संबंधित पर्यावरणीय नियमों और रजिस्ट्रेशन की शर्तों को समझना जरूरी है। कबाड़ का कारोबार उन लोगों के लिए एक विकल्प हो सकता है जो सीमित स्तर से शुरुआत करके धीरे-धीरे सप्लाई नेटवर्क और ग्राहक बढ़ाना चाहते हैं। हालांकि, इसमें सफलता का आधार केवल कबाड़ खरीदना नहीं, बल्कि सही बाजार चुनना, खर्चों का हिसाब रखना और माल को सही खरीदार तक पहुंचाना है।
