Gold ETF News: सस्ता सोना, बंपर निवेश! त्योहारी सीजन में गोल्ड ETF की ओर दौड़े निवेशक
Gold ETF News: सोने की कीमतों में हालिया गिरावट के बावजूद निवेशकों का रुझान गोल्ड ईटीएफ की ओर बढ़ा है, जिससे अक्टूबर में एयूएम 1.91 लाख करोड़ रुपये हो गया।

गोल्ड ईटीएफ में निवेश बढ़ा।
HighLights
गोल्ड ईटीएफ में निवेश बढ़ा।
अक्टूबर में गोल्ड ईटीएफ का AUM 1.91 लाख करोड़ रुपये पहुंचा।
त्योहारी मांग और केंद्रीय बैंकों की खरीदारी से कीमतों में सुधार की उम्मीद।
एजेंसी, नई दिल्ली। Gold ETF News: सोने की कीमतों में हालिया गिरावट के बीच निवेशकों का रुझान गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (Gold ETF) की ओर बढ़ा है। आंकड़ों के अनुसार, गोल्ड ईटीएफ योजनाओं के प्रबंधन के तहत कुल परिसंपत्तियां (AUM) अप्रैल के 1.58 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर अक्टूबर में 1.91 लाख करोड़ रुपये हो गईं।
पिछले छह महीनों में सोने की कीमतों में करीब 12 प्रतिशत की गिरावट आई है। हालांकि, आने वाले महीनों में कीमतों में सुधार की उम्मीद से कीमती धातु में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है।
सोने की कीमत 29 मई को 1,62,900 रुपये प्रति 10 ग्राम से घटकर 31 अक्टूबर को 1.42 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। इस तरह इसमें 20,900 रुपये यानी 12.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को सोना 1,46,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले सत्र के बंद भाव से 4,800 रुपये अधिक है।
क्या बोले एक्सपर्ट?
ब्रिकवर्क रेटिंग्स के शोध प्रमुख राजीव शरण ने कहा, "केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी और पश्चिम एशिया में तनाव के बीच भारत में त्योहारी खरीदारी के तौर-तरीकों में संरचनात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। कुल खर्च मजबूत बना हुआ है, लेकिन खरीदार सोने के आभूषणों के बजाय गोल्ड ईटीएफ की ओर रुख कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि जारी त्योहारी और शादी-ब्याह के सीजन से भी सोने की मांग को समर्थन मिलने की उम्मीद है। विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) ने अपनी ताजा तिमाही रिपोर्ट में कहा है कि केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी अगले 12 महीनों में सोने की कीमतों को और समर्थन दे सकती है। पिछले 12 माह में सोने पर आधारित एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) ने 30 प्रतिशत से अधिक का लाभ दिया है।
किस गोल्ड ETF ने कितना रिटर्न दिया?
आंकड़ों के अनुसार, निप्पॉन इंडिया गोल्ड ईटीएफ बीईईएस और आईसीआईसीआई गोल्ड ईटीएफ ने 30.7-30.7 प्रतिशत का रिटर्न दिया, जबकि इन्वेस्को गोल्ड ईटीएफ का रिटर्न 30.6 प्रतिशत रहा। गोल्ड ईटीएफ ओपन-एंडेड म्यूचुअल फंड योजनाएं हैं, जो शेयर बाजारों में सूचीबद्ध होती हैं और घरेलू बाजार में भौतिक सोने की कीमत को दर्शाती हैं। इसमें एक यूनिट 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले एक ग्राम भौतिक सोने के बराबर होती है।
भौतिक सोने के मुकाबले ईटीएफ में निवेश करने पर आभूषण बनाने का शुल्क नहीं देना पड़ता, जो आभूषणों की कीमत में करीब 15 प्रतिशत तक की वृद्धि कर सकता है। इसके अलावा, इसमें सोने की चोरी और बैंक लॉकर के किराये की चिंता भी नहीं रहती, क्योंकि इसकी यूनिट डीमैट खाते में रखी जाती हैं।
निवेशक बाजार के कारोबारी समय के दौरान एनएसई और बीएसई पर लाइव कीमतों के आधार पर ईटीएफ यूनिट खरीद और बेच सकते हैं। भौतिक सोना बेचते समय लगने वाली कटौती और शुद्धता की जांच के शुल्क से भी बचा जा सकता है। गोल्ड ईटीएफ के जरिये निवेशक छोटी रकम से भी सोने में निवेश कर सकते हैं। इसमें व्यवस्थित निवेश योजना (SIP) का विकल्प भी उपलब्ध है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।