एयरपोर्ट-मेट्रो के बाद L&T को मिला एक और बड़ा ठेका, गुजरात के खावड़ा में लगाएगी 300 MW का बैटरी स्टोरेज प्लांट
l&t renewable energy order: लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को गुजरात के खावड़ा में 300 MW/900 MWh का बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) विकसित करने का बड़ा ठेका मिला है। यह प्लांट अतिरिक्त रिन्यूएबल एनर्जी को स्टोर कर ग्रिड स्थिरता और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।
-1795609198797_m.webp)
एलएंडटी को गुजरात में मिला 300 मेगावाट बैटरी स्टोरेज प्लांट का बड़ा ऑर्डर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| L&T New Order News: देश की दिग्गज इन्फ्रास्ट्रक्चर और इंजीनियरिंग कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को एक और बड़ा ठेका मिला है। कंपनी को रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर से बड़ा प्रोजेक्ट (l&t battery energy storage system) मिला है।
कंपनी ने बुधवार को जानकारी दी कि उसके रिन्यूएबल्स और एलएंडटी इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स एंड सिस्टम्स (LTEPS) बिजनेस ने मिलकर गुजरात के खावड़ा में 300 मेगावाट और 900 मेगावाट-आवर (300 MW/900 MWh) का बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) विकसित करने का ऑर्डर हासिल किया है। इस प्रोजेक्ट की पावर क्षमता 300 MW और एनर्जी स्टोरेज क्षमता 900 MWh होगी, जिससे यह तीन घंटे तक लगातार बिजली की सप्लाई कर सकेगा।
रिन्यूएबल एनर्जी को स्टोर करेगा प्लांट
यह प्लांट उस समय अतिरिक्त रिन्यूएबल एनर्जी को स्टोर करेगा जब बिजली उत्पादन ज्यादा होगा और पीक डिमांड के वक्त इसे सप्लाई करेगा। इससे क्लीन एनर्जी का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा, ग्रिड की स्थिरता बढ़ेगी और भरोसेमंद बिजली सप्लाई सुनिश्चित होगी।
साथ ही, उत्पादन और मांग में होने वाले उतार-चढ़ाव को मैनेज कर भारत के बिजली नेटवर्क में ज्यादा रिन्यूएबल एनर्जी जोड़ना आसान होगा।
इस सिस्टम में लिक्विड-कूलिंग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होगा, जो बेहतर पावर डेंसिटी, ज्यादा सुरक्षा और लंबी उम्र देगी। L&T के मुताबिक, यह ऑर्डर तेजी से बढ़ते एनर्जी स्टोरेज सेक्टर में उसकी मौजूदगी को और मजबूत करेगा।
भारत में L&T के पास हैं कई बड़े सरकारी प्रोजेक्ट्स
गुजरात के इस प्रोजेक्ट के अलावा देश में भी L&T के पास कई बड़े ठेके हैं। कंपनी को हाल ही में नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) से 1,000 से 2,500 करोड़ रुपए का बड़ा ऑर्डर मिला है।इसके तहत एलएंडटी का हेवी सिविल इन्फ्रास्ट्रक्चर वर्टिकल बॉटेनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर-142 और डिपो स्टेशन से बोराकी तक 15.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड वायाडक्ट का डिजाइन व निर्माण करेगा। कंपनी कुल 10 आधुनिक एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन भी बनाएगी।
इसके अलावा, कंपनी को पिछले हफ्ते दो बड़े सरकारी ऑर्डर मिले, जिनमें प्रत्येक की वैल्यू 2,500 करोड़ से 5,000 करोड़ रुपये के बीच है। पहला ऑर्डर केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) से मिला है, जिसके तहत नई दिल्ली में कर्तव्य पथ के पास कॉमन सेंट्रल सचिवालय की बिल्डिंग नंबर 4 और 5 बनाई जाएंगी।
दूसरा ऑर्डर आंध्र प्रदेश सरकार का है। इसमें अमरावती क्वांटम कंप्यूटिंग सेंटर के दोनों ओर दो ऑफिस टावर बनाए जाएंगे। बेसमेंट, ग्राउंड और 47 मंजिलों वाले इन टावरों का कुल बिल्ट-अप एरिया 37.5 लाख वर्ग फीट होगा। शेल और कोर काम वाले इस डिजाइन एंड बिल्ड प्रोजेक्ट को 30 महीने में पूरा करना है।
यह भी पढ़ें- धीरूभाई अंबानी की एक चूक और हाथ से निकल गई L&T, आज है देश की सबसे बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी; दिलचस्प है कहानी
विदेशों में भी बजा L&T का डंका, हाथ में ये मेगा ठेके
घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशी प्रोजेक्ट्स में भी L&T का दबदबा कायम है। कंपनी को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में देश की पहली अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन ('ढाका मेट्रो लाइन 1') बनाने के लिए 5,000 से 10,000 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) द्वारा फंडेड यह आधुनिक ट्रांजिट सिस्टम करीब 31 किलोमीटर लंबा होगा।
वहीं, उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में एक नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने के लिए L&T को 15,000 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। कंपनी को इस अल्ट्रा-मेगा ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट का शुरुआती काम शुरू करने की मंजूरी मिल चुकी है।
इसके अलावा, 5 अक्टूबर को कंपनी ने सऊदी अरब और यूएई से 10,000 से 15,000 करोड़ रुपये के EPC ऑर्डर भी हासिल किए थे, जिनमें ट्रांसमिशन लाइन, सबस्टेशन और केबलिंग का काम शामिल है।
यह भी पढ़ें- L&T को मिला एक और विदेशी ठेका, इस देश में बनाएगी पहली अंडरग्राउंड मेट्रो; भारत के बाहर लगातार चौथा प्रोजेक्ट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।