सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MSME Loan: जल्द SBI देगा ₹50 करोड़ तक का लोन, छोटे कारोबारियों को मिलेगा फायदा; क्या होगी प्रोसेस?

Published: Sat, 28 Nov 2026 11:18 AM (IST)

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) अपने 'MSME ड्रीम' कार्यक्रम के तहत छोटे कारोबारियों के लिए लोन की सीमा को मौजूदा 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर मार्च 2027 तक 50 करोड़ रुपये करने की योजना बना रहा है। यह विस्तार MSME क्षेत्र की वित्तीय जरूरतों को पूरा करेगा और 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

SBI का 'MSME ड्रीम' प्रोजेक्ट

SBI का 'MSME ड्रीम' प्रोजेक्ट

HighLights

  1. SBI MSME ड्रीम लोन सीमा 50 करोड़ तक बढ़ेगी

  2. डिजिटल लेंडिंग से आधे घंटे में लोन मंजूरी संभव

  3. MSME क्षेत्र 'विकसित भारत 2047' के लिए अहम

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) अपने डिजिटल लेंडिंग प्रोग्राम, 'MSME ड्रीम' के तहत छोटे कारोबारियों को दिए जाने वाले लोन की राशि को बढ़ाने की योजना बना रहा है। इसके तहत भारत का सबसे बड़ा बैंक एमएसएमई के लिए लोन की सीमा को मौजूदा 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर मार्च 2027 तक 50 करोड़ रुपये तक करने जा रहा है।
हालांकि इस बढ़ोतरी को एक साथ नहीं, बल्कि कई फेज में लागू किया जाएगा। पहले फेज में, 30 नवंबर तक लोन की सीमा को बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किए जाने की उम्मीद है।

2.25 लाख करोड़ रुपये के लोन मंजूर

मार्च 2027 तक बैंक के पूरे ब्रांच नेटवर्क में यह सीमा बढ़ाकर 50 करोड़ रुपये कर दी जाएगी। दिसंबर 2023 में शुरू किया गया 'MSME ड्रीम' प्रोग्राम, MSME को डिजिटल एप्लिकेशन और वैल्यूएशन प्रोसेस के जरिए लोन प्राप्त करने की सुविधा देता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस प्लेटफॉर्म के लॉन्च होने के बाद से SBI ने लगभग 2.25 लाख करोड़ रुपये के लोन मंजूर किए हैं। यह विस्तार MSME क्षेत्र के कारोबारों की वित्तीय जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

रोजगार और निर्यात में अहम भूमिका

MSME सेक्टर इंडस्ट्रियल एक्टिविटीज, रोजगार और निर्यात में अहम भूमिका निभाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एसबीआई के एक अधिकारी ने कहा, "MSME क्षेत्र केवल एक आर्थिक हिस्सा नहीं है, बल्कि यह भारत के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निर्यात, इनोवेशन और ओवरऑल डेवलपमेंट का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है।"

आधे घंटे में लोन मंजूर

एसबीआई को उम्मीद है कि बैंक डिजिटल लेंडिंग मॉडल, लोन की मंजूरी प्रोसेस को धीमा किए बिना बड़ी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा। 'MSME ड्रीम' प्रोग्राम के तहत, लोन लेने वाला एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपने कारोबार और फाइनेंशियल डिटेल जमा करते हैं।
यह प्लेटफॉर्म उपलब्ध डेटा और डिजिटल फुटप्रिंट्स का उपयोग करके उधारकर्ता की साख (क्रेडिट एलिजिबिलिटी) की वैल्यूएशन करता है। SBI अधिकारी के अनुसार, यह सिस्टम 30-45 मिनट के भीतर लोन की 'इन-प्रिंसिपल' मंजूरी दे सकता है।

'विकसित भारत 2047' के लिए अहम

SBI ने यह भी बताया कि इस प्रोग्राम के जरिए दिए गए लोन की एसेट क्वालिटी बेहतर रही है। 'MSME ड्रीम' के तहत एसबीआई का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA) रेशियो 0.50% से कम है, जबकि इसके कुल MSME लोन पोर्टफोलियो के लिए यह 1.50% से अधिक है।
लोन राशि में ये बढ़ोतरी ऐसे समय में हो रही है, जब भारतीय अर्थव्यवस्था में MSME सेक्टर का योगदान लगातार बढ़ रहा है। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, भारत की GDP में MSME का हिस्सा 31.1%, मैन्युफैक्चरिंग आउटपुट में 35.4% और कुल निर्यात में 48.58% है।

यह सेक्टर सरकार के 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य के लिए भी बहुत अहम है। SBI अधिकारी ने कहा कि भारत के एक डेवलप्ड इकोनॉमी बनने के सफर में सहयोग देने के लिए, MSME और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को अपना विस्तार करना होगा, अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ानी होगी और अपने कामकाज के तरीकों में बदलाव लाना होगा।

ये भी पढ़ें - फेल ATM लेन-देन पर लगेगा शुल्क? कितनी बार मुफ्त में निकाल सकेंगे पैसा; RBI ने जारी किए एटीएम-PoS के नए रूल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।