Gold Silver Price: सोना हुआ महंगा, तो चांदी 5000 रुपये हुई सस्ती; चेक करें क्या है ताजा भाव
Gold Silver Price: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने की कीमत 800 रुपये बढ़कर 1,63,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, ...और पढ़ें

सोना-चांदी का ताजा भाव (Gold Silver Price)
HighLights
दिल्ली में सोना 800 रुपये महंगा होकर 1.63 लाख पार।
चांदी की कीमत में 5000 रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज।
अमेरिका-ईरान वार्ता की उम्मीदों से सोने को मिला उछाल।
भाषा, नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: अमेरिका-ईरान बातचीत में कामयाबी के संकेतों से महंगाई के दबाव की चिंता कम होने के कारण मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 800 रुपये बढ़कर 1.63 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं। चांदी की कीमतों में 5 हजार रुपये तक की गिरावट देखी गई।
स्थानीय सर्राफा बाजार के जानकारों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार के बंद स्तर 1,62,800 रुपये प्रति 10 ग्राम से 800 रुपये बढ़कर 1,63,600 रुपये (Gold Price Today) प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) हो गई।
हालांकि, कमजोर औद्योगिक मांग और वैश्विक बाजार में सुस्त रुख के कारण चांदी की कीमतें 5000 रुपये घटकर 2,71,000 रुपये (Silver Price Today) प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गईं।
सोने और चांदी की कीमतों को लेकर क्या बोले एक्सपर्ट?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, "अमेरिका-ईरान के बीच फिर से बातचीत की उम्मीद बढ़ने से मंगलवार को सोने की कीमतों में उछाल आया, जिससे लंबे समय से ऊर्जा संचालित महंगाई दबाव को लेकर कुछ चिंताएं कम हुईं।"
उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के यह कहने के बाद कारोबारी धारणा बेहतर हुई कि उन्होंने ईरान पर सैन्य हमले की योजना रोक दी है, जिससे यह संकेत मिलता है कि इस मामले का एक राजनयिक समाधान अभी भी हो सकता है। भू-राजनीतिक तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी कमी आई, जिससे हाल की तेज गिरावट के बाद बहुमूल्य धातुओं को समर्थन मिला।
गांधी ने कहा, "इसके अलावा, पिछले शुक्रवार की बड़ी बिकवाली के बाद सटोरियालिवाली और सौदों की कमी को पूरा करने के लिए की गई लिवाली (शॉर्ट कवरिंग) ने बहुमूल्य धातुओं में हालिया सुधार में मदद की है।"
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्या है सोने-चांदी का हाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 0.47 प्रतिशत टूटकर 4,544.78 डॉलर प्रति औंस (Gold On International Market) पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 2.01 प्रतिशत टूटकर 76.12 डॉलर प्रति (Silver On International Market) औंस रह गई।
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि हाजिर सोने की कीमतें लगभग 4,540 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही हैं, क्योंकि कच्चे तेल की कीमतें थोड़ी कम होने के बावजूद ऊंची बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि निवेशकअब ब्याज दर चक्र और सर्राफा की कीमतों पर इसके असर के बारे में और संकेतों के लिए अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के ब्योरे का इंतजार कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि वैश्विक ब्याज दर, कच्चे तेल की कीमतों और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर अनिश्चितता के बीच अल्पावधि में सर्राफा की कीमतों में उतार-चढ़ाव रह सकता हैं।
