TVS इंडस्ट्रियल फैमिली विवाद में बेटी लक्ष्मी का कड़ा कदम! पिता को भेजा संपत्ति बंटवारे का नोटिस
लक्ष्मी वेणु ने अपने पिता वेणु श्रीनिवासन से संयुक्त पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे की औपचारिक मांग की है, जिससे TVS ...और पढ़ें

टीवीएस फैमिली विवाद में नया मोड़
HighLights
लक्ष्मी वेणु ने पिता वेणु श्रीनिवासन से संपत्ति बंटवारे की मांग की।
हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम के तहत अपने बराबर के हिस्से का दावा किया।
यह विवाद TVS समूह के स्वामित्व और नियंत्रण को प्रभावित कर सकता है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| दुनियाभर के औद्योगिक घरानों में पारिवारिक विवाद बहुत ही आम बात है। इन दिनों टीवीएस घराने में सबकुछ ठीक नहीं है। TVS इंडस्ट्रियल फैमिली की सदस्य लक्ष्मी वेणु ने अपने पिता वेणु श्रीनिवासन की संयुक्त पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे की औपचारिक मांग की है। उन्होंने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम के तहत इसमें अपना बराबर का हिस्सा मांगा है। उनके इस कदम से परिवार के भीतर उत्तराधिकार को लेकर विवाद और गहरा हो गया है। इसका असर भारत के सबसे प्रसिद्ध वाहन समूहों (Vehicle Groups) में से एक के प्रमुख व्यवसायों के स्वामित्व और नियंत्रण पर पड़ सकता है।
हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम के तहत नोटिस
लक्ष्मी वेणु ने अपने पिता को बंटवारे का नोटिस भेजा है। इसमें लक्ष्मी ने वेणु श्रीनिवासन से परिवार के मुखिया के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और निष्पक्ष तथा कानूनी बंटवारा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनकी मां मल्लिका श्रीनिवासन ने लक्ष्मी के दावे का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया है, जिससे परिवार की संपत्ति के बंटवारे को लेकर दरार खुलकर सामने आ गई है।
लक्ष्मी का कहना है कि 2005 में संशोधित ‘हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956’ के तहत उन्हें संपत्ति में समान हिस्सेदारी का अधिकार है और वह स्वतंत्र रूप से बंटवारे की मांग कर सकती हैं। उन्होंने अधिनियम की धारा-6 का हवाला दिया है, जो पुत्रियों को हिंदू संयुक्त परिवार की योग्य संपत्ति में पुत्र के समान उत्तराधिकारी के रूप में मान्यता देती है।
पहले ही हो चुका है आर्थिक बंटवारा
इस विवाद के केंद्र में मुख्य सवाल यह है कि क्या व्यापक TVS समूह के 2020 के बंटवारे और उसके बाद मार्च, 2024 में वेणु श्रीनिवासन परिवार के चार सदस्यों द्वारा हस्ताक्षरित अलग सहमति ज्ञापन (MoU) ने तात्कालिक परिवार के आर्थिक हितों का निपटारा भी कर दिया था। वेणु श्रीनिवासन और उनके बेटे सुदर्शन वेणु का कहना है कि समझौता हो चुका है, जबकि मल्लिका और लक्ष्मी का तर्क है कि परिवार की संपत्तियों का कोई व्यापक आर्थिक बंटवारा पूरा नहीं हुआ है। ये चारों टीवीएस समूह के संस्थापक टी वी सुंदरम अयंगर की तीसरी और चौथी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं।