सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीनी को लेकर सरकार का बड़ा एलान, ड्यूटी फ्री इंपोर्ट की डेडलाइन बढ़ाई, अमेरिका को निर्यात की अनुमति

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:10 PM (IST)

सरकार ने घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने और कीमतों को नियंत्रित करने के लिए 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की समयसीमा 31 मार्च, 2027 तक बढ़ा दी है।

चीनी को लेकर सरकार का बड़ा एलान

चीनी को लेकर सरकार का बड़ा एलान

HighLights

  1. कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की समयसीमा 2027 तक बढ़ी।

  2. घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर नियंत्रण।

  3. अमेरिका को 8,606 टन कच्ची चीनी के निर्यात की मंजूरी।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत में चीनी की कीमत को कंट्रोल करने के लिए और सप्लाई बनाए रखने के लिए सरकार ने चीनी के आयात की अनुमति दी थी। केंद्र सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की समयसीमा एक बार फिर 3 महीने बढ़ाकर 31 मार्च, 2027 कर दी है। पहले यह समयसीमा 31 दिसंबर, 2026 तक थी।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने बुधवार को एक नॉटिफिकेशन में कहा कि शुल्क दर कोटा (TRQ) के तहत 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की वैधता अवधि 31 दिसंबर, 2026 से बढ़ाकर 31 मार्च, 2027 कर दी गई है। इस कदम का उद्देश्य घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाना और कीमतों में वृद्धि पर अंकुश लगाना है।

रिफाइन चीनी के बिक्री की समयसीमा भी बढ़ी

DGFT ने अलग से जारी एक अधिसूचना में कहा कि आयातित कच्ची चीनी को सफेद/रिफाइन चीनी में बदलने और घरेलू बाजार में उसकी बिक्री की समयसीमा भी बढ़ाकर 30 सितंबर, 2027 कर दी गई है। सरकार ने चीनी की घरेलू कीमतों में तेज वृद्धि को देखते हुए शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी थी।

साल 2026-27 के चीनी सत्र की शुरुआत में शुरुआती भंडार कम होने के कारण मिलों से बिक्री की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थीं। देश में प्रमुख त्योहारों के दौरान आमतौर पर अगस्त से नवंबर के बीच चीनी की मांग बढ़ जाती है। कीमतों पर नियंत्रण के लिए सरकार ने उन थोक उपभोक्ताओं के लिए भंडार रखने की सीमा भी तय की थी, जो महीने में 10 टन से अधिक चीनी का इस्तेमाल करते हैं। उनके लिए चीनी का भंडार 15 दिन की खपत तक सीमित कर दिया गया था।

भारत ने दी अमेरिका को निर्यात की अनुमति

भारत ने अमेरिकी वित्त वर्ष 2027 (1 अक्टूबर, 2026 से 30 सितंबर, 2027) के लिए शुल्क दर कोटा (TRQ) योजना के तहत अमेरिका को 8,606 टन कच्ची चीनी के निर्यात की अनुमति दी है। सरकारी आदेश में यह जानकारी दी गई है। TRQ योजना के तहत इस कोटे में गन्ने से प्राप्त अन प्रोसेस्ड यानी कच्ची चीनी का निर्यात शून्य या रियायती शुल्क पर किया जा सकेगा।

ये भी पढ़ें: पाम ऑयल और सोयाबीन तेल की कीमतों में गिरावट! FMCG कंपनियों का बढ़ेगा मुनाफा, आम ग्राहकों को क्या राहत?

वाणिज्य मंत्रालय की अधिसूचना में कहा गया कि DGFT ने अमेरिकी वित्त वर्ष 2026-27 के लिए टीआरक्यू योजना के तहत अमेरिका को 8,606 मीट्रिक टन कच्ची चीनी के निर्यात का कोटा आवंटित किया है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।