सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चीनी उत्पादन की चिंता, चीन में बढ़ गया प्रोडक्शन! भारत-ब्राजील में कमी के बीच कहां खेल गया चाइना?

Published: Wed, 18 Nov 2026 12:22 PM (IST)

दुनिया के सबसे बड़े चीनी उत्पादक देशों ब्राजील और भारत में उत्पादन घटने के बावजूद, चीन में चीनी का उत्पादन ...और पढ़ें

चीन में बढ़ा चीनी प्रोडक्शन

चीन में बढ़ा चीनी प्रोडक्शन

HighLights

  1. ब्राजील, भारत में चीनी उत्पादन घटा, भारत ने किया आयात।

  2. चीन में चीनी उत्पादन बढ़ा, आयात में भारी कमी आई।

  3. वैश्विक चीनी उत्पादन 5% घटने का अनुमान, चीन का स्टॉक बढ़ा।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| दुनिया के सबसे बड़े चीनी उत्पादक ब्राजील और भारत में प्रोडक्शन घटा है। लगभग 1 दशक के बाद भारत को चीनी का आयात करना पड़ा है। लेकिन इसके उलट चीन में चीनी का उत्पादन घरेलू खपत की तुलना में तेजी से बढ़ रहा है। इससे दुनिया के सबसे बड़े चीनी आयातक देश की विदेशों से चीनी खरीदने की जरूरत लगातार कम हो रही है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) की मंगलवार को जारी वैश्विक चीनी बाजार रिपोर्ट के मुताबिक, चीन का चीनी आयात 2026-27 सीजन में घटकर 36 लाख टन रह सकता है। यह पिछले 10 साल का सबसे निचला स्तर होगा। 2025-26 सीजन में चीन का चीनी आयात 42 लाख टन रहने का अनुमान है।

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में 2020-21 सीजन से 2025-26 सीजन के बीच चीनी उत्पादन 20% से अधिक बढ़कर 1.29 करोड़ टन हो गया है। उत्पादन में इस बढ़ोतरी में गुआंग्शी और युन्नान प्रांतों में गन्ने की पैदावार का बड़ा योगदान रहा है। इन दोनों प्रांतों ने उत्पादन में कुल बढ़ोतरी का करीब 75% हिस्सा दिया है।

खपत की रफ्तार धीमी होने से बढ़ रहा स्टॉक

चीन में चीनी उत्पादन बढ़ने के साथ घरेलू खपत की वृद्धि दर धीमी हुई है। USDA के मुताबिक, उपभोक्ताओं की बदलती पसंद और चीनी के इस्तेमाल को लेकर बढ़ती जागरूकता इसकी प्रमुख वजहों में शामिल हैं। चीन में पहले से ही दूसरे देशों की तुलना में मिठास वाले उत्पादों की खपत कम रही है। अब उपभोक्ताओं के बदलते रुझान से मांग की वृद्धि और धीमी हो रही है।

इसका असर चीन के चीनी भंडार पर भी दिख रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, 2025-26 सीजन के अंत तक चीन का चीनी स्टॉक करीब दोगुना बढ़कर 32 लाख टन होने का अनुमान है। वहीं, 2026-27 सीजन में इसके बढ़कर 45 लाख टन तक पहुंचने की संभावना है।

वैश्विक चीनी उत्पादन में 5 प्रतिशत गिरावट का अनुमान

USDA ने 2026-27 सीजन में वैश्विक चीनी उत्पादन करीब 5 प्रतिशत घटकर 17.81 करोड़ टन रहने का अनुमान लगाया है। भारत, यूरोपीय संघ, फिलीपींस और ऑस्ट्रेलिया में उत्पादन कम रहने से ग्लोबल सप्लाई प्रभावित हो सकती है। हालांकि, चीन और रूस में उत्पादन बढ़ने से इस गिरावट का कुछ असर कम होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक चीनी खपत लगभग स्थिर रहकर 17.64 करोड़ टन रहने का अनुमान है। वहीं, वैश्विक चीनी निर्यात 5 प्रतिशत घटकर 6.15 करोड़ टन रह सकता है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार पर चीन का असर

चीन लंबे समय से दुनिया का सबसे बड़ा चीनी आयातक रहा है। वह ब्राजील और थाईलैंड जैसे प्रमुख निर्यातक देशों से बड़ी मात्रा में चीनी खरीदता रहा है। चीन की आयात मांग में कमी अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमतों पर दबाव डालने वाले प्रमुख कारणों में रही है। हालांकि, हाल के दिनों में अल नीनो के कारण भारत, ब्राजील और यूरोप के कुछ हिस्सों में उत्पादन प्रभावित होने की आशंका से अंतरराष्ट्रीय कीमतों का रुख बदला है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।