सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Gold Silver Price: सोना ₹1500 महंगा, अजय केडिया ने बताया कब और किस भाव पर करें खरीदारी? नोट कर लें टारगेट!

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:08 PM (GMT+05:30)

Gold Silver Outlook: दिल्ली में सोने का भाव ₹1500 बढ़कर ₹1,27,500 प्रति 10 ग्राम हुआ, जबकि चांदी स्थिर रही। केडिया एडवाइजरी के अजय केडिया ने निवेशकों को डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी और वैश्विक संकेतों के बीच सोने-चांदी में खरीदारी की रणनीति और लक्ष्य बताए।

सोना चांदी की कीमतों में उतार चढ़ाव अजय केडिया ने बताया खरीदारी का सही समय

सोना चांदी की कीमतों में उतार चढ़ाव अजय केडिया ने बताया खरीदारी का सही समय

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| Gold Silver Price Today: रुपए में आई गिरावट और निचले स्तरों पर खरीदारी बढ़ने से गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी के सराफा बाजार में सोने की चमक लौट आई। दिल्ली में सोना 1,500 रुपए प्रति 10 ग्राम महंगा होकर 1,27,500 रुपए के स्तर पर पहुंच गया।

स्थानीय कारोबारियों के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बुधवार को 1,26,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो गुरुवार को सभी करों सहित 1,27,500 रुपए (gold price today) पर पहुंच गया। दूसरी तरफ, चांदी की कीमत 1.50 लाख रुपए प्रति किलोग्राम (silver price today) पर स्थिर रही, जो इसका एक साल का सबसे निचला स्तर है।

कारोबारियों का कहना है कि डॉलर के मुकाबले रुपये के कमजोर होकर 92.44 पर आने से घरेलू बाजार में सोने को सहारा मिला है। चूंकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत डॉलर में तय होती है, इसलिए रुपए के कमजोर होने से देश में सोना आयात करना महंगा हो जाता है। लेकिन वैश्विक स्तर पर तस्वीर थोड़ी अलग है।

अमेरिका में महंगाई के आंकड़े बढ़ने के बाद अमेरिकी केंद्रीय बैंक यानी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका तेज हो गई है। ऐसे में निवेशकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या आने वाले दिनों में सोना और चांदी और सस्ते होंगे?

इस पूरी स्थिति को समझने और आगे की रणनीति जानने के लिए जागरण बिजनेस ने केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया (Ajay Kedia Gold Silver Outlook) से खास बातचीत की। उन्होंने 5 अहम सवालों के जरिए बाजार का पूरा गणित और नए टारगेट समझाए।

सवाल 1: अमेरिका में कोर पीसीई (Core PCE) महंगाई दर 3 साल के उच्चतम स्तर 3.3% पर पहुंचने से फेड द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में सोना और चांदी अभी और कितना टूट सकते हैं?

अजय केडिया: अक्टूबर महीने में अमेरिका की कोर पीसीई महंगाई सालाना आधार पर बढ़कर 3.3% पर पहुंच गई है, जो बाजार के 3.2% के अनुमान से ज्यादा है। इस आंकड़े के आने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना $3,485 और चांदी $39 के आसपास कारोबार करती दिखी। यहां से नीचे की तरफ सोने का अगला पड़ाव (सपोर्ट) $3,450 और चांदी का $38.50 है। अगर कीमतें इन स्तरों के नीचे फिसलती हैं, तो सोना $3,400 और चांदी $38 तक गिर सकती है। यह आंकड़े जारी होने के बाद के स्तरों से दोनों धातुओं में लगभग 2.5% की और गिरावट को दर्शाता है।

सवाल 2: अर्थव्यवस्था में बढ़ती महंगाई के बीच क्या सोने को 'महंगाई से बचाव' (Inflation Hedge) के तौर पर होने वाली खरीदारी से सहारा मिलेगा, या ऊंची ब्याज दरों का दबाव इस पर भारी पड़ेगा?

