PLI, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों ने उड़ाई अमेरिका की नींद, अपनी ही रिपोर्ट में US ने कही ये बातें
अमेरिका ने भारत की उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना पर सवाल उठाए हैं, जिसमें कहा गया है कि इससे कंपनियों को बड़े पैमाने पर विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन मिला है, जिससे कई क्षेत्रों में उत्पादन क्षमता जरूरत से अधिक बढ़ गई है।

अमेरिका ने भारत की PLI योजना पर सवाल उठाए।
HighLights
अमेरिका ने भारत की PLI योजना पर सवाल उठाए।
अतिरिक्त उत्पादन क्षमता और व्यापार असंतुलन पर चिंता जताई।
मोबाइल विनिर्माण में PLI की सफलता को स्वीकार किया।
एजेंसी, नई दिल्ली। अमेरिका ने भारत की उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इससे कंपनियों को बड़े पैमाने पर विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन मिला है, जिससे कई क्षेत्रों में उत्पादन क्षमता जरूरत से अधिक बढ़ने की स्थिति पैदा हो गई है।
अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि (USTR) की 25 नवंबर को जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की 'मेक इन इंडिया', PLI और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे कार्यक्रम विनिर्माण उत्पादन और निर्यात को बढ़ावा देकर विभिन्न क्षेत्रों में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता पैदा करने में योगदान दे रही हैं।
अमेरिका में धारा 301 के तहत की गई जांच पर आधारित रिपोर्ट कहती है कि भारत सरकार ने 2020 में शुरू पीएलआई योजना के तहत पात्र कंपनियों को उनकी अतिरिक्त बिक्री के आधार पर वित्तीय प्रोत्साहन देना शुरू किया। शुरुआती दौर में तीन क्षेत्रों के लिए लाई गई इस योजना के दायरे में बाद में इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, वाहन और खाद्य प्रसंस्करण सहित 14 क्षेत्रों को लाया गया।
USTR की रिपोर्ट में क्या-क्या?
यूएसटीआर ने कहा, "उत्पादन क्षमता और अतिरिक्त कारोबार से सीधे जुड़े प्रोत्साहन निवेशकों को बड़े पैमाने पर विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हैं। रिपोर्ट ने विशेष रूप से इस्पात, सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) क्षेत्रों का उल्लेख किया है।"
हालांकि, रिपोर्ट ने पीएलआई योजना के तहत कुछ क्षेत्रों में हुई प्रगति को भी स्वीकार किया। इसके मुताबिक, बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के मामले में भारत मोबाइल फोन का आयातक होने की जगह अब शुद्ध निर्यातक बन गया है।
देश में मोबाइल फोन का उत्पादन 2014-15 के 5.8 करोड़ इकाई से बढ़कर 2023-24 में 33 करोड़ इकाई हो गया, जबकि इसी अवधि में आयात 21 करोड़ इकाई से घटकर 30 लाख इकाई रह गया। रिपोर्ट के अनुसार, दूरसंचार और नेटवर्किंग उत्पादों के आयात में भी 60 प्रतिशत की कमी आई है। वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों ने भारत में विनिर्माण इकाइयां स्थापित की हैं और देश 4जी तथा 5जी दूरसंचार उपकरणों का निर्यातक बनकर उभरा है। इसके अलावा औषधि क्षेत्र में हुए लाभ का भी उल्लेख किया गया है।
व्यापार घाटे पर जताई चिंता
यूएसटीआर ने भारत के साथ अमेरिका के बढ़ते व्यापार अधिशेष पर भी चिंता जताई है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का अमेरिका के साथ व्यापार अधिशेष 2023 में 42.50 अरब डॉलर से बढ़कर 2024 में 45.20 अरब डॉलर और 2025 में 57.30 अरब डॉलर हो गया। इसके विपरीत, भारत का कुल वैश्विक व्यापार घाटा 2025 में बढ़कर 30,900 करोड़ डॉलर हो गया, जबकि 2023 में य़ह 24,100 करोड़ डॉलर था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के विनिर्माण क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल और अन्य मध्यवर्ती उत्पादों के आयात में चीन जैसे गैर-बाजार अर्थव्यवस्थाओं की हिस्सेदारी बढ़ी है। ऐसे देशों में सरकार या केंद्रीय प्राधिकरण उत्पादन, संसाधनों के आवंटन और कीमतों पर काफी हद तक नियंत्रण रखता है। यूएसटीआर के मुताबिक, 2017 से 2025 के बीच ऐसी अर्थव्यवस्थाओं से भारत का मध्यवर्ती उत्पादों का आयात 91 अरब डॉलर यानी 152 प्रतिशत बढ़ा।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि सस्ते आयातित कच्चे माल से भारत में बने उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता कृत्रिम रूप से बढ़ती है, जिससे अमेरिकी विनिर्माताओं के लिए प्रतिस्पर्धा कर पाना मुश्किल हो जाता है। यूएसटीआर ने यह भी कहा कि भारत की नीतियां निर्यात आधारित वृद्धि को बढ़ावा देती हैं, जबकि घरेलू मांग और खपत को उसी अनुपात में प्रोत्साहित नहीं करतीं।
रिपोर्ट में श्रम अधिकारों, सामूहिक सौदेबाजी और मजदूरी की स्थितियों पर भी सवाल उठाए गए हैं। इसके अनुसार, कम श्रम लागत से विनिर्माण क्षेत्रों में उत्पादन क्षमता और प्रतिस्पर्धा प्रभावित हो सकती है। यूएसटीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की इन नीतियों से अमेरिकी विनिर्माण, निर्यात, रोजगार और श्रमिकों की मजदूरी पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।