सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुर्गी पालकों को मिलेगी फीड की महंगाई से राहत? पोल्ट्री इंडस्ट्री ने FCI से मांगे 50 लाख टन एक्स्ट्रा चावल, बफर स्टॉक भी होगा मैनेज

By Ricky ThaparEdited By: Nayan Tiwari
Published: Fri, 13 Nov 2026 06:49 PM (IST)Updated: Fri, 13 Nov 2026 07:14 PM (IST)

भारतीय पोल्ट्री उद्योग ने बढ़ती लागत के कारण अंडे और चिकन की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार से ...और पढ़ें

पोल्ट्री उद्योग ने सरकार से मांगे 50 लाख टन एक्स्ट्रा चावल

पोल्ट्री उद्योग ने सरकार से मांगे 50 लाख टन एक्स्ट्रा चावल

HighLights

  1. पोल्ट्री उद्योग पशु आहार लागत बढ़ने से परेशान।

  2. FCI से 50 लाख टन चावल की मांग की।

  3. अंडे-चिकन के दाम घटाने, स्टॉक प्रबंधन का लक्ष्य।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत का पोल्ट्री सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है। अंडे और चिकन की घरेलू मांग के साथ ही एक्सपोर्ट में भी तेजी देखने को मिली है। लेकिन पिछले कुछ महीनों से लागत बढ़ने से अंडे और चिकन के दाम में भी दबाव बना हुआ है। पोल्ट्री सेक्टर का कहना है कि मक्का और सोयाबीन की कीमतें बढ़ने से फीड महंगा हुआ है, साथ ही इसकी इंडस्ट्रियल मांग बढ़ने से आपूर्ति की भी चिंता बनी है।

देश में पोल्ट्री उद्योग ने बढ़ती पशु आहार लागत से राहत पाने के लिए सरकार से भारतीय खाद्य निगम (FCI) के अतिरिक्त चावल भंडार में से करीब 50 लाख टन टूटे चावल और अन्य खाद्यान्न आवंटित करने की मांग की है। पोल्ट्री संगठनों ने पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय और FCI के अधिकारियों से इस संबंध में सब्सिडी वाली दरों पर चावल उपलब्ध कराने के लिए व्यावहारिक नीति बनाने की अपील की है।

FCI के बफर स्टॉक में 8.438 मिलियन टन खाद्यान्न

पोल्ट्री संगठनों के मुताबिक, FCI के पास निर्धारित बफर स्टॉक मानकों से काफी अधिक खाद्यान्न मौजूद है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 तक FCI के पास करीब 8.438 मिलियन टन खाद्यान्न था। इसमें 3.810 मिलियन टन चावल और 4.628 मिलियन टन गेहूं शामिल है। इसके मुकाबले इस अवधि के लिए निर्धारित बफर स्टॉक का मानक 3.077 मिलियन टन था। इसके अलावा मिलों से करीब 1.9 मिलियन टन चावल मिलना भी बाकी था। नई धान खरीद शुरू होने के साथ ही अतिरिक्त भंडार के कारण भंडारण व्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है।

अंडे और चिकन की कीमतों में दिख रहा असर

पोल्ट्री उद्योग का कहना है कि उत्पादन लागत का करीब 65 से 70% हिस्सा पशु आहार पर खर्च होता है। मक्का और अन्य खाद्य सामग्री की ऊंची कीमतों से मुर्गी पालन की लागत बढ़ रही है। इसका सीधा असर पोल्ट्री फार्मर्स की कमाई और बाजार में अंडे-चिकन की कीमतों पर पड़ता है।

ये भी पढ़ें: Business Idea: छोटे शहरों में ये 3 बिजनेस तेजी से कर रहे ग्रो, ₹2 लाख के खर्च से शुरू करें दुकान और हर महीने ₹50000 की कमाई!

संगठनों ने कहा कि सरकार पिछले कई वर्षों से एफसीआई के टूटे चावल और अन्य पात्र चावल भंडार का इस्तेमाल एथनॉल उत्पादन के लिए कर रही है। साल 2025-26 के एथनॉल सप्लाई ईयर में कुल 1,050 करोड़ लीटर आवंटित एथनॉल में से 761 करोड़ लीटर अनाज आधारित स्रोतों से और 289 करोड़ लीटर चीनी आधारित स्रोतों से आया। अनाज आधारित एथनॉल में 478 करोड़ लीटर मक्के और 283 करोड़ लीटर चावल से आवंटित किया गया। इस दौरान FCI के भंडार से 50 लाख टन से अधिक चावल एथनॉल उत्पादन के लिए आवंटित किए जाने की खबरें भी आईं।

पोल्ट्री संगठनों ने सरकार से की एक्स्ट्रा खाद्यन्न की मांग

पोल्ट्री संगठनों का मानना है कि अतिरिक्त चावल का इस्तेमाल पशु आहार के लिए करने से किसानों को सस्ता विकल्प मिलेगा। साथ ही FCI के अतिरिक्त भंडार का बेहतर उपयोग हो सकेगा और सरकारी भंडारण व्यवस्था पर दबाव कम होगा। इससे पोल्ट्री क्षेत्र, ग्रामीण रोजगार और देश में अंडे तथा चिकन की उपलब्धता को भी मजबूती मिल सकती है। उनका कहना है कि खाद्य सुरक्षा के साथ पशु आहार की उपलब्धता को भी नीति का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, क्योंकि सस्ता पशु आहार ही किफायती पशु प्रोटीन की उपलब्धता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।

लेखक - रिकी थापर, ज्वाइंट सेकेट्री, पोल्ट्री फेडरेशन ऑफ इंडिया 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।