विजय केडिया ने झोंक रखे हैं ₹30 करोड़, अब कंपनी को मिला ₹1441 करोड़ का बड़ा प्रोजेक्ट; शेयरों ने लगा दी 6% की छलांग!
Patel Engineering Share Price: पटेल इंजीनियरिंग को अरुणाचल प्रदेश में ₹1441 करोड़ का 144 मेगावाट का गोंगरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट मिला है। इस खबर के बाद कंपनी के शेयर 6% उछले, जिसमें विजय केडिया का भी ₹30 करोड़ का निवेश है।
-1795690925805_m.webp)
पटेल इंजीनियरिंग को मिला ₹1441 करोड़ का हाइड्रो प्रोजेक्ट शेयर में उछाल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| विजय केडिया के निवेश वाली इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी पटेल इंजीनियरिंग (Patel Engineering Share Price) के शेयरों में गुरुवार, 26 नवंबर को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। अरुणाचल प्रदेश में एक बड़े हाइड्रो-इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी बनने के बाद, कंपनी का शेयर 6% उछलकर 24.32 रुपए के हाई लेवल पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर दोपहर 3.30 बजे तक यह शेयर 4.70% की बढ़त के साथ 24.08 रुपए पर क्लोज हुआ।
क्या है ₹1441 करोड़ का पूरा प्रोजेक्ट?
पटेल इंजीनियरिंग को अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कामेंग जिले के दिरांग शहर के पास 144 मेगावाट (2 x72 MW) के गोंगरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट का काम मिला है। इस प्रोजेक्ट की कुल कीमत 1,441.04 करोड़ रुपए है। यह एक रन-ऑफ-द-रिवर प्रोजेक्ट है, जिसे कामेंग बेसिन की बिचोम नदी की सहायक नदी गोंगरी पर बनाया जाएगा।
इस प्रोजेक्ट के तहत कंपनी को पानी मोड़ने के लिए चार रेडियल गेट वाला डायवर्जन बैराज, इनटेक स्ट्रक्चर, गाद निकालने के लिए दो डिसिल्टिंग चैंबर, एक सरफेस पावरहाउस, इस्तेमाल किए गए पानी को वापस नदी में छोड़ने के लिए टेल रेस चैनल और एक स्विचयार्ड का निर्माण करना होगा। इसके साथ ही हाइड्रो-मैकेनिकल और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल काम भी इसमें शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- एयरपोर्ट-मेट्रो के बाद L&T को मिला एक और बड़ा ठेका, गुजरात के खावड़ा में लगाएगी 300 MW का बैटरी स्टोरेज प्लांट
48 महीने में पूरा करना होगा काम
यह ऑर्डर दिरांग एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (DEPL) की तरफ से दिया गया है, जिसे 48 महीने के भीतर पूरा किया जाना है। DEPL पटेल इंजीनियरिंग की ही एक स्पेशल पर्पज कंपनी है, जो इस प्रोजेक्ट को 40 साल की लीज अवधि के लिए बिल्ड-ओन-ऑपरेट-ट्रांसफर (BOOT) मॉडल पर विकसित करेगी।
कंपनी के मुताबिक, यह ऑर्डर रिलेटेड-पार्टी ट्रांजैक्शन के तहत आता है और इसे पूरी पारदर्शिता (arm’s length basis) के साथ पूरा किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट से सालाना 623.19 मिलियन यूनिट (MU) बिजली पैदा होने का अनुमान है। प्रोजेक्ट मिलने पर पटेल इंजीनियरिंग की मैनेजिंग डायरेक्टर कविता शिरवैरकर ने कहा,
"गोंगरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट को पूरा करने से हमें अपनी मुख्य इंजीनियरिंग ताकत को एक रणनीतिक संपत्ति में लगाने का मौका मिलेगा। 144 मेगावाट का यह प्रोजेक्ट स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा जोड़ेगा और अरुणाचल प्रदेश के विकास में मदद करेगा। हम इसे सुरक्षित, समय पर और उच्चतम मानकों के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
कंपनी की ऑर्डर बुक और शेयरों का हाल
30 सितंबर, 2026 तक पटेल इंजीनियरिंग की कुल ऑर्डर बुक 13,546 करोड़ रुपए की थी। वहीं, शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो पिछले एक महीने में इसमें 6% से ज्यादा की तेजी आई है। हालांकि इस साल की शुरुआत से अब तक यह 24% और पिछले छह महीनों में 13% नीचे गिरा है। इस शेयर का 52-सप्ताह का हाई लेवल 37.26 रुपए (27 नवंबर, 2025) और निचला स्तर 22 रुपए (23 अक्टूबर, 2026) रहा है। 26 नवंबर, 2026 तक कंपनी का कुल मार्केट कैप 2,376 करोड़ रुपए दर्ज किया गया।
बता दें कि पटेल इंजीनियरिंग में दिग्गज निवेशक विजय केडिया (Vijay Kedia) ने करीब 30 करोड़ का निवेश कर रखा है।
यह भी पढ़ें- विजय केडिया का ₹35 से कम के शेयर में बड़ा दांव, ₹3078 करोड़ की कंपनी में 1.01% हिस्सेदारी; ₹27 करोड़ है कीमत
"शेयर मार्केट से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।