सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उड़द में ₹800, अरहर में ₹900 और मसूर में भी बढ़ी MSP! विदेशों से दाल मंगाने वाले भारत का निर्यात 13% बढ़ा, आयात में भारी कमी

Published: Tue, 13 Oct 2026 07:50 PM (IST)

भारत में दालों का उत्पादन 2025-26 में बढ़कर 274.09 लाख टन हो गया, जिससे आयात में 31.52% की कमी आई और निर्यात में 13.40% की वृद्धि दर्ज की गई।

दालों का आयात घटा, निर्यात में बढ़ोतरी

दालों का आयात घटा, निर्यात में बढ़ोतरी

HighLights

  1. दाल उत्पादन 274.09 लाख टन पहुंचा, रिकॉर्ड वृद्धि।

  2. दाल आयात 31.52% घटा, निर्यात 13.40% बढ़ा।

  3. उड़द, अरहर, मसूर MSP में भारी बढ़ोतरी।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत दालों का बड़ा आयातक देश है। सरकार का प्रयास दलहन-तिलहन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने का रहा है। त्योहारों से पहले दालों को लेकर खुशखबरी सामने आई है। सरकार की ओर से जारी एक फैक्टशीट के मुताबिक 2025-26 में देश का कुल दालों के प्रोडक्शन में जबरदस्त उछाल आया है, और ये बढ़कर 274.09 लाख टन हो गया। जो साल 2024-25 में 256.83 लाख टन था। पैदावार बढ़ने के साथ ही इस अवधि में दालों के आयात में भी गिरावट आई है।

दालों का आयात घटा, निर्यात में बढ़ोतरी

भारत में दालों के आयात में लगभग 31.52% तक कमी आई है, और ये घटकर 2024-25 में ₹46,427.60 करोड़ से 2025-26 में ₹31,793.59 करोड़ हो गया। वहीं दूसरी ओर भारत से दालों का निर्यात 13.40% बढ़कर 2024-25 में 855 मिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 2025-26 में 969.53 मिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया। 2025-26 के दौरान कुल निर्यात 10.01 लाख टन तक पहुंच गया। 2025-26 में, निर्यात के प्रमुख देशों में चीन, UAE, बांग्लादेश, अमेरिका और श्रीलंका शामिल रहे।

दालों की MSP पर जबरदस्त बढ़ोतरी

सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्यों (MSP) में पर्याप्त बढ़ोतरी करके दाल की खेती करने वाले किसानों के लिए मूल्य सुरक्षा को लगातार मजबूत कर रही है। समर्थन मूल्य बढ़ने से किसानों को सही दाम मिलते हैं और दाल की मुख्य फसलों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलता है। PIB के मुताबिक मार्केटिंग ईयर 2024-25 के लिए उड़द का MSP ₹7,400 प्रति क्विंटल तय किया गया था, जिसे ₹800 (10.81%) बढ़ाकर 2026-27 के लिए ₹8,200 प्रति क्विंटल कर दिया गया।

ये भी पढ़ें: 350 नहीं सिर्फ 90 डॉलर में इराक पहुंच रहा भारतीय बासमती! मिडिल-ईस्ट तनाव के बीच मिला नया तरीका, हर टन में $260 की बचत

साल 2024-25 के लिए तूर (अरहर) का MSP ₹7,550 प्रति क्विंटल था, जिसमें ₹900 रुपये (11.92%) की बढ़ोतरी हुई और यह 2026-27 में ₹8,450 प्रति क्विंटल तक पहुंच गया। इसी तरह साल 2024-25 के लिए मसूर का MSP ₹6,700 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था, जिसे 2026-27 के लिए ₹300 (4.48%) बढ़ाकर ₹7,000 प्रति क्विंटल कर दिया गया।

100 फीसदी दालों की खरीद करेंगी एजेंसियां

दालों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता मिशन के तहत, भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारिता संघ लिमिटेड (NCCF) और भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ लिमिटेड (NAFED) को चार साल (2025-26 से 2028-29) की अवधि के लिए तूर, मसूर और उड़द की 100% खरीद के लिए ऑथराइज किया गया है। 17 जून 2026 तक, NCCF ने 9 राज्यों में कुल 10.55 लाख टन दालों की खरीद की। किसानों को सीधे कुल ₹7,047 करोड़ मूल्य का MSP भुगतान जारी किया गया। इस पहल से कुल 7.74 लाख रजिस्टर्ड किसानों में से 4.69 लाख किसानों को फायदा हुआ।