Gold के दाम तय करेंगी ये 3 तारीखें, खरीदारी से पहले जान लें अगले 15 दिन क्यों हैं अहम? जाने डिटेल
Gold rates: सोने की कीमतों में हालिया गिरावट के बाद अगले 15 दिन बेहद अहम हैं, क्योंकि अमेरिका से आने वाले तीन बड़े आर्थिक आंकड़े सोने की चाल तय करेंगे।

Gold खरीदारी से पहले जान लें अगले 15 दिन क्यों हैं अहम?
HighLights
अमेरिका का PCE महंगाई डेटा 25 नवंबर को जारी होगा।
4 दिसंबर को अमेरिकी रोजगार आंकड़े होंगे जारी।
फेडरल रिजर्व 9 दिसंबर को ब्याज दरों पर लेगा फैसला।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: सोने की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी गिरावट के बाद सोना संभलता है तो अगले ही दिन फिर इसकी कीमतों पर दबाव आ जाता है। 25 नवंबर यानी आज भी सोने की कीमतों (gold rates) में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। ऐसे में जो लोग सोने में निवेश करने की सोच रहे हैं या पहले से गोल्ड में पैसा लगा चुके हैं, उनके लिए आने वाले करीब 15 दिन बेहद अहम रहने वाले हैं।
दरअसल, अमेरिका से आने वाले तीन बड़े आर्थिक अपडेट सोने की अगली चाल तय कर सकते हैं। गोल्ड की कीमतों में तेजी आएगी या गिरावट देखी जाएगी अब यही तारीखें तय करेंगी। आइए डिटेल में समझते हैं।
ऑल टाइम हाई से कितना सस्ता हुआ सोना?
अगर सोने की कीमतों पर नजर डालें तो इस साल जनवरी में 24 कैरेट सोना (24 carat gold) 10 ग्राम के लिए करीब ₹1.83 लाख के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया था। लेकिन इसके बाद कीमतों (gold price crash) में बड़ी गिरावट आई है। ऐसे में आज यानी 25 नंवबर को 24 कैरेट सोना 121,380 रुपये 10 ग्राम पर है। यानी अपने रिकॉर्ड स्तर (gold time all time high crash) से सोना करीब 61 हजार रुपये सस्ता हो चुका था। इस तरह सोने में करीब 32.7% की गिरावट आई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने पर दबाव बना हुआ है। 25 नवंबर यानी आज स्पॉट गोल्ड करीब 3,531 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। सोना इस साल के रिकॉर्ड स्तर से करीब 37% नीचे आ चुका है। मजबूत अमेरिकी डॉलर और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका इसकी कीमतों पर दबाव बना रही है।
अब आगे क्या होगा?
सोने की अगली चाल काफी हद तक अमेरिका से आने वाले आर्थिक आंकड़ों पर निर्भर करेगी। अगले कुछ दिनों में तीन ऐसी घटनाएं होने वाली हैं, जिन पर दुनियाभर के निवेशकों की नजर रहेगी।
1. 25 नवंबर: अमेरिका का महंगाई डेटा (PCE)
25 नवंबर यानी आज रात को अमेरिका का पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (PCE) महंगाई डेटा (Personal Consumption Expenditures) जारी होना है। इसे अमेरिकी महंगाई का अहम पैमाना माना जाता है। खासतौर पर कोर PCE पर निवेशकों की नजर रहेगी, जिसमें खाने-पीने की चीजों और ऊर्जा की कीमतों को शामिल नहीं किया जाता।
इस आंकड़े से पता चलेगा कि अमेरिका में महंगाई कितनी तेजी से बढ़ रही है। अगर महंगाई उम्मीद से कम रहती है तो फेडरल रिजर्व के लिए ब्याज दरों में सख्ती बनाए रखने का दबाव कम हो सकता है। इससे डॉलर कमजोर पड़ सकता है और सोने को सपोर्ट मिल सकता है।
2. 4 दिसंबर: अमेरिका के रोजगार आंकड़ों पर रहेगी नजर
दूसरी अहम तारीख 4 दिसंबर है। इस दिन अमेरिका के नवंबर महीने के रोजगार आंकड़े (US November Jobs Data) जारी होंगे। इन आंकड़ों से पता चलेगा कि अमेरिकी लेबर मार्केट की स्थिति कैसी है और वहां कितनी नौकरियां पैदा हो रही हैं। अगर अमेरिका में रोजगार के आंकड़े मजबूत आते हैं तो यह संकेत होगा कि वहां की अर्थव्यवस्था अभी भी मजबूत बनी हुई है। इससे फेडरल रिजर्व के पास ब्याज दरें ऊंची रखने की गुंजाइश बढ़ सकती है। ऊंची ब्याज दरें आमतौर पर सोने के लिए अच्छी नहीं मानी जातीं, क्योंकि सोने पर निवेशकों को ब्याज नहीं मिलता।
वहीं, अगर रोजगार के आंकड़े कमजोर आते हैं तो ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बढ़ सकती है। इससे डॉलर और बॉन्ड यील्ड पर दबाव आ सकता है, जिसका फायदा सोने को मिल सकता है।
3. 9 दिसंबर: फेडरल रिजर्व का ब्याज दरों पर फैसला
तीसरी और सबसे अहम तारीख 9 दिसंबर है। इस दिन अमेरिका का केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व अपनी मौद्रिक नीति का ऐलान (FOMC Policy Decision) करेगा। निवेशक सिर्फ ब्याज दरों में होने वाले बदलाव पर ही नहीं, बल्कि फेड चेयरमैन की आगे की नीतियों से जुड़ी टिप्पणियों पर भी नजर रखेंगे।
अगर फेड ब्याज दरों में कटौती का संकेत देता है तो सोने की कीमतों को मजबूती मिल सकती है। इसकी वजह यह है कि ब्याज दरें घटने पर निवेशकों के लिए सोने में निवेश करना तुलनात्मक रूप से आकर्षक हो जाता है।
लेकिन अगर फेड महंगाई को देखते हुए ब्याज दरें बढ़ाने या लंबे समय तक ऊंची रखने का संकेत देता है तो सोने में फिर से बिकवाली देखने को मिल सकती है। ऐसे में 9 दिसंबर का फैसला गोल्ड मार्केट के लिए काफी अहम रहने वाला है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।