बिश्नोई गैंग के निशाने पर आए टाइगर कहां-कहां से करते हैं कमाई? क्रीम-कपड़े बेचकर बनाई 248 करोड़ की दौलत
Tiger Shroff Net worth: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कमाई सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है; वे कई ब्रांड्स के ...और पढ़ें

टाइगर श्रॉफ कहां-कहां से करते हैं कमाई? (ai photo)
HighLights
टाइगर श्रॉफ एक फिल्म के लिए 25-30 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं।
उनका PROWL ब्रांड फिटनेस और लाइफस्टाइल उत्पादों में है।
MMA Matrix और Matrix Fight Night से भी कमाई करते हैं।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: मुंबई में फायरिंग की घटना के बाद बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) एक बार फिर चर्चा में हैं। 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में उनकी गाड़ी के पास गोलीबारी की घटना सामने आई थी। टाइगर श्रॉफ ऊर्फ जय हेमंत श्रॉफ (Jai Hemant Shroff) बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर हैं जिन्हें ना सिर्फ फिल्मों से बल्कि उनके डांस, मार्शल आर्ट्स के लिए भी जाना जाता है। सबसे खास बात यह है कि फिल्मों में एक्शन और डांस के लिए पहचाने जाने वाले टाइगर ने अपनी कमाई के लिए सिर्फ बॉलीवुड पर निर्भर रहने के बजाय फिटनेस, लाइफस्टाइल और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में भी कदम रखा है।
ऐसे में आइए जानते हैं एक्टर की कमाई किन-किन बिजनेस से होती है और एक फिल्म का कितना चा्र्ज करते हैं।
एक फिल्म के लिए लेते हैं ₹25-30 करोड़
टाइगर श्रॉफ ने साल 2014 में फिल्म ‘हीरोपंती’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद ‘बागी’ फ्रेंचाइजी, ‘वॉर’, ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2’ और ‘सिंघम अगेन’ जैसी फिल्मों में नजर आए। एक्शन, मार्शल आर्ट्स और डांस उनकी पहचान का अहम हिस्सा रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, टाइगर एक फिल्म के लिए करीब 25 से 30 करोड़ रुपये की फीस लेते हैं। यह रकम फिल्म के प्रोजेक्ट और शूटिंग शेड्यूल के हिसाब से बदल सकती है। इसके अलावा ब्रांड एंडोर्समेंट भी उनकी कमाई का एक बड़ा जरिया है। मीडिया अनुमानों के मुताबिक, वह एक विज्ञापन अभियान के लिए करीब 3 करोड़ रुपये तक लेते हैं।
2018 में शुरू किया PROWL ब्रांड
टाइगर ने अपनी फिटनेस और एक्टिव लाइफस्टाइल की छवि को बिजनेस में बदलने के लिए साल 2018 में PROWL ब्रांड लॉन्च किया (Tiger shroff business) था। इसकी शुरुआत एक्टिववियर यानी एक्सरसाइज और सक्रिय जीवनशैली के लिए कपड़े और एक्सेसरीज बेचने के उद्देश्य से हुई थी।
इस ब्रांड को टाइगर और Mojostar ने मिलकर तैयार किया था। Mojostar, Kwan Entertainment और Dream Theatre का जॉइंट वेंचर था। ब्रांड का फोकस ऐसे युवा ग्राहकों पर था, जिन्हें आरामदायक कपड़ों के साथ स्टाइल भी चाहिए।
बाद में PROWL का दायरा फुटवियर और फिटनेस एक्सेसरीज तक बढ़ा। हालिया रिपोर्ट्स में ब्रांड के तहत पुरुषों की ग्रूमिंग और स्किनकेयर उत्पादों का भी जिक्र है। इनमें फेसवॉश, मॉइस्चराइजर, सनस्क्रीन और रोल-ऑन जैसे उत्पाद शामिल हैं। इस तरह टाइगर ने अपनी फिटनेस और पर्सनल केयर से जुड़ी पहचान को एक कारोबारी अवसर के रूप में इस्तेमाल किया है।