अजय केडिया: फिलहाल ऊंची ब्याज दरें सोने के 'महंगाई से बचाव' वाले आकर्षण पर भारी पड़ रही हैं। अमेरिका में हेडलाइन पीसीई 3.8% रहने और तीसरी तिमाही (Q3) की आर्थिक ग्रोथ का अनुमान सालाना आधार पर बढ़कर 4.3% होने के बाद, बाजार को दिसंबर में ब्याज दरों में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की उम्मीद है। इन आंकड़ों के बाद अमेरिकी 10-साल की बॉन्ड यील्ड भी 4.84% के उच्च स्तर के करीब बनी हुई है। जब तक रियल यील्ड में लगातार गिरावट नहीं आती, सोने की मांग पर दबाव रहेगा। अभी डॉलर मजबूत हो रहा है, इसलिए सोने को 'महंगाई से बचाव' के रूप में दोबारा उभरने में थोड़ा और समय लग सकता है।

सवाल 3: सख्त मौद्रिक नीति और आर्थिक सुस्ती की आशंका से औद्योगिक मांग (Industrial Demand) प्रभावित हो रही है। क्या इस वजह से चांदी में सोने के मुकाबले ज्यादा बड़ी गिरावट आएगी?

अजय केडिया: सोने की 32% गिरावट के मुकाबले चांदी पहले ही अपने ऊपरी स्तरों से लगभग 65% तक टूट चुकी है। लंबे समय तक ऊंची महंगाई बने रहने से कंपनियों के लिए कर्ज (फाइनेंसिंग) की लागत महंगी बनी रहेगी, वहीं महंगा ईंधन फैक्ट्री ऑर्डर को धीमा कर सकता है। इसका सीधा असर चांदी की औद्योगिक मांग पर पड़ता है। तकनीकी रूप से देखें तो गोल्ड-सिल्वर रेश्यो का 86 से 90 की ओर बढ़ना चांदी के और कमजोर प्रदर्शन का संकेत देगा। हालांकि, लंबी अवधि के निवेशकों के लिए 85 से 90 के आसपास का यह रेश्यो घबराकर बेचने के बजाय अपने पोर्टफोलियो में चांदी जोड़ने का एक बेहतरीन मौका है।

सवाल 4: अगर मजबूत डॉलर के मुकाबले रुपया और कमजोर होता है, तो क्या घरेलू बाजार (MCX) में सोने और चांदी की गिरावट सीमित रहेगी?

अजय केडिया: पिछले दिनों कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी और विदेशी निवेशकों के पैसे (इक्विटी इनफ्लो) की मदद से रुपया प्रति डॉलर 97 के करीब से सुधरकर 92.30 तक आ गया था। रुपये की इस मजबूती ने घरेलू बाजार (MCX) पर सोने और चांदी के नुकसान को और बढ़ा दिया। हमारा अनुमान है कि अगले तीन महीनों में रुपया 92 से 95 के दायरे में रहेगा। अगर रुपया फिर से कमजोर होकर 94 से 95 की ओर जाता है, तो यह घरेलू सर्राफा बाजार को वैश्विक गिरावट के झटकों से बचाने के लिए एक सुरक्षा कवच (cushion) का काम करेगा।

सवाल 5: आगे चलकर 4 दिसंबर और 9 दिसंबर की तारीखें बाजार के लिए बेहद अहम हैं। तब तक के लिए प्रमुख सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल क्या हैं, और क्या मौजूदा गिरावट खरीदारी का मौका है?

अजय केडिया: अमेरिका के बढ़े हुए महंगाई आंकड़े, अगले हफ्ते की एक्सपायरी, 4 दिसंबर को आने वाले अमेरिकी पेरोल (रोजगार) डेटा और 9 दिसंबर को फेड के ब्याज दरों पर फैसले के कारण बाजार में तेज उतार-चढ़ाव (volatility) बना रह सकता है। निवेशकों को 6 से 8 महीने का नजरिया रखकर चलना चाहिए। मैं सोने में $3,400 से $3,450 (भारतीय करेंसी में करीब 1.05 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम) और चांदी में $37.50 से $38 के आसपास एकमुश्त पैसा लगाने के बजाय किस्तों में खरीदारी (staggered buying) करने की सलाह दूंगा। आगे चलकर सोने के लिए बड़ा रेजिस्टेंस $4,500 और चांदी के लिए $70 पर है। रिकवरी शुरू होने पर चांदी में सोने के मुकाबले ज्यादा तेजी देखने को मिल सकती है।

यह भी पढ़ें- ₹1 लाख से भी नीचे आ जाएगा सोना! बैंक ऑफ अमेरिका का दावा- गिरावट अभी थमी नहीं; BofA ने क्यों जारी किए नए टारगेट?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।