सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

EU ने भारत सहित 5 देशों के स्टील पर लगाया एंटी-डंपिंग शुल्क! 23.2 अरब यूरो के यूरोपीय स्टील बाजार ने क्यों लिया फैसला?

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:01 PM (IST)

यूरोपीय संघ (EU) ने भारत सहित पांच देशों से आयात होने वाले कोल्ड रोल्ड फ्लैट स्टील पर एंटी-डंपिंग शुल्क लगाया ...और पढ़ें

ईयू ने भारतीय स्टील पर लगाया एंटी डंपिंग शुल्क

ईयू ने भारतीय स्टील पर लगाया एंटी डंपिंग शुल्क

HighLights

  1. EU ने भारत सहित 5 देशों पर एंटी-डंपिंग शुल्क लगाया।

  2. भारत पर 9.5% शुल्क, जापान पर सर्वाधिक 27.9% लागू।

  3. विशेष बाजार परिस्थितियों के कारण घरेलू उद्योग प्रभावित हुआ।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। यूरोपीय संघ (EU) ने भारत समेत पांच देशों से आयात होने वाले कोल्ड रोल्ड फ्लैट स्टील पर एंटी-डंपिंग शुल्क लगा दिया। इन देशों से आने वाले स्टील पर 3% से लेकर 27.9% तक शुल्क लगाया गया है। यूरोपीय आयोग की जांच में पाया गया कि संबंधित देशों के उत्पाद यूरोपीय बाजार में सामान्य मूल्य से कम कीमत पर बेचे जा रहे थे, जिससे घरेलू स्टील उद्योग प्रभावित हो रहा था। इस फैसले के तहत भारत से आयात होने वाले कोल्ड रोल्ड फ्लैट स्टील पर 9.5 प्रतिशत एंटी-डंपिंग शुल्क लगाया गया है। जापान पर सबसे अधिक 27.9 फीसदी शुल्क लगाया गया है। वहीं, ताइवान पर 20.7 से 27 फीसदी, तुर्किये पर 3 से 7.8 फीसदी और वियतनाम पर 16 फीसदी शुल्क लागू किया गया है।

यूरोपीय आयोग ने कहा कि यह जांच कई मायनों में महत्वपूर्ण है, क्योंकि पहली बार उसने जांच के दायरे में शामिल कुछ देशों में 'विशेष बाजार परिस्थितियों' (Particular Market Situations) की मौजूदगी स्थापित की है। आयोग के मुताबिक, इस निष्कर्ष का भविष्य में यूरोपीय संघ के व्यापार सुरक्षा उपायों पर व्यापक असर पड़ सकता है।

भारत और ताइवान में पाई गई विशेष बाजार परिस्थितियां

यूरोपीय आयोग ने भारत और ताइवान में विशेष बाजार परिस्थितियों की पहचान की है। आयोग का कहना है कि इन दोनों देशों की घरेलू बाजार स्थितियों ने स्टील की कीमतों को प्रभावित किया, जिससे यूरोपीय संघ में डंपिंग का आकलन करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली कीमतों पर असर पड़ा। भारत के मामले में आयोग ने पाया कि सरकारी नीतियों और उपायों का घरेलू लौह अयस्क की कीमतों पर प्रभाव पड़ा है। लौह अयस्क कोल्ड रोल्ड फ्लैट स्टील के उत्पादन में इस्तेमाल होने वाला प्रमुख कच्चा माल है।

वहीं, ताइवान के मामले में आयोग ने चीन में स्टील की अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को जिम्मेदार ठहराया। आयोग के अनुसार, चीन से कोल्ड रोल्ड फ्लैट स्टील के बढ़ते आयात के कारण ताइवान के घरेलू बाजार में कीमतों पर दबाव पड़ा और वहां के स्टील उत्पादकों की लाभप्रदता कमजोर हुई।

यूरोपीय संघ के एंटी-डंपिंग नियमों के तहत, यदि बाजार की परिस्थितियां घरेलू और निर्यात कीमतों के बीच उचित तुलना की अनुमति नहीं देती हैं, तो आयोग घरेलू बिक्री कीमतों के बजाय उत्पाद का सामान्य मूल्य (Normal Value) खुद निर्धारित कर सकता है। आयोग ने कहा कि जांच में आवश्यक सुधार के उपाय किए गए और यूरोपीय बाजार में डंपिंग की पूरी स्थिति सामने आई।

23.2 अरब यूरो का है यूरोपीय स्टील बाजार

कोल्ड रोल्ड फ्लैट स्टील का इस्तेमाल मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के कई इंडस्ट्रियल कामों में किया जाता है। यूरोपीय संघ में इस उत्पाद का बाजार करीब 23.2 अरब यूरो का है। इसका घरेलू उत्पादन 12 सदस्य देशों में फैला हुआ है और इस उद्योग में 8,600 से अधिक लोग कार्यरत हैं।

ये भी पढ़ें: खाड़ी देशों में तनाव और अल नीनो के बाद भी चावल बाजार में भारत का दबदबा! 6.81 अरब डॉलर का एक्सपोर्ट, पाकिस्तान से मिल रही टक्कर

यूरोपीय आयोग के अनुसार, इन 5 देशों से यूरोपीय संघ में कुल 1.072 अरब यूरो मूल्य का कोल्ड रोल्ड फ्लैट स्टील आयात किया गया। इसमें ताइवान की हिस्सेदारी सबसे अधिक 345 मिलियन यूरो रही। भारत से 282 मिलियन यूरो, तुर्किये से 240 मिलियन यूरो, जापान से 180 मिलियन यूरो और वियतनाम से 125 मिलियन यूरो मूल्य का आयात हुआ। यूरोपीय संघ का कहना है कि इन शुल्कों का उद्देश्य अनुचित व्यापारिक गतिविधियों से अपने घरेलू स्टील उद्योग को सुरक्षा देना और बाजार में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।