सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रंप का एक और कड़ा प्रहार: आधी रात से कनाडाई शराब, डेयरी और मोटरसाइकिलों की अमेरिका में 'नो-एंट्री'

Published: Tue, 29 Sep 2026 02:10 PM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कनाडा के कुछ उत्पादों जैसे शराब, डेयरी और मोटरसाइकिलों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है, ...और पढ़ें

ट्रंप प्रशासन ने कनाडा के कुछ उत्पादों को किया बैन (AI Image)

ट्रंप प्रशासन ने कनाडा के कुछ उत्पादों को किया बैन (AI Image)

HighLights

  1. ट्रंप प्रशासन ने कनाडाई शराब, डेयरी, मोटरसाइकिलों के आयात पर प्रतिबंध लगाया।

  2. यह कदम अमेरिका-कनाडा के बीच व्यापारिक विवाद को और गहराता है।

  3. बढ़ते तनाव से USMCA व्यापार समझौते का भविष्य अनिश्चित।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक और सख्त फैसला सामने आया है। ट्रंप प्रशासन ने मंगलवार तड़के से कनाडा के कुछ उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रतिबंधित वस्तुओं में शराब, डेयरी उत्पाद, मोटरसाइकिल और कुछ अन्य सामान शामिल हैं।

यह कदम अमेरिका और कनाडा के बीच चल रहे तीखे व्यापारिक विवाद का नया अध्याय माना जा रहा है। हालांकि इन प्रतिबंधों का असर अमेरिका को होने वाले कनाडा के कुल निर्यात के बहुत छोटे हिस्से पर पड़ेगा, लेकिन यह दोनों देशों के रिश्तों में बढ़ती दूरी का संकेत माना जा रहा है।

अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा विभाग (CBP) ने सोमवार को जारी एक नोटिस में कहा कि कनाडा से आने वाले व्हे प्रोटीन, शीरा (Molasses), गैर-मादक बीयर, वाइन, वर्माउथ और कई तरह की शराब को मंगलवार से बिना किसी शर्त के प्रवेश से मना कर दिया जाएगा।

पहले ही लग चुका है 50% टैरिफ

यह प्रतिबंध ऐसे समय लगाया गया है जब पिछले महीने ट्रंप प्रशासन ने कनाडा से आने वाले लगभग 5 फीसदी उत्पादों पर 50 प्रतिशत आयात शुल्क (Tariff) लगाया था। इसके जवाब में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिकी वस्तुओं पर "डॉलर के बदले डॉलर" की नीति के तहत जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की थी।

अर्थव्यवस्था पर कैसा रहेगा असर?

कैपिटल इकोनॉमिक्स के मुख्य उत्तरी अमेरिका अर्थशास्त्री स्टीफन ब्राउन का हवाला देते हुए मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि यह आयात प्रतिबंध अमेरिका को होने वाले कनाडा के कुल निर्यात का केवल 0.25 प्रतिशत हिस्सा कवर करता है, इसलिए दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं पर इसका सीधा प्रभाव सीमित रहने की संभावना है।

हालांकि उन्होंने कहा कि यह कदम इस बात पर सवाल खड़ा करता है कि क्या दोनों देश अपने व्यापारिक विवाद को सुलझाकर आगे बढ़ पाएंगे और अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा समझौते (USMCA) पर नई बातचीत को सफलतापूर्वक पूरा कर पाएंगे।

USMCA समझौता संकट में

अमेरिका और मेक्सिको इस व्यापार समझौते को लेकर कई दौर की बातचीत कर चुके हैं और इस साल समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन कनाडा और अमेरिका के बीच बातचीत काफी पीछे चल रही है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के कारण USMCA समझौता अनिश्चितता में फंस गया है और इसके पूरी तरह टूटने का जोखिम भी बढ़ गया है।

कई उद्योग प्रभावित

अमेरिका की ओर से उठाए गए इस कदम के बाद कई समस्याएं देखने को मिल सकती हैं। फिलहाल इस व्यापारिक तनाव का असर उन उद्योगों पर भी देखने को मिल रहा है जो दोनों देशों के बीच गहराई से जुड़े आर्थिक संबंधों पर निर्भर हैं। इनमें रेस्तरां, पेपर मिल, एल्युमीनियम स्मेल्टर और ऑटोमोबाइल पार्ट्स सप्लाई करने वाले उद्योग शामिल हैं।

अमेरिका के लिए कितना महत्वपूर्ण है कनाडा?

कनाडा, मेक्सिको के बाद अमेरिका का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। साथ ही यह अमेरिका को कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस और बिजली सहित ऊर्जा उत्पादों की सबसे बड़ी आपूर्ति करने वाले देशों में शामिल है।

ये भी पढ़ें: भारत ने ढूंढा अरहर का नया सप्लायर देश, 30000 टन दाल पहुंचेगी भारत! कैसी रहेगी कीमतें?

साल 2025 में कनाडा के कुल निर्यात का 72 प्रतिशत हिस्सा अमेरिका को गया था, जबकि कनाडा के कुल आयात का लगभग आधा हिस्सा अमेरिका से आया था। यही वजह है कि दोनों देशों के बीच बढ़ता व्यापारिक तनाव उत्तर अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।