सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीनी आयातकों के लिए बड़ा मौका! 2.15 लाख टन से ज्यादा TRQ कोटा फिर खुला विंडो; कौन कर सकता है आवेदन?

Published: Thu, 19 Nov 2026 01:22 PM (IST)

विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने चीनी मिलों और रिफाइनरों के लिए 2.15 लाख टन से अधिक कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त ...और पढ़ें

चीनी आयात के बचे कोटे के लिए खुली नई विंडो

चीनी आयात के बचे कोटे के लिए खुली नई विंडो

HighLights

  1. DGFT ने कच्ची चीनी आयात के लिए आवेदन विंडो खोली।

  2. 2.15 लाख टन से अधिक शुल्क-मुक्त कोटा उपलब्ध कराया गया।

  3. चीनी मिलें और रिफाइनर 27 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। देश में चीनी की सप्लाई बनाए रखने और कीमतों को नियत्रंण में रखने के लिए ड्यूटी फ्री इंपोर्ट की अनुमति दी थी। विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने चीनी मिलों और रिफाइनरों को कच्ची चीनी (Raw sugar) के आयात के लिए आवेदन करने का एक और मौका दिया है। इसके लिए 27 नवंबर 2026 तक एकमुश्त आवेदन विंडो खोली गई है। इसके तहत टैरिफ रेट कोटा (TRQ) योजना के अंतर्गत आवंटित नहीं हो पाई और सरेंडर की गई कुल 2,15,043.859 टन कच्ची चीनी के आयात का कोटा नए सिरे से आवंटित किया जाएगा।

DGFT के मुताबिक, 20 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना संख्या 31/2026-2027 के तहत कुल 10 लाख टन कच्ची चीनी के आयात की अनुमति दी गई थी। इसमें से अब तक 8,12,450 टन का आवंटन किया जा चुका है। यह आवंटन पब्लिक नोटिस संख्या 27/2026-2027 और उसके बाद जारी आवंटन प्रक्रियाओं के तहत किया गया था।

बचे कोटे के लिए खुली नई विंडो

बता दें कि आवंटित मात्रा में से 27,493.859 टन चीनी संबंधित आवंटियों ने वापस कर दी है। इसके अलावा 1,87,550 टन चीनी का अब तक आवंटन नहीं हुआ था। इस तरह कुल 2,15,043.859 टन कच्ची चीनी का कोटा दोबारा आवंटन के लिए उपलब्ध है।

इससे पहले DGFT ने 19 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना संख्या 45/2026-27 के जरिए TRQ योजना के तहत चीनी आयात की समयसीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दी थी। इसी विस्तार और उपलब्ध बचे हुए कोटे को देखते हुए आवेदन के लिए नई विंडो खोली गई है।

कौन कर सकता है आवेदन?

DGFT के नोटिस के मुताबिक, इस आयात कोटे के लिए केवल वे चीनी मिलें और रिफाइनर आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास आयातित कच्ची चीनी को सफेद या रिफाइंड चीनी में बदलने की अपनी प्रसंस्करण क्षमता है। इच्छुक इकाइयों को DGFT की वेबसाइट पर इंपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम के TRQ सेक्शन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

DGFT ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की पात्रता, जरूरी दस्तावेज और अन्य प्रक्रियाओं से जुड़ी पहले की शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ये शर्तें पब्लिक नोटिस संख्या 27/2026-2027 और 24 अगस्त 2026 को जारी उसके संशोधन के अनुसार ही लागू रहेंगी।

ये भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चीनी उत्पादन की चिंता, चीन में बढ़ गया प्रोडक्शन! भारत-ब्राजील में कमी के बीच कहां खेल गया चाइना?

यह नोटिस विदेश व्यापार महानिदेशक और भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव लव अग्रवाल की ओर से जारी किया गया है। DGFT ने यह भी कहा है कि विदेश व्यापार नीति और लागू कानूनों के तहत जरूरत पड़ने पर नोटिस के किसी भी प्रावधान में बदलाव, संशोधन, छूट या उसे वापस लेने का अधिकार उसके पास सुरक्षित रहेगा।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।