सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरकारी बैंक 2 अक्टूबर से शुरू करेंगे 'बैंकिंग फॉर यूथ' अभियान, वित्त मंत्री ने बैंकों को दिए निर्देश

By Jagran BusinessEdited By: Gyanendra Tiwari
Published: Tue, 18 Aug 2026 10:12 PM (IST)

सार्वजनिक बैंक 2 अक्टूबर से 'बैंकिंग फॉर यूथ' अभियान चलाएंगे, जिसमें युवाओं को बैंकिंग सुविधाएँ और जानकारी दी जाएगी। वित्त ...और पढ़ें

युवाओं को बैंकिंग से जोड़ने के लिए 2 अक्टूबर से अभियान।

युवाओं को बैंकिंग से जोड़ने के लिए 2 अक्टूबर से अभियान।

HighLights

  1. युवाओं को बैंकिंग से जोड़ने के लिए 2 अक्टूबर से अभियान।

  2. सरकारी बैंक बनाएंगे युवा कियोस्क और बैंकिंग मित्र।

  3. वित्त मंत्री ने कृषि और प्रोसेस्ड फूड ऋण बढ़ाने को कहा।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। युवा आबादी को बैंकिंग सेक्टर से जोड़ने के लिए आगामी दो अक्टूबर से बैंकिंग फार यूथ अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान एक माह या इससे अधिक अवधि का हो सकता है। सभी सरकारी बैंक युवाओं को बैंकिंग सुविधा व बैंकिंग जानकारी देने के लिए युवा कियोस्क व युवा बैंकिंग मित्र बनाएंगे। यूपीआई भुगतान व विभिन्न बैंकिंग सेवा के इस्तेमाल पर बैंक युवाओं को योग व फिटनेस सेंटर जैसी जगहों के कूपन व वाउचर भी देंगे जहां वे डिस्काउंट का लाभ उठा सके।

युवाओं के साथ करियर से लेकर कैंपस तक जुड़ने के लिए सभी सरकारी बैंक पोर्टल बनाएंगे जहां युवा बैंक से जुड़ी तमाम जानकारी ले सकेंगे। इस पोर्टल पर युवा यह भी जान सकेंगे कि उनका सबसे नजदीक बैंक ब्रांच कौन सा है जहां जाकर वे बिना किसी शुल्क वाले बेसिक सेविंग बैंक डिपोजिट एकाउंट खुलवा सकेंगे।

सरकारी बैंक व सरकारी वित्तीय संस्थाओं को वित्त मंत्री ने दिए निर्देश

ये सारे निर्देश वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को सभी सरकारी बैंक व सरकारी वित्तीय संस्थाओं को दिए। बैंक कान्फ्लुएंस के समापन मौके पर अपने संबोधन में वित्त मंत्री ने बैंकों से साफ कहा कि देश की युवा आबादी से जुड़ने के लिए एक फोकस अभियान की जरूरत है। देश की कुल आबादी में 29 प्रतिशत हिस्सेदारी 15 से 29 वर्ष की आयु वालों की है।

वित्त मंत्री ने सरकारी बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों के संबोधन में यह भी कहा कि युवा सरकारी बैंक की तुलना में प्राइवेट बैंक की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं। उन्हें इस पर भी विचार करना चाहिए। बैंकों को युवाओं की चाहत के हिसाब से बैंकिंग को आसान व चौबीस घंटे उपलब्ध वाला बनाना होगा। युवाओं को क्रेडिट स्कोर व अच्छे क्रेडिट स्कोर रखने के लाभ भी बताने होंगे।

उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी सरकारी बैंक को युवाओं का पसंदीदा बैंक बनने के हिसाब से खुद को ढालना होगा जहां युवा खाता खुलवाने से लेकर अपना होम लोन, कारोबार लोन या फिर उस बैंक में धन जमा करने आए।

कृषि सेक्टर के लोन में इजाफा करने की सलाह

सीतारमण ने बैंकों को कृषि सेक्टर खासकर प्रोसेस्ड फूड इंडस्ट्री को दिए जाने वाले लोन की मात्रा भी बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि प्राथमिक सेक्टर को दिए जाने वाले लोन को और बढ़ाने की जरूरत है। बैंक सिर्फ लोन देकर अपनी ड्यूटी पूरी करने की जगह खास सेक्टर के कृषि को बढ़ावा देने व एक लक्ष्य के साथ लोन देने का काम करना चाहिए। छोटे व गरीब किसान पर उनका विशेष ध्यान होना चाहिए। ताकि वे अपनी उत्पादकता बढ़ा सके और नई प्रकार की फसल उगा सके। बैंकों को पर्यावरण अनुकूल खेती के लिए भी लोन की मात्रा बढ़ाना चाहिए।

यह भी पढ़ें- PM Kisan Yojana 24th Installment Date: आने वाला है रक्षाबंधन का त्यौहार, अब खत्म होगा 24वीं किस्त का इंतजार?