सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Petrol Diesel Price: ज्यादातर शहरों में ₹100 के पार पहुंचा पेट्रोल-डीजल, इस शहर में सबसे महंगा; 15 राज्यों की लिस्ट

Published: Mon, 25 May 2026 04:46 PM (IST)

Petrol Price Hike Today: देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति ...और पढ़ें

पेट्रोल-डीजल के दाम 11 दिन में चौथी बार बढ़े, जो ज्यादातर शहरों में 100 रुपए के पार पहुंच गए हैं। (फोटो AI जनरेटेट है।)

पेट्रोल-डीजल के दाम 11 दिन में चौथी बार बढ़े, जो ज्यादातर शहरों में 100 रुपए के पार पहुंच गए हैं। (फोटो AI जनरेटेट है।)

HighLights

  1. देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतें 100 रुपये के पार।

  2. 11 दिन में चौथी बार बढ़े दाम, कुल 7.5 रुपये का इजाफा।

  3. महंगाई बढ़ने की आशंका, विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना।

नई दिल्ली| देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों (petrol price hike today) ने एक बार फिर आम आदमी की टेंशन बढ़ा दी है। 11 दिन में लगातार चौथी बार दाम बढ़ने के बाद कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है, जबकि डीजल भी तेजी से 100 रुपए के करीब पहुंच रहा है। तेल कंपनियों ने सोमवार को पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की।

15 मई से अब तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब 7.5 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हो चुका है। इससे ट्रांसपोर्ट, रोजमर्रा के सामान और घरेलू बजट पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में सबसे महंगा है पेट्रोल-डीजल

शहर, राज्य पेट्रोल (₹/L) डीजल (₹/L)
नेल्लोर (आंध्र प्रदेश) 118.14 105.73
पन्ना, उमरिया (मध्य प्रदेश) 116.03 101.15
तिरुअनंतपुरम (केरल) 115.49 104.4
अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण (बिहार) 115.06 101.08
औरंगाबाद (महाराष्ट्र) 115.06 101.04
मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) 114.78 101.04
गंगानगर (राजस्थान) 114.19 99.29
रायचूर, बेल्लारी (कर्नाटक) 112.07 100.04
गांदेरबल (जम्मू-कश्मीर) 110.21 97.79
बस्तर (छत्तीसगढ़) 109.74 103.01
बलरामपुर (यूपी) 109.5 102.75
तामेंगलांग (मणिपुर) 108.68 94.23
बिलासपुर (हिमाचल) 108.71 101.97
गढ़वा (झारखंड) 107.09 102.16
फिरोजपुर (पंजाब) 105.79 95.69

दिल्ली-मुंबई नहीं, कोलकाता में पेट्रोल सबसे महंगा

दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपए से बढ़कर 102.12 रुपए प्रति लीटर (Delhi petrol price) हो गई है। वहीं डीजल 92.49 रुपए से बढ़कर 95.20 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया।

मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपए और डीजल 97.83 रुपए प्रति लीटर बिक (Mumbai petrol price) रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपए और डीजल 99.82 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है। चेन्नई में पेट्रोल 107.77 रुपए और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर हो गया।

तेल की कीमतों में यह उछाल ऐसे समय आया है, जब वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दाम ईरान संघर्ष के कारण तेजी से बढ़े थे। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के बाद फरवरी के आखिर से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 50 फीसदी से ज्यादा महंगा हो गया था।

खासकर होर्मुज स्ट्रेट में शिपिंग प्रभावित होने से सप्लाई पर दबाव बढ़ा। हालांकि अब युद्ध खत्म होने की उम्मीद के बीच ब्रेंट क्रूड में कुछ गिरावट जरूर आई है।

'महंगाई से बचाने के लिए रोके गए थे दाम'


सरकारी तेल कंपनियों ने लंबे समय तक कीमतें नहीं बढ़ाईं। सरकार का कहना था कि आम लोगों को महंगाई से बचाने के लिए दाम रोके गए थे। लेकिन विपक्ष का आरोप है कि राज्य चुनाव खत्म होने तक कीमतों को जानबूझकर नहीं बढ़ाया गया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पेट्रोल-डीजल की नई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही जनता की जेब पर बोझ डालना शुरू कर दिया गया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए 'महंगाई मानव मोदी' शब्द का इस्तेमाल किया।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम किस्तों में बढ़ाए जा रहे हैं ताकि लोगों को एकदम बड़ा झटका महसूस न हो। राहुल गांधी के मुताबिक चुनाव के बाद करीब 8 रुपये तक की बढ़ोतरी की जा चुकी है और आने वाले दिनों में यह सिलसिला जारी रह सकता है।

यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल के बाद अब गैस पर नई टेंशन! MGL ने खत्म की सभी सब्सिडी और सपोर्ट स्कीम; जनता के लिए क्यों है बुरी खबर?

पेट्रोल-डीजल ही नहीं LPG-CNG भी हो चुकी महंगी

इस बीच सिर्फ पेट्रोल-डीजल ही नहीं, घरेलू गैस और CNG भी महंगी हो चुकी है। मई के मध्य से घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी हुई है, जबकि CNG 4 रुपए प्रति किलो महंगी हो चुकी है।

तेल कंपनियों का कहना है कि,

बढ़ोतरी के बावजूद उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी कंपनियां अभी भी पेट्रोल, डीजल और LPG को घाटे में बेच रही हैं। ICRA के मुताबिक मौजूदा हालात में तेल कंपनियों को रोज करीब 700 से 800 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल में लोगों से ईंधन बचाने की अपील की थी। सरकार ने गैरजरूरी यात्रा कम करने, वर्क फ्रॉम होम बढ़ाने और फ्यूल बचत पर जोर दिया है। कई राज्य सरकारों ने भी विभागों को यात्रा घटाने के निर्देश दिए हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतें आने वाले दिनों में महंगाई को और बढ़ा सकती हैं। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से खाने-पीने के सामान, सब्जियां, दूध और रोजमर्रा की चीजों के दाम पर असर पड़ सकता है। यानी पेट्रोल-डीजल का 100 रुपए पार जाना सिर्फ वाहन चलाने वालों की नहीं, हर घर की चिंता बनता जा रहा है।