सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 13, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

टूटी सस्ते की उम्मीद, पेट्रोल फिर हुआ महंगा

By Edited By:
Published: Fri, 13 Sep 2013 08:43 PM (IST)Updated: Mon, 30 Mar 2015 06:40 PM (IST)

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। पिछले एक हफ्ते में रुपये की मजबूती और कच्चे तेल [क्रूड] की कीमत में गिरावट के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। पिछले एक हफ्ते में रुपये की मजबूती और कच्चे तेल [क्रूड] की कीमत में गिरावट के बावजूद तेल कंपनियों ने आम जनता पर महंगे पेट्रोल का बोझ डाल दिया है। सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार को आधी रात से पेट्रोल की खुदरा कीमत में 1.63 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि कर दी है। कर वगैरह के साथ आम जनता को पेट्रोल के लिए अब अमूमन दो रुपये प्रति लीटर ज्यादा देना पड़ेगा। वैसे, तेल कंपनियों ने यह आश्वासन दिया है कि रुपये में हाल के दिनों की मजबूती के मद्देनजर वे अगले पखवाड़े पेट्रोल में राहत दे सकती हैं।

पढ़ें: ऐसे भराएंगे पेट्रोल तो बचेंगे पैसे..

ताजा वृद्धि के बाद दिल्ली में वैट सहित पेट्रोल 1.96 रुपये बढ़कर 76.06 रुपये हो जाएगा। जून, 2013 के बाद से अब तक पेट्रोल को सात बार महंगा किया जा चुका है। इस दौरान तेल कंपनियां 10.80 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि पेट्रोल में कर चुकी हैं। टैक्स वगैरह जोड़कर दिल्ली में पेट्रोल 13 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा महंगा हो चुका है।

तेल कंपनियों ने बताया है कि 13 सितंबर, 2013 को समाप्त पखवाड़े में कच्चा तेल 114 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 117 डॉलर हो गया। डॉलर के मुकाबले रुपया भी 63.88 के स्तर से कमजोर होकर 66.02 तक चला गया था। इस बोझ को वहन करने के लिए ही उन्हें पेट्रोल को महंगा करना पड़ा है।

सरकारी तेल कंपनियों के मुताबिक उन्हें डीजल पर इस समय 14.50 रुपये और केरोसिन पर 36.83 रुपये प्रति लीटर का घाटा हो रहा है। रसोई गैस पर भी 470.50 रुपये प्रति सिलेंडर का नुकसान उठाना पड़ रहा है। घाटे पर इन उत्पादों को बेचने की वजह से तेल कंपनियों को 1,52,000 करोड़ रुपये का घाटा इस वर्ष होने के आसार हैं। इसके एक बड़े हिस्से की भरपायी केंद्र सरकार को अपने खजाने से करनी होगी।

पेट्रोल के बाद तेल कंपनियां अगले हफ्ते डीजल व रसोई गैस को भी महंगा करने जा रही है। डीजल में तीन से पांच रुपये और रसोई गैस में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की संभावना है। केरोसिन की कीमत में भी कुछ इजाफा होने की उम्मीद है।

शहर , मौजूदा दाम , नए दाम , वृद्धि

दिल्ली , 74.10 , 76.06 , 1.96

कोलकाता , 81.57, 83.62, 2.05

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।