यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 14, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
स्पाइसजेट का ऑफर, एक रुपये में हवाई सफर
विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने मंगलवार को एक तरफ के हवाई सफर के लिए बेहद लुभावनी स्कीम पेश की। इसमें टैक्स ...और पढ़ें

नई दिल्ली। विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने मंगलवार को एक तरफ के हवाई सफर के लिए बेहद लुभावनी स्कीम पेश की। इसमें टैक्स और फीस को छोड़कर टिकट का मूल्य महज एक रुपये रखा गया है। सीमित अवधि के इस ऑफर के तहत एक लाख टिकट उपलब्ध होंगे। यात्री 15 जुलाई से अगले साल 31 मार्च के बीच इन पर सफर कर सकेंगे। तीन दिन के इस ऑफर के अंतर्गत बुधवार से बुकिंग शुरू होगी। फिलहाल ऑफर के साथ कुछ शर्तें जुड़ी हुई हैं।
यह ऑफर राउंड ट्रिप टिकटों की खरीद पर ही लागू होगा, जिसमें दूसरे चरण की यात्रा के लिए नियमित किराया लगेगा। सेल ऑफर 'रेड हॉट स्पाइसी' के तहत टिकटों की खरीद सिर्फ स्पाइसजेट के नए मोबाइल ऐप से हो सकेगी। किसी अन्य माध्यम से टिकट नहीं लिए जा सकेंगे। यह पेशकश चुनिंदा घरेलू फ्लाइटों में उपलब्ध होगी। एक मोबाइल हैंडसेट से केवल दो राउंड ट्रिप टिकट ही खरीदे जा सकते हैं। ऑफर के तहत खरीदे गए टिकट नॉन-रीफंडेबल और नॉन-चेंजेबल होंगे। बीते साल भी एयरलाइन ने एक रुपये के बेस फेयर पर टिकटों की खरीद का ऑफर दिया था।