सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौन हैं वर्धमान जैन, तिरुपति बालाजी मंदिर में दान किया ₹160 करोड़ का 121 किलो सोना, कहां से आए इतने पैसे?

Published: Thu, 26 Nov 2026 06:26 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 26 Nov 2026 06:33 PM (GMT+05:30)

चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन ने तिरुपति बालाजी मंदिर को ₹160 करोड़ के 121 किलो सोने के आभूषण दान किए हैं। इन आभूषणों में मुकुट सहित 45 तरह के गहने शामिल हैं, जिन्हें आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री की मौजूदगी में सौंपा गया।

चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन ने तिरुपति मंदिर में दिया 121 किलो सोना

चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन ने तिरुपति मंदिर में दिया 121 किलो सोना

HighLights

  1. वर्धमान जैन ने तिरुपति बालाजी को 121 किलो सोना दान किया।

  2. दान किए गए सोने की कीमत लगभग ₹160 करोड़ है।

  3. इसमें मुकुट सहित 45 प्रकार के आभूषण शामिल हैं।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| आंध्र प्रदेश के तिरुमाला स्थित भगवान वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर को चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन ने 121 किलो सोने के आभूषण दान किए हैं। इनकी कीमत करीब ₹160 करोड़ बताई गई है। गुरुवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में इन आभूषणों को मंदिर को सौंपा गया। दान किए गए सोने से भगवान के लिए मुकुट और चरणों के आभूषण समेत कई तरह के गहने तैयार किए गए हैं।

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, भगवान वेंकटेश्वर के लिए दान किए गए आभूषणों में मुकुट (Crown) और पद्म पादालु यानी भगवान के चरणों के लिए विशेष आभूषण शामिल हैं। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि भगवान को कुल 45 तरह के आभूषण अर्पित किए गए हैं।

कौन हैं वर्धमान जैन?

वर्धमान जैन चेन्नई के उद्योगपति हैं। वह हेल्थकेयर रेवेन्यू साइकिल मैनेजमेंट सेक्टर की कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर (Access Healthcare) के संस्थापक और वाइस चेयरमैन हैं। इसके अलावा वह एशिया इंजीनियरिंग के डायरेक्टर भी हैं।

जैन ने कारोबार के साथ सामाजिक कार्यों में भी योगदान दिया है। वह कांची कामकोटि चिल्ड्स ट्रस्ट हॉस्पिटल के मैनेजिंग ट्रस्टी हैं। यह संस्थान जरूरतमंद बच्चों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए काम करता है। वर्धमान जैन इससे पहले Vara Future LLP के चेयरमैन भी रह चुके हैं। उन्होंने विजन हेल्थसोर्स (Vision HealthSource) की सह-स्थापना की थी। इसके अलावा वह डेल सर्विसेज के BPO डिवीजन में मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर काम कर चुके हैं। उन्होंने चेन्नई के लोयोला कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद अमेरिका के टेक्सास से मास्टर डिग्री हासिल की।

कंपनी में हिस्सेदारी बेचने के बाद किया था ₹200 करोड़

अधिकांश लोग उनके बारे में जानने के बाद इतनी बड़ी भेंट को लेकर अचंभित हैं, और इतनी बड़ी रकम को लेकर भी चर्चा तेज है। रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक साल 2025 में वर्धमान जैन उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने एक्सेस हेल्थकेयर में अपनी 70% हिस्सेदारी अमेरिका की एक कंपनी को करीब दो अरब डॉलर में बेच दी थी। इस सौदे के बाद उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर को ₹200 करोड़ से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण दान करने की योजना की घोषणा की थी।

45 तरह के आभूषणों से सजेगी भगवान की प्रतिमा

मंदिर को दिए गए 121 किलो सोने से कुल 45 तरह के आभूषण तैयार किए गए हैं। इनमें मुकुट, बाजूबंद, कंधों के आभूषण, कमरबंद और चरणों के गहने शामिल हैं। इन आभूषणों को भगवान वेंकटेश्वर को सिर से पैर तक सजाने के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। मंदिर में इनका इस्तेमाल रोजाना होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों (कैंकर्यम) और विशेष श्रृंगार के दौरान किया जाएगा।

TTD ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि भगवान श्री वेंकटेश्वर के लिए एक भक्त की ओर से 121 किलो सोने के 45 तरह के विशेष आभूषण अर्पित किए गए हैं। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में इन आभूषणों को भगवान को समर्पित किया गया।

ये भी पढ़ें: सरकारी भंडारण में जरूरत से 4 गुना अधिक चावल फिर भी क्यों बिक रहा महंगा? पोल्ट्री, एथनॉल और एक्सपोर्ट पर हलचल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।