Gold Coin: धनतेरस पर खरीद रहे हैं सोने-चांदी के सिक्के? ऑर्डर करने से पहले जरूर चेक करें ये 5 बातें
धनतेरस पर Blinkit, Zepto जैसे प्लेटफॉर्म से सोना-चांदी के सिक्के खरीदने से पहले शुद्धता, वजन और बिल जैसी 5 जरूरी ...और पढ़ें

धनतेरस पर खरीद रहे हैं सोने-चांदी के सिक्के?
HighLights
ऑनलाइन सोने-चांदी की शुद्धता, वजन और हॉलमार्क जांचें।
खरीदने से पहले पूरा बिल और रिटर्न पॉलिसी पढ़ें।
डिलीवरी पर जानकारी मिलाएं, रिकॉर्ड संभालकर रखें।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: धनतेरस पर सोना-चांदी (gold silver) खरीदना शुभ माना जाता है। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग सोने और चांदी के सिक्के खरीदते हैं। पहले जहां लोग ज्वेलरी शॉप या बुलियन मार्केट जाकर खरीदारी करते थे, वहीं अब Blinkit, Zepto और Swiggy Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ने यह खरीदारी भी आसान बना दी है। अब घर बैठे कुछ ही मिनटों में सोने-चांदी के सिक्के ऑर्डर किए जा सकते हैं।
लेकिन ऑनलाइन खरीदारी की इस सुविधा के बीच कुछ सावधानियां बरतना भी जरूरी है। खासकर जब बात सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं की हो, तो सिर्फ कीमत और डिलीवरी की रफ्तार देखकर खरीदारी नहीं करनी चाहिए। सिक्के की शुद्धता, वजन, हॉलमार्क और बिल जैसी चीजों की जांच करना बेहद जरूरी है।
ऑनलाइन सोना-चांदी खरीदने से पहले चेक करें ये 5 बातें
1. सोने-चांदी की शुद्धता जरूर जांचें
सोने का सिक्का खरीदते (gold coing buying) समय देखें कि वह 24 कैरेट का है या नहीं। उसकी शुद्धता 999 या 995 फाइननेस में दी गई है या नहीं, यह जरूर चेक करें। 999 का मतलब 99.9% और 995 का मतलब 99.5% शुद्धता है। साथ ही निर्माता या रिफाइनरी की ओर से दिया गया सर्टिफिकेट भी देखें। चांदी के सिक्के में भी 999 जैसी फाइननेस की जानकारी जरूर जांचें।
2. सिक्के का वजन देखकर ही करें ऑर्डर
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सोने-चांदी के सिक्के अलग-अलग वजन में मिलते हैं। कोई सिक्का 0.5 ग्राम का है, कोई 1 ग्राम, 2 ग्राम या 5 ग्राम का। ऐसे में सिर्फ फोटो देखकर ऑर्डर न करें। प्रोडक्ट की पूरी डिटेल पढ़ें और देखें कि उसमें असली सोने या चांदी का वजन कितना है। पैकेजिंग समेत कुल वजन को धातु का वजन न समझें।
3. सिर्फ कीमत नहीं, पूरा बिल देखें
सोने-चांदी की कीमत बाजार के भाव, वजन, शुद्धता और मेकिंग या मिंटिंग चार्ज के आधार पर अलग-अलग हो सकती है। इसलिए Blinkit, Zepto और Instamart पर अलग-अलग प्रोडक्ट की कीमत की तुलना करें। चेकआउट के समय GST और डिलीवरी चार्ज समेत कुल कितनी रकम देनी होगी, यह जरूर देखें। बिल में प्रोडक्ट का नाम, वजन, विक्रेता और टैक्स की जानकारी स्पष्ट होनी चाहिए।
4. रिटर्न और रिफंड पॉलिसी पढ़ना न भूलें
कीमती धातुओं की ऑनलाइन खरीदारी में यह सबसे जरूरी बातों में से एक है। ऑर्डर करने से पहले देखें कि प्लेटफॉर्म पर सोने-चांदी के सिक्कों की वापसी या रिप्लेसमेंट की क्या शर्तें हैं। कई बार ऐसे प्रोडक्ट पर सामान्य रिटर्न की सुविधा नहीं होती। हालांकि, अगर सामान नकली, खराब या दिखाई गई जानकारी से अलग निकलता है, तो उपभोक्ता ई-कॉमर्स नियमों के तहत शिकायत और रिफंड का दावा कर सकते हैं। इसलिए डिलीवरी से पहले और बाद की सभी शर्तें पढ़ें।
5. बिल और खरीदारी का रिकॉर्ड संभालकर रखें
ऑनलाइन सिक्का खरीदने के बाद डिजिटल इनवॉइस, ऑर्डर कन्फर्मेशन और पेमेंट की रसीद जरूर सेव करें। डिलीवरी मिलने पर पैकेजिंग और सिक्के की जानकारी को ऐप पर दी गई डिटेल से मिलाएं। अगर वजन, शुद्धता या प्रोडक्ट की जानकारी में कोई अंतर मिलता है, तो उसकी फोटो लेकर तुरंत प्लेटफॉर्म पर शिकायत दर्ज करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।