Gold Silver Price: क्रैश के बाद सोने-चांदी की कीमतों में आई तेजी, क्या आगे गिरेगा सोना? अनुज गुप्ता ने दे दिया जवाब!
Gold Silver Price: 2 जुलाई को सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बाद उछाल आया, जबकि चांदी में तेजी दर्ज ...और पढ़ें
HighLights
2 जुलाई को सोने-चांदी की कीमतों में उछाल, बाजार में तेजी।
विशेषज्ञ अनुज गुप्ता ने बाजार की अनिश्चितता के कारण बताए।
निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए सटीक रणनीति और लक्ष्य साझा किए।
नई दिल्ली: 2 जुलाई को सर्राफा बाजार में मिलाजुला रुख देखने को मिला, बाजार खुलते हीं सोने (Gold Price) की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई थी लेकिन अब जब यह खबर आप पढ़ रहे हैं तो सोने के दाम में अचनाक उछाल देखने को मिली है, वहीं चांदी (Silver Price) ने तेजी दिखाते हुए बाजार में अलग ही चमक बिखेर दी।
क्या हैं आज के दाम?
ताजा आंकड़ों के मुताबिक 24 कैरेट सोना (Gold) करीब ₹1.44 प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना करीब ₹1.32 प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ चांदी (Silver) की कीमतों में उछाल देखने को मिला है और यह करीब ₹2.32 लाख प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई है, जिसमें पिछले दिन के मुकाबले बढ़त दर्ज हुई है।
बाजार में मचे इस उतार-चढ़ाव और अनिश्चितता को बारीकी से समझने के लिए जागरण बिजनेस ने बात की सेबी (SEBI) रजिस्टर्ड कमोडिटी एंड मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता से, जिन्होंने निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए आगे की सटीक रणनीति साझा की।
सोने-चांदी पर 5 अहम सवाल और एक्सपर्ट के जवाब
सवाल 1: सोने-चांदी के दामों में अचानक आ रहे इस भारी उतार-चढ़ाव की मुख्य वजह क्या है?
अनुज गुप्ता: बाजार में अभी अनिश्चितता का माहौल है और कोई स्पष्ट ट्रेंड (Trend) नहीं है। पिछले कुछ दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव, और अमेरिकी फेडरल रिजर्व (Fed) के बयानों के कारण निवेशकों में असमंजस है, जिसकी वजह से दामों में यह तेजी और गिरावट देखने को मिल रही है।
सवाल 2: फेडरल रिजर्व के बयानों का सोने की कीमतों पर आगे क्या असर देखने को मिलेगा?
अनुज गुप्ता: फेड चेयरमैन ने अपनी हालिया स्पीच में ब्याज दरें बढ़ाने (Interest Rates) को लेकर कोई आक्रामक रुख नहीं दिखाया है। वे फिलहाल अमेरिकी आंकड़ों और कच्चे तेल (Crude Oil) की गिरती कीमतों पर नजर रख रहे हैं। अगर आगे भी ब्याज दरें नहीं बढ़ती हैं, तो इससे सोने को मजबूत सपोर्ट मिलेगा और बड़ी गिरावट पर ब्रेक लग जाएगा।
सवाल 3: आज अमेरिका के 'जॉब्स डेटा' (NFP) आने वाले हैं, इससे सर्राफा बाजार को क्या उम्मीदें हैं?
अनुज गुप्ता: आज अमेरिका के कई अहम आंकड़े (जैसे नॉन-फार्म एंप्लॉयमेंट) आने हैं और कल वहां बाजार बंद रहेंगे, इसलिए आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। कच्चे तेल के दाम कम होने से इकॉनमी को जो सपोर्ट मिला है, उससे उम्मीद है कि ये डेटा पॉजिटिव आएंगे। अगर आंकड़े सकारात्मक रहते हैं, तो आज सोने और चांदी दोनों में अच्छी रिकवरी देखने को मिल सकती है।
सवाल 4: मौजूदा हालात में MCX पर ट्रेडर्स को क्या रणनीति अपनानी चाहिए और आज के टारगेट्स क्या हैं?
अनुज गुप्ता: अभी बाजार को देखते हुए ट्रेडर्स को 'बाय ऑन डिप्स' (Buy on Dips) यानी गिरावट पर खरीदारी की रणनीति अपनानी चाहिए।
गोल्ड (Gold): ₹1,43,000 के आसपास खरीदारी करें। इसका मजबूत सपोर्ट ₹1,42,500 पर है और आज का टारगेट ₹1,44,500 देखा जा सकता है।
सिल्वर (Silver): चांदी में ₹2,26,000 का स्ट्रांग सपोर्ट है। इसके लिए आज का टारगेट ₹2,33,000 से लेकर ₹2,34,000 के बीच रह सकता है।
सवाल 5: जो लोग निवेश (Investment) करना चाहते हैं, उनके लिए लंबी अवधि या ईयर-एंड (Year-End) टारगेट्स क्या हैं?
अनुज गुप्ता: लंबी अवधि के निवेशकों के लिए नजरिया बहुत सकारात्मक है। चीन सहित कई सेंट्रल बैंकों की खरीदारी और गोल्ड ईटीएफ (ETF) में दोबारा लौटते निवेश को देखते हुए, इस साल के अंत तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,800 से 5,000 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है। वहीं, चांदी के भी 80 से 85 डॉलर के स्तर को छूने की पूरी उम्मीद है।