जिम से लेकर मार्शल आर्ट्स तक कारोबार
टाइगर का कारोबारी दायरा सिर्फ कपड़ों तक सीमित नहीं है। वह MMA Matrix से भी जुड़े हैं, जो मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स और फिटनेस ट्रेनिंग से संबंधित जिम कारोबार है। इस वेंचर में उनकी मां आयशा श्रॉफ और बहन कृष्णा श्रॉफ की भी भूमिका बताई गई है।
यहां सामान्य जिम ट्रेनिंग के अलावा किकबॉक्सिंग, मुए थाई और जिउ-जित्सु जैसी मार्शल आर्ट्स ट्रेनिंग पर भी ध्यान दिया जाता है। आयशा श्रॉफ ने पहले एक बातचीत में बताया था कि इस फ्रेंचाइजी के देशभर में 16 जिम चल रहे थे।
इसके अलावा टाइगर और उनका परिवार Matrix Fight Night (MFN) से भी जुड़े हैं। यह एक प्रोफेशनल फाइट प्रमोशन प्लेटफॉर्म है, जो भारत और विदेशों में मार्शल आर्ट्स से जुड़े मुकाबले आयोजित करता है। इस कारोबार के जरिए फिटनेस को ट्रेनिंग सेंटर से आगे बढ़ाकर खेल और मनोरंजन के क्षेत्र से जोड़ने की कोशिश की गई है। इसके साथ ही बता दें कि एक्टर "Tiger Shroff Films" नाम का प्रोडक्शन हाउस भी ओन करते हैं।
स्टार्टअप्स में भी लगाया पैसा
सिर्फ अपने बिजनेस ही नहीं बल्कि टाइगर श्रॉफ ने कुछ स्टार्टअप में भी निवेश किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह Subko Coffee, Revenant Esports, Chargeup और Freadom जैसे वेंचर्स में निवेश से जुड़े रहे हैं। इनमें कॉफी कारोबार, ई-स्पोर्ट्स, इलेक्ट्रिक वाहन बैटरी टेक्नोलॉजी और शिक्षा से जुड़े क्षेत्र शामिल हैं।
मुंबई से पुणे तक करोड़ों की प्रॉपर्टी
टाइगर की संपत्ति में रियल एस्टेट भी अहम हिस्सा रखता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके घर की अनुमानित कीमत करीब 22.5 करोड़ रुपये है। बताया जाता है कि यह करीब 2,500 वर्ग फुट में फैला है और इसमें निजी जिम, होम थिएटर और टेरेस जैसी सुविधाएं हैं।
इसके अलावा मार्च 2024 में टाइगर ने पुणे के हडपसर स्थित Yoo Pune प्रोजेक्ट में करीब 4,248 वर्ग फुट की प्रॉपर्टी 7.5 करोड़ रुपये में खरीदी थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस प्रॉपर्टी को लगभग 3.5 लाख रुपये प्रति माह के किराए पर दिया गया था। ये लिस्ट यहीं खत्म नहीं होती। मुंबई के खार वेस्ट इलाके में उनका एक अपार्टमेंट करीब 15.6 करोड़ रुपये में बेचे जाने की भी रिपोर्ट आई थी। इसके बाद बड़े आठ बेडरूम वाले अपार्टमेंट में शिफ्ट होने की बात सामने आई।
फिल्मों से आगे कमाई के कई रास्ते
टाइगर श्रॉफ की आर्थिक तस्वीर दिखाती है कि सेलिब्रिटी की कमाई सिर्फ फिल्मों की फीस तक सीमित नहीं रहती। विज्ञापन, अपना ब्रांड, फिटनेस सेंटर, फाइट इवेंट्स और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्र कमाई के अलग-अलग रास्ते बन सकते हैं। करीब 248 करोड़ रुपये (Tiger shroff net worth) की अनुमानित नेटवर्थ का आंकड़ा इसी विविध कमाई और संपत्तियों के आधार पर चर्चा में है।
एक्टर पर हुए हमले को लेकर पुलिस के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ इस घटना में सुरक्षित बच गए, लेकिन उन्हें मामूली चोट आई है। इस घटना में उनका ड्राइवर भी घायल हुआ है। घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोग ने सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी ली है।
