दीवाली से पहले अब इस रूट पर भी दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर, कितना होगा किराया?
Vande Bharat sleeper: 1 नवंबर 2026 से मुंबई और बेंगलुरु के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की तैयारी ...और पढ़ें

दीवाली से पहले अब इस रूट पर भी दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर
HighLights
1 नवंबर 2026 से मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर शुरू होगी।
लंबी दूरी की रात की यात्रा के लिए आरामदायक विकल्प।
अनुमानित किराया ₹2,684 से ₹4,250 तक हो सकता है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। 1 नवंबर 2026 से वंदे भारत स्लीपर (Vande bharat sleeper) ट्रेन को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके शुरू होने से दो बड़े आर्थिक केंद्रों के बीच लंबी दूरी का रात का सफर आधुनिक सुविधाओं के साथ करने का विकल्प मिल सकता है। वंदे भारत स्लीपर को मुंबई और बेंगलुरु के बीच शुरू किया जा रहा है।
रात के सफर को मिलेगी नई रफ्तार
मुंबई और बेंगलुरु (Mumbai Bengaluru vande bharat sleeper)देश के प्रमुख आर्थिक और कारोबारी केंद्र हैं। दोनों शहरों के बीच नौकरी, कारोबार, आईटी सेक्टर और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के सिलसिले में बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। ऐसे में इस रूट पर आधुनिक स्लीपर ट्रेन की शुरुआत लंबी दूरी की रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम हो सकती है।
वंदे भारत स्लीपर को लंबी दूरी की यात्राओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें यात्रियों को बैठकर सफर करने के बजाय सोने की सुविधा के साथ यात्रा करने का विकल्प मिलेगा। इससे रात में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को अधिक आरामदायक अनुभव देने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही आपको बता दें कि भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा (कोलकाता) और गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलाई जा रही है।
रूट, स्टॉपेज और किराये पर रहेगी नजर
इस ट्रेन को लेकर यात्रियों के मन में सबसे बड़े सवाल इसके रूट, बीच के स्टेशनों पर ठहराव, यात्रा में लगने वाले समय और टिकट के किराये (vande bharat ticket price) को लेकर हैं। बता दें कि ट्रेन करीब 1,118 किलोमीटर का सफर लगभग 16 घंटे में पूरा कर सकती है। इसमें 16 कोच और कुल 823 बर्थ होने की संभावना है।
संभावित स्टॉपेज में कल्याण, पुणे, सोलापुर, कलबुर्गी, रायचूर, गुत्ती (गुंतकल) और अनंतपुर शामिल हैं। किराये को लेकर रिपोर्ट्स में एसी 3-टियर के लिए करीब ₹2,684, एसी 2-टियर के लिए ₹3,466 और फर्स्ट एसी के लिए ₹4,250 का अनुमान दिया गया है। हालांकि इस रूट पर चलने वाली इस ट्रेन के किराए को लेकर अभी ऑफिशियल घोषणा नहीं हुई है।
